घर से भटक कर छुलहा पहुंची महिला को प्रशासन ने पहल कर भेजा गृह ग्राम बंधवा 


अनूपपुर ।03 अक्टूबर 2024 जिला मुख्यालय से लगभग 8 किमी पर स्थापित छुलहा रेलवे स्टेशन के सामने श्री तीरथ राठौर के दुकान के पास विगत 4 दिनों से 60 वर्षीय महिला घर से भटक कर आश्रय लिए हुई थी। जिसकी सूचना पर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के दिशा-निर्देशन में महिला बाल विकास की टीम ने महिला का रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय अनूपपुर में संचालित वन स्टॉप सेन्टर लाया। जहां महिला से परामर्श करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उसका नाम शांति पिता मैकू बैगा ग्राम बंधवा जुगवारी जिला शहडोल (म.प्र.) की निवासी है। जिस पर महिला बाल विकास विभाग की टीम द्वारा सूत्रों के माध्यम से शहडोल जिले के उक्त ग्राम बंधवा में सम्पर्क स्थापित किया गया। जहां ज्ञात हुआ कि महिला द्वारा बताई गई जानकारी सत्य है। जिसके उपरांत पुलिस विभाग से समन्वय कर महिला के गृह ग्राम बंधवा जुगवारी जिला शहडोल पहुंचाकर महिला के जेठ के पुत्र भागीरथी एवं अन्य पारिवारिक सदस्यों के सुपुर्द किया गया। महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी  विनोद परस्ते एवं सहायक संचालक श्रीमती मंजूषा शर्मा के मार्गदर्शन में संपूर्ण कार्यवाही में  अशोक कुमार त्रिपाठी विधि सह परिवीक्षा अधिकारी मबावि व श्रीमती हुरून निशा सहा. उप निरीक्षक कोतवाली अनूपपुर, गुड्डू साकेत सुरक्षा कर्मी ओएससी की मुख्य भूमिका रही।


*स्वच्छ भारत दिवस का हुआ आयोजन*


अमरकंटक । स्वच्छता ही सेवा 2024 स्वभाव स्वच्छता ,संस्कार स्वच्छता के अंतर्गत स्वच्छता दिवस के रूप में कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक मध्य प्रदेश में किया गया। कार्यक्रम संयुक्त रूप से राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुल गुरू प्रो. श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी जी, एवं विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय विश्वविद्यालय सिलचर, असम के कुलपति प्रो. आर.एम. पंत, प्रो अवधेश कुमार शुक्ला थे। विश्वविद्यालय के कई प्रतिष्ठित आचार्यगण भी शामिल हुए। विश्वविद्यालय के कुल गुरु ने कहा कि* गांधी जी का सपना था एक स्वच्छ और स्वस्थ भारत बने। उन्होंने सभी का आवाह्न किया कि हम सब मिलकर इस स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी करें और गांधी जी के सपनों को साकार करें। उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता को अपने स्वभाव और संस्कार में लाना है और इसे अपनी जिम्मेदारी समझ कर निरंतर आगे बढ़ाना है। कुल गुरु ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी को भी आज के दिन याद किया और उनके सादगी के विषय में विस्तार से छात्र-छात्राओं को बताया।विशिष्ट अतिथि केंद्रीय विश्वविद्यालय सिलचर असम के कुलपति प्रोफेसर आर एम पंत ने कहां कि 2 अक्टूबर 2014 में जो  प्रधानमंत्री जी ने स्वच्छता को लेकर अभियान शुरू किया था वह उसे पूरे देश  के शहरों में एवं गांव में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

प्रोफेसर अवधेश कुमार शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता के 10 वर्ष आज पूरे हो रहे हैं, यह हम सब के लिए बहुत ही गौरव का विषय है देश के सभी लोग उत्साह पूर्वक इस अभियान में शामिल है और उसको सफल बनाने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इसके पूर्व विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय के कुल गुरु,  प्रोफेसर श्रीप्रकाशमणि त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर आर एम पंत, प्रोफेसर अवधेश कुमार शुक्ला, प्रोफेसर आलोक श्रोत्रीय, प्रोफेसर तन्मय गोराई  सहित अन्य आचार्य गण, प्राध्यापक गण, एनएसएस, एनसीसी के छात्र छात्राओं एवं सफाई मित्रों द्वारा पूरे परिसर की झाड़ू लगाकर स्वच्छता दिवस मनाया। पूरे कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर मनोज कुमार पांडे और धन्यवाद ज्ञापन एनसीसी अधिकारी प्रोफेसर जितेंद्र कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विशेष कार्य अधिकारी डॉ. बी एन मिश्रा डॉ. प्रज्ञेश मिश्रा, डॉ. राहुल कुमार यादव, डॉ. राजकुमार, डॉ. जयप्रकाश नारायण, डॉ. कुंज बिहारी मिश्रा, सुश्री हिमांशी वर्मा, रत्नेश श्रीवास्तव, अंकुर गौतम, गौरव सिंह, अरविंद राय, अनिल टांडिया आदि उपस्थित रहे।

 कल्याण सेवा आश्रम में नवरात्रि के प्रथम दिवस निकली मैया की भव्य शोभा यात्रा


पांच प्रदेश की नृत्य पार्टियां हुई शामिल , ढोल नगाड़ों की धुन पर झूम उठे श्रद्धालु गण

अमरकंटक  ।  मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली  पवित्र नगरी अमरकंटक में परमपूज्य तपस्वी बाबा कल्याण दास जी के सानिध्य में कल्याण सेवा आश्रम वर्ष 1984 से निर्मित मंदिर में विराजमान मां भगवती दुर्गा जी की लगातार हर वर्ष नवरात्रि का पावन पर्व मनाते आ रहे है । वर्षों की भांति इस साल भी नवरात्रि के पावन अवसर के प्रथम दिवस मां भगवती दुर्गा जी की प्रतिमा की पूजा अर्चना कर रथ पर विराजित कर  खड्ग , चंवर , छत्र के साथ तथा देवी स्वरुप 108 बच्चियों के माथे कलश लिए ढोल नगाड़ों की ध्वनि के बीच भव्य दिव्य शोभा यात्रा नगर भ्रमण करते हुए माता नर्मदा जी की उद्गम स्थली पहुंची। यहां मंदिर के प्रधान पुजारियों से पूजन अर्चन करवाकर नर्मदा उद्गम कुण्ड का नर्मदा जल कलश में लेकर नर्मदा मंदिर दर्शन तथा परिक्रमा करने के बाद वापस नगर भ्रमण करते हुए कल्याण सेवा आश्रम मंदिर पहुंचे । यहां काशी (बनारस ) से पधारे विद्वान 61 ब्राम्हणों द्वारा कलश स्थापना कर नवरात्रि पूजन प्रारंभ किया  गया।  दशहरा तक इस महापर्व की धूम देखी जा सकती है ।

*काशी (बनारस) से पहुंचे 61 ब्राम्हण --*

पंडित कमलेश्वर नाथ त्रिपाठी वेदाचार्य ने बतलाया की हम कल्याण सेवा आश्रम में लगभग 25 वर्षो से लगातार अमरकंटक प्रतिवर्ष नवरात्रि में आगमन होता आ रहा है । नव दिवस मां दुर्गा जी की पूजन अर्चन , आवरण , हवन , रात्रि सप्तशती निशा हवन , इत्यादि पूजन होते है जिन्हें साथ आए सभी ब्राम्हणों द्वारा कराया जाता है । 

*पांच प्रदेशों की पहुंची धमाल पार्टियां --*

स्वामी धर्मानंद महाराज ने बताया कि अमरकंटक में पहली बार केरला की चंदा मेलम कला दल का आगमन हुआ। जिसमें 12 कलाकार , ओड़िशा की पूरन मांसी घंट पार्टी मे 75 लोग , उत्तराखंड से सुप्रसिद्ध छोलिया नृत्य 14 की टीम , छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से शैला नृत्य 65 लोग , अनूपपुर जिले के क्षेत्रिय बैगा जनजातीय की कर्मा नृत्य जिसमें 40 की टीम  , छत्तीसगढ़ पेंड्रा की मधुसूदन धमाल पार्टी और मंडला से एक ही  परिवार के साथ आए धमाल ढोल पार्टी नौ दिवसीय रहकर सेवा देते रहेंगे ।

 *108 कलश कन्याओं द्वारा जल भर कर स्थापना -*

स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज ने बताया की पूज्य पाद तपस्वी बाबा जी के मार्गदर्शन व उनके सानिध्य में नवरात्रि पूजन प्रारंभ से पहले 108 कन्याओं द्वारा आश्रम से कलश लेकर यात्रा  साथ चलकर नर्मदा जल लेकर आते हैं तथा प्रथम नर्मदा पूजन उपरांत ही आश्रम मंदिर में नवरात्रि पूजन प्रारंभ की जाती है । प्रत्येक वर्ष कलश यात्रा निकाली जाती है जिसमें विशाल रथ पर मां भगवती मां दुर्गा के साथ 108 कन्याएं कलश के साथ  अनेक प्रदेशों से आए नृत्य पार्टियां व साधु संत , भक्तगण , नगरवासी आदि सम्मिलित होकर नगर भ्रमण करते हुए मां नर्मदा उद्गम मंदिर जा कर वापस आश्रम पहुंचते है । काशी के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा नवरात्रि का पावन पर्व पूजन आराधना के साथ मनाया जाता है और दशहरा के अवसर पर नगर भंडारा भी किया जाता है जिसमें क्षेत्र के बैगा जनजातीय समुदाय के लोग ज्यादा संख्या में परिवार के साथ वर्षो से आश्रम में आते है जिन्हें भंडारा के साथ वस्त्र , दक्षिणा आदि प्रदान कर उनका प्रेम उत्साह मिलता है ।

*संस्कृति संरक्षण, अध्यात्म और समाजसेवा में अग्रणी है कल्याण आश्रम--*

लगभग चार दशक से अमरकंटक का श्री कल्याण सेवा आश्रम परमपूज्य श्री कल्याण बाबा जी के कृपा और समाजसेवी संत हिमाद्री मुनि जी के नेतृत्व में आध्यात्म और संस्कृति संरक्षण की परंपरा को बनाए रख कर समाज सेवा में जुटी हुई है। यह आश्रम यहां आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।

 *बीबीपीएस अनुपपुर की वार्षिक प्रदर्शनी 'दृष्टि: द इनोवेटिव विजन' ने मध्य प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और विरासत का प्रदर्शन किया*


अनूपपुर । 01 अक्टूबर, 2024 बाल भारती पब्लिक स्कूल अनूपपुर ने अपने शीर्षस्थ निकाय, चाइल्ड एजुकेशन सोसाइटी, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में अपनी बहुप्रतीक्षित वार्षिक प्रदर्शनी 'दृष्टि: द इनोवेटिव विजन' का सफल आयोजन किया, जिसमें मध्य प्रदेश की समृद्ध विरासत, संस्कृति और नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। प्री-स्कूल से कक्षा XII तक के छात्रों ने भाग लिया, जो प्रदर्शकों को मोहित करने वाले प्रदर्शनों का विविध समूह प्रस्तुत करते हैं।

कार्यक्रम में माननीय अतिथि  बी .के .मिश्रा, प्लांट हेड और सीओओ,  आनंद देशपांडे, प्लांट हेड और सीओओ, श्रीमती निम्मी मिश्रा, नर्मदा लेडीज क्लब की अध्यक्ष, आर .के .खटाना, ए .वी .पी. एच.आर. और एडमिन श्रीमती मधु खटाना, नर्मदा लेडीज क्लब की सचिव  टी .एम् .पाई,  वाई. मिश्रा ,  विजय सोनी, एजीएम ऑफ लैंड एक्विजिशन और आर एंड आर  अतिशय उपाध्याय, मैनेजर ऑफ एडमिन और एमबीपीएमपीएल के अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।

प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण योगदान थे। गणित विभाग ने मध्य प्रदेश के जनसांख्यिकी को दर्शाने वाली वास्तुकला और सांख्यिकीय आंकड़ों पर परियोजनाएं प्रस्तुत की। भाषा विभाग ने उल्लेखनीय लेखकों, खेल हस्तियां और राज्य के प्रतीकों और विरासत को उजागर किया। सामाजिक विज्ञान विभाग ने मध्य प्रदेश के भूदृश्य, कृषि और महत्वपूर्ण सांख्यिकीय आंकड़ों का अन्वेषण किया, जबकि विज्ञान विभाग ने राज्य के खनिजों, ऊर्जा उत्पादन और कृषि नवाचारों का प्रदर्शन करने वाले मॉडल का प्रदर्शन किया।

सांस्कृतिक प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण था, जिसमें नृत्य विभाग ने क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करने वाले स्वदेशी नृत्य रूपों के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत विभाग ने पारंपरिक संगीत रूपों, जिनमें आल्हा और भगोरिया गीत शामिल हैं, के साथ उत्सव में जोड़ा, कार्यक्रम के सांस्कृतिक वातावरण को बढ़ाया। कला और शिल्प विभाग ने गोंड पेंटिंग, मांडना कला और विभिन्न पारंपरिक शिल्प का प्रदर्शन करते हुए कलात्मक प्रदर्शन किया।

प्री-स्कूल एवं प्री-प्राइमरी के छात्रों ने एक रमणीय पाक अनुभव को जोड़ते हुए खाद्य खंड में  मध्य प्रदेश के पाक विविधता का प्रतिनिधित्व करते हुए पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया। 

प्राचार्य सुश्री उन्नति जोशी ने गणमान्य व्यक्तियों, अभिभावकों और कर्मचारियों के उनके निरंतर सहयोग  के लिए अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की |

 अमरकंटक के सोनमूड़ा और कपिलधारा में श्रद्धालुओं , पर्यटकों को ग्लास व्यू प्वाइंट का जल्द आनंद ले सकेंगे




केंटीलिवर ग्लास व्यू प्वाइंट का कार्य लगभग पूर्णतः की ओर ।

अमरकंटक / श्रवण उपाध्याय 

               मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली  पवित्र नगरी अमरकंटक में मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा  लंबे अर्से से यहां पर अनेक विकाश कार्य कराये जा रहे है , जिनमें से अनेक कार्य जमीनी स्तर पर दिखाई भी दे रहे हैं । 

अमरकंटक में दिन प्रतिदिन पर्यटकों , तीर्थ यात्रियों , श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है ।

मैकल और सतपुड़ा की पहाड़ियों  के मध्य स्थित यह हिंदुओं का पवित्र और लोकप्रिय स्थल है । मान्यताओं के अनुसार यहां पर माता सती के दो अंग इस क्षेत्र में गिरे थे इसलिए यह क्षेत्र दो शक्तिपीठों का अति पवित्र क्षेत्र  स्थल माना जाता है । यह प्राचीन काल से ही ऋषि मुनियों की तपोस्थली रही है और धार्मिक तथा आयुर्वेद के लिए प्रसिद्ध रहा है । अमरकंटक से मां नर्मदा नदी का प्राकट्य स्थल होने के साथ -साथ यह क्षेत्र एक अद्वितीय प्राकृतिक विरासत भी है । 

पर्यटकों , तीर्थ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन भी सौंदर्यीकरण , सुविधाओं की ओर अग्रसर है ।

अमरकंटक में विकास कार्य अंतर्गत मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा सोनमूडा में लगभग 78 लाख और कपिलधारा में 73 लाख की लागत से केंटीलिवर ग्लास व्यू प्वाइंट का निर्माण किया जा रहा है जो बहुत ही जल्द अब बनकर तैयार हो जाएगा । वस्तु स्थिति देखने से लगता है की एकाद महीने के पर्यंत पर्यटकों को एडवेंचर टूरिज्म का लाभ मिलने लगेगा । रामघाट पर भी संस्पेंशन ब्रिज का निर्माण कार्य प्रगतिरत है , वह भी दिसंबर तक पूर्ण होने की संभावना जताई जा रही हैं जो सबसे महंगा सस्पेंशन ब्रिज होगा । भ्रमण के दौरान इन स्थानों से पर्यटक अमरकंटक की भौगोलिक सुंदरता को महसूस कर सकेंगे ।

सहायक यंत्री म प्र राज्य पर्यटन विकास निगम सोमपाल सिंह लोधी का कहना है की निश्चित ही पर्यटक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों की सुविधाओं में इजाफा होगा ।

प्रोजेक्ट इंचार्ज दिलीप कुमार सिंह ने बताया की सोनमूडा और कपिलधारा का निर्माण पूर्णतः की ओर है तथा सस्पेंशन ब्रिज दिसंबर तक पूर्ण होने की संभावना है ।

 शांति, सद्भावना, गरिमामय,भाईचारे से मिलजुल कर मनायें आगामी सभी त्यौहार- कलेक्टर


पर्व के दौरान पुलिस की रहेगी चौकस व्यवस्था - पुलिस अधीक्षक

कलेक्टर अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई आयोजित

अनूपपुर । 01 अक्टूबर 2024 जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप नवरात्रि, दशहरा, बाल्मीकि जयंती एवं दीपावली त्यौहारों को शांतिपूर्ण, भाईचारे की भावना और हर्षाेंल्लास, उमंग, सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिलजुल कर मनाया जाएगा। इस आशय की अपील सोमवार को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी  हर्षल पंचोली की अध्यक्षता में संपन्न शांति समिति की बैठक में की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक  मोती उर रहमान, एसडीएम अनूपपुर श्रीमती दीपशिखा भगत, होमगार्ड कमान्डेंट  जे.पी. उईके यातायात प्रभारी श्रीमती ज्योति दुबे, नपा अनूपपुर के स्वच्छता निरीक्षक  डी.एन. मिश्रा सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। 

शांति समिति की बैठक में नवरात्रि पर प्रतिमाओं की स्थापना और दुर्गा विसर्जन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में सभी त्यौहार आपसी समन्वय, भाईचारे की भावना और शांति, सौहार्द के वातावरण में मनाए जाने के संबंध में सहमति जताई गई। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कृत्रिम कुंड बनाया जाएगा। विसर्जन स्थल पर प्रकाश, पानी, सुरक्षा और साफ-सफाई के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। दुर्गा प्रतिमाओं के विर्सजन के लिए भी आगामी समय में इसी कुण्ड का उपयोग किया जायेगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नवरात्रि के पूर्व सभी नगरीय क्षेत्रों में मार्गों की मरम्मत कराई जाए। दुर्गा पंडाल स्थल पर रात्रि के समय समिति के दो लड़के आवश्यक रूप से रात्रि विश्राम करें तथा उनकी जानकारी संबंधित पुलिस थाने में नंबर सहित दिया जाए। इसी प्रकार दुर्गा पंडाल स्थल के लिए वैध विद्युत कनेक्शन बिजली विभाग की अनुमति से लिया जाए। अनूपपुर तथा नगरीय क्षेत्र के तालाबों एवं अन्य जलाशयों में दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन ना हो इसकी भी निगरानी अधिकारी करना सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दुर्गा पंडालों में संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अनुमति से रात्रि 10ः00 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग किया जाएगा। इसी प्रकार विजयादशमी समारोह का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में किया जाएगा। जिसमें नगर पालिका द्वारा समस्त कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तथा पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बैरिकेट्स लगाए जाएंगे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक  मोती उर रहमान ने कहा कि जिले की सदभाव और सद्भाव की सामूहिक परंपरा कायम रखते हुए सभी त्यौहार मिलजुल कर मनाये। सामान्य शिष्टाचार और नियमों का पालन सभी को करना चाहिए। जिले के देव स्थलों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस कर्मियों की व्यवस्था की जाएगी जिनमें से एक महिला पुलिसकर्मी भी होंगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने नगरों में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि अनूपपुर के बाजार में हैवी वाहन प्रतिबंधित रहेगा। अनूपपुर के थाना चौराहा से देवी मढ़िया तक टू व्हीलर एवं फोर व्हीलर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। जिससे नागरिकों को आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुलभ हो सके। पुलिस अधीक्षक ने बैठक में कहा कि पर्व के दौरान पुलिस की चौकस व्यवस्था रहेगी तथा जिले की सद्भाव परम्परा को कायम रखने के लिए सभी के साथ मिलजुल कर कार्यक्रमों को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कहीं कोई अव्यवस्था दिखे, तो नागरिक पुलिस को तत्काल सूचित करें। बैठक में अन्य विभिन्न मुद्दों को लेकर शांति समिति के सदस्यों के साथ विचार विमर्श कर निर्णय लिया गया।

 क्षेत्रीय जनों को रोजगार और अपने जिम्मेदारियों को लेकर सजग रहते हैं पुरोहित


*उद्योग हित में जिम्मेदारियों का निर्वहन करना माना अपना कर्तव्य-*

अनूपपुर

अनूपपुर एवं शहडोल जिले की सीमा पर संचालित ओरिएंट पेपर मिल की सहायक कंपनी सोडा कास्टिक यूनिट में बीते दिनों हुए गैस रिसाव बाद से स्थानीय लोगों में भिन्न-भिन्न प्रतिक्रियाएं और शिकायतों का दौर लगा रहा।

कुछ ने कंपनी पर कई गम्भीर आरोप लगाए वहीं कुछ लोगों द्वारा कंपनी के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट करते हुए प्रोडक्शन मैनेजर एवं टीम के कार्यों कि सराहना भी किया गया।

*प्रोडक्शन मैनेजर के लम्बे कार्य अनुभव का मिला लाभ-*

सोडा कास्टिक यूनिट के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने वाले स्थानीय जनों कि मानें तो उद्योग हित में दायित्वों का निर्वहन करने वाले प्रोडक्शन मैनेजर ए. के. पुरोहित को लम्बा कार्य अनुभव है, यही कारण है कि वह अपने कार्यों के प्रति हमेशा सजग रहते हैं। गैस रिसाव के दिन भी उन्होंने अपनी सूझ-बूझ एवं सजगता का परिचय देकर, जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया, जिस समय सोडा कास्टिक यूनिट से गैस रिसाव हुआ उस दौरान प्रोडक्शन मैनेजर परिवार सहित निजी आवास पर थें। बावजूद इसके घटना की जानकारी लगने के तत्काल बाद वह कारखाना में पहुंचकर स्वयं गैस रिसाव के रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए साथ ही उच्च अधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराते हुए। मौजूद कर्मचारियों को तत्काल कंपनी में लगे सायरन को बजाने के लिए निर्देशित भी किया गया।

*प्रोड्क्शन मैनेजर कि सक्रियता एवं सूझ-बूझ से टला बडा़ हादसा-*

कास्टिक सोडा युनिट में हुए गैस रिसाव के दौरान प्रोडक्शन मैनेजर द्वारा समय रहते अगर समझदारी व सक्रियता दिखाया नहीं गया होता तो गम्भीर घटनाऐं घटित हो सकती थी। ऐसी सम्भावनाओं से कदापि इंकार नही किया जा सकता है। अनुभव शील प्रोडक्शन मैनेजर द्वारा किए गए अनुभव का बखूबी इस्तेमाल एवं उनकी सक्रियता व सूझ-बूझ निश्चित तौर पर प्रशंसनीय है।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget