उमर गोहान मिडिल स्कूल में बच्चों के अनुकूल विधिक साक्षरता शिविर आयोजित



अनूपपुर । 31 अगस्त 2026 मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्व लाल के मार्गदर्शन में ग्राम उमर गोहान स्थित मिडिल स्कूल में विद्यार्थियों के लिए मैत्रीपूर्ण एवं जागरूकता आधारित विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर  रावेन्द्र कुमार सोनी जी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम, बच्चों की सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण अथवा अन्याय की स्थिति में बच्चें उचित माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

 सोनी जी ने विद्यार्थियों को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं शिक्षा सहित विभिन्न मौलिक अधिकार प्राप्त हैं। साथ ही संविधान, राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान करना, पर्यावरण की रक्षा करना, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाएं रखना प्रत्येक नागरिक का मौलिक कर्तव्य है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अन्य बच्चों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

 शासकीय तुलसी महाविद्यालय में CMCLDP के नवीन सत्र का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ


पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया गया पौधारोपण 

अनूपपुर । मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) के तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) के सत्र 2026-27 का शुभारंभ एवं नवागत व पूर्व छात्र सम्मेलन शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुई। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत अतिथियों और छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में फलदार व छायादार पौधें रोपे। इसके साथ ही कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित सभी जनों को सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

विशिष्ट अतिथियों की रही मौजूदगी 

समारोह में मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजुलिका शैलेंद्र सिंह के प्रतिनिधि  शैलेंद्र सिंह जी  उपस्थित रहें। उनके साथ तुलसी महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. जे.के. संत, विभागाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव तथा पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष  शिवरतन वर्मा मंचासीन रहे।

सामुदायिक नेतृत्व से होगा सकारात्मक बदलाव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि CMCLDP पाठ्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास कर उन्हें समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए तैयार करता है। इस अवसर पर नवागत विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और पूर्व छात्रों ने अपने जमीनी अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के परामर्शदाता, लेखापाल सहित CMCLDP के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 भारत ज्योति विद्यालय में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित


सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों को दिया करियर निर्माण का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन

अनूपपुर। 21 अगस्त 2026 भारत ज्योति विद्यालय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सही करियर चयन के उद्देश्य से शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को विशेष करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों के साथ अपने बहुमूल्य ज्ञान, व्यावसायिक अनुभव एवं उपयोगी मार्गदर्शन को साझा किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर जी द्वारा मुख्य वक्ता सी.ए. भौमिक के. राठौर जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने उनका स्वागत करते हुए विद्यालय में पधारने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, आवश्यक योग्यताओं, उच्च शिक्षा की संभावनाओं तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप सही करियर का चुनाव करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने व्यावसायिक अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति स्पष्टता, अनुशासन, आत्मविश्वास, समय का सदुपयोग और निरंतर मेहनत आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए करियर से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर जी ने कहा कि विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के अनुभव और मार्गदर्शन से रूबरू कराने से उन्हें अपने भविष्य के लिए सही निर्णय लेने में सहायता मिलती है। उन्होंने सी.ए. भौमिक के. राठौर जी के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को उनके मार्गदर्शन का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें अपने करियर की दिशा समझने में सहायता करता है।

कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी रहा। विद्यालय परिवार ने सी.ए. भौमिक के. राठौर जी के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की तथा आशा व्यक्त की कि उनका बहुमूल्य मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

 गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती, श्रद्धा और उल्लास पूर्वक तुलसी महाविद्यालय में मनाई गई


अनूपपुर । हिंदी विभाग प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में प्राचार्य, डॉक्टर अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती का आयोजन, अत्यंत उल्लास पूर्वक भक्ति भाव से किया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे डॉ. जे.के. संत, विभाग अध्यक्ष राजनीतिक शास्त्र, विशिष्ट अतिथि डॉ राधा सिंह विभाग अध्यक्ष , वनस्पति विज्ञान और कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ नीरज श्रीवास्तव विभाग अध्यक्ष हिंदी ने किया ।

कार्यक्रम के आरंभ में गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप- प्रज्वलन उनका, पूजन -अर्चन और माल्यार्पण से किया गया। डॉ जे.के.संत ने गोस्वामी तुलसीदास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारतीय सनातन संस्कृति का महान रचनाकार एवं युगदृष्टा बताया । साथ ही उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी के पद का अत्यंत मनोहारी गायन भी किया । गोस्वामी तुलसीदास जी की रचनाओं और श्री रामचरितमानस की प्रासंगिकता पर अपना उद्बोधन डॉक्टर राधा सिंह ने प्रस्तुत किया । डॉ नीरज श्रीवास्तव , विभाग अध्यक्ष हिंदी ने गोस्वामी तुलसीदास जी को महान रचनाकार, भक्त कवि और भारतीय सनातन संस्कृति और मूल्यों को संस्थापित करने वाले महान कवि के रूप में निरूपित किया । गोस्वामी तुलसीदास जी की अमर कृति श्री रामचरितमानस पर विस्तार पूर्वक  प्रकाश डाला ।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. योगेश तिवारी ने किया ।

इस गरिमा पूर्ण आयोजन में डॉ. विनोद कोल,डॉ. आकांक्षा राठौर, डॉ. तरन्नुम शरबत, डॉ दीपक गुप्ता, डॉ.पूनम धाड़े, डॉक्टर तुलसी रानी पटेल सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही ।

 18 स्वीकृत पद, सिर्फ 4 कर्मचारी ,12 रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा चार कर्मचारियों के भरोसे


अपराध नियंत्रण के बड़े दायित्व के बीच जीआर पी अनूपपुर चौकी में भारी बल की कमी, पद बढ़ाने की उठी मांग

अनूपपुर। अनूपपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन स्थित जीआर पी चौकी में स्वीकृत बल की तुलना में बेहद कम कर्मचारियों की पदस्थापना के कारण रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार चौकी के लिए कुल 18 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में मात्र 4 कर्मचारी ही पदस्थ हैं। ऐसे में करीब 18 स्वीकृत पदों की जिम्मेदारी महज चार कर्मचारियों के कंधों पर आ गई है।

जीआर पी चौकी में एक चौकी प्रभारी का पद स्वीकृत है और उस पर एक अधिकारी पदस्थ है। एक ए एसआई का पद स्वीकृत है और उस पर भी एक कर्मचारी पदस्थ है। वहीं चार स्वीकृत प्रधान आरक्षक पदों में एक भी प्रधान आरक्षक पदस्थ नहीं है। इसी प्रकार 12 स्वीकृत आरक्षक पदों में से मात्र दो आरक्षक ही वर्तमान में पदस्थ बताएं जा रहे हैं। इस तरह कुल 18 स्वीकृत पदों के मुकाबले सिर्फ चार कर्मचारियों से चौकी का संचालन किया जा रहा है।

12 रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा का जिम्मा

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि इन चार कर्मचारियों के जिम्में केवल अनूपपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा नहीं, बल्कि लगभग 12 रेलवे स्टेशनों के विस्तृत क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, गश्त, शिकायतों पर कार्रवाई, अपराध पंजीबद्ध करने, विवेचना तथा कानून-व्यवस्था बनाएं रखने जैसे महत्वपूर्ण दायित्व हैं।

जीआर पी चौकी अनूपपुर के कार्यक्षेत्र में बिजुरी, कोतमा, हरद, मौहरी, वेंकटनगर, छुलहा, जैतहरी, निगौरा, धुरवासिन, बैहाटोला, अनूपपुर तथा शहडोल जिले की सीमा से पहले अमलाई रेलवे स्टेशन सहित विस्तृत रेलवे क्षेत्र आता है। यह क्षेत्र एक ओर छत्तीसगढ़ की सीमा से जुड़ा है, वहीं दूसरी ओर शहडोल जिले की सीमा तक फैला हुआ है।

रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, चोरी, मारपीट, महिला एवं यात्री सुरक्षा से जुड़े मामले, दुर्घटनाएं, संदिग्ध गतिविधियां तथा अन्य रेल अपराधों की रोकथाम और मामलों की विवेचना का दायित्व जीआर पी पर होता है। ऐसे में इतने बड़े क्षेत्र को केवल चार कर्मचारियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से संभालना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

अपराध नियंत्रण या महज औपचारिकता?

बल की भारी कमी के बीच यह सवाल भी उठने लगा है कि जब स्वीकृत 18 पदों में से केवल चार कर्मचारी ही उपलब्ध हैं, तो इतने बड़े क्षेत्र में नियमित गश्त, अपराध की रोकथाम, घटनास्थल पर तत्काल पहुंच और मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध विवेचना किस प्रकार संभव हो पाएगी?

रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को महज प्रशासनिक कमी मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि किसी स्टेशन पर एक साथ अपराध, दुर्घटना या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई गंभीर घटना घटती है, तो सीमित बल के कारण तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है।

एसपी जीआर पी जबलपुर से बल बढ़ाने की मांग

स्थानीय स्तर पर अब मांग उठ रही है कि एसपी जीआर पी जबलपुर सहित वरिष्ठ रेलवे पुलिस अधिकारियों को अनूपपुर जीआर पी चौकी की वास्तविक स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए स्वीकृत पदों के अनुरूप पर्याप्त पुलिस बल की पदस्थापना करनी चाहिए।

रेलवे यात्रियों की सुरक्षा किसी भी स्थिति में केवल औपचारिक व्यवस्था बनकर नहीं रहनी चाहिए। अनूपपुर रेलवे स्टेशन सहित आसपास के सभी रेलवे स्टेशनों पर प्रभावी अपराध नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की तत्काल पदस्थापना आवश्यक है।

18 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल चार कर्मचारियों के भरोसे 12 रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था चलना स्वयं में गंभीर स्थिति है। अब देखना होगा कि जीआर पी के वरिष्ठ अधिकारी इस कमी को कब तक दूर करते हैं और रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

 भारत ज्योति विद्यालय में हर्षोल्लास,उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस


 

अनूपपुर । 15 अगस्त 2026 भारत ज्योति विद्यालय, अनूपपुर में देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहें।

*भव्य ध्वजारोहण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ*

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चार्टर्ड अकाउंटेंट  भौमिक कुमार राठौड़ जी, द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र कुमार राठौड़ जी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जी.अलेक्जेंडर एवं उप-प्रधानाचार्या सिस्टर जिस मारिया सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।

*विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम*

ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के महत्व को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

विशेष रूप से विद्यार्थियों ने नर्स, आर्किटेक्ट, इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, जज, सैनिक, शिक्षक एवं आर्मी ऑफिसर आदि की वेशभूषा धारण कर विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा करने वाले लोगों की भूमिका को दर्शाया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि प्रत्येक नागरिक अपने कार्य एवं जिम्मेदारियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष तथा आजादी के मूल्य को समझाया। उन्होंने यह संदेश भी दिया कि हमें अपनी स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी स्वतंत्रता का सुरक्षित एवं सार्थक रूप से आनंद ले सकें।

*मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह*

मुख्य अतिथि  भौमिक के. राठौर जी ने अपने प्रेरणादाई  संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए निरंतर मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सभी कार्यक्रमों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा को सराहनीय बताया।

*प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित*

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। विभिन्न कक्षाओं एवं गतिविधियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों का उत्साह और मनोबल बढ़ा।

*विद्यालय बैंड ने जीता प्रथम पुरस्कार*

इस अवसर पर विद्यालय के बैंड की उपलब्धि भी विशेष रूप से सराहनीय रही। भारत ज्योति विद्यालय का बैंड उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल ,अनूपपुर में आयोजित प्रतियोगिता में शामिल हुआ और प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। यह पुरस्कार कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल जी द्वारा प्रदान किया गया। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित सभी लोगों ने बैंड के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और देशभक्ति की भावना देखने को मिली। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने सभी के मन में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

 *मुख्यमंत्री डॉ. यादव की गरिमामई उपस्थिति में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और टाटा स्ट्राइव के मध्य एमओयू


*

*स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर होंगे सृजित*

*पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में युवाओं व होमस्टे संचालकों का होगा कौशल उन्नयन*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामई उपस्थिति में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड (MPTB) और टाटा स्ट्राइव (Tata STRIVE - टाटा कम्युनिटी इनिशिएटिव्स ट्रस्ट) के मध्य 2 वर्ष की अवधि के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) निष्पादित किया गया है, जिसे आवश्यकतानुसार पारस्परिक सहमति से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से डायरेक्टर (कौशल)  डी. पी. सिंह जी और टाटा स्ट्राइव की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी  अमेया वंजारी जी ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण होमस्टे संचालकों की आय में वृद्धि करना, विश्वस्तरीय आतिथ्य मानकों के अनुरूप सेवाएं विकसित करना तथा स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर निर्मित करना है।इस अवसर पर सचिव पर्यटन एवं प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैयाराजा टी उपस्थित रहे।

इस साझेदारी के प्राथमिक हितग्राही ग्रामीण होमस्टे संचालक, स्थानीय युवा और पर्यटन सेवा प्रदाता होंगे। इस समझौते के माध्यम से पर्यटन निगम के होटलों और निजी क्षेत्र के अन्य होटलों के लिए कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं को आतिथ्य एवं पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार निर्मित करने में मदद मिलेगी, जिससे प्रदेश का ग्रामीण पर्यटन इकोसिस्टम और अधिक मजबूत होगा।

एमओयू के प्रथम चरण के अंतर्गत ग्रामीण पर्यटन एवं होमस्टे इकोसिस्टम के लगभग 1,000 हितग्राहियों को 'पूर्व अधिगम की मान्यता' (RPL) और अपस्किलिंग (कौशल उन्नयन) का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके तहत होमस्टे संचालन, डिजिटल बुकिंग व OTA प्लेटफॉर्म्स का उपयोग, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, स्थानीय व्यंजन, फूड एंड बेवरेज, गाइडिंग, सुरक्षा, स्वच्छता, सतत पर्यटन और राजस्व प्रबंधन जैसे व्यावहारिक विषयों को शामिल किया गया है। आगामी चरणों में MPSTDC होटल एवं रिसॉर्ट स्टाफ हेतु रिफ्रेशर प्रशिक्षण तथा राज्य के युवाओं का आतिथ्य क्षेत्र में कौशल विकास किया जाएगा।

वित्तीय दृष्टिकोण से यह अनुबंध राज्य सरकार के लिए अत्यधिक लाभकारी है, क्योंकि MPTB द्वारा टाटा स्ट्राइव को प्रशिक्षण संचालन हेतु किसी भी राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा। प्रशिक्षकों की उपलब्धता, उनका मानदेय तथा प्रशिक्षण मॉड्यूल के विकास का संपूर्ण व्यय टाटा स्ट्राइव द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि MPTB केवल प्रशिक्षण स्थल और प्रशिक्षकों व प्रशिक्षुओं के लिए आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत सभी सफल हितग्राहियों को IHCL–Tata STRIVE एवं MPTB द्वारा संयुक्त रूप से उद्योग-मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी व्यावसायिक साख और स्वरोजगार की क्षमताओं में वृद्धि होगी।

 *सेवा में,*  

जिला जनसंपर्क अधिकारी  

समस्त जिले, मध्यप्रदेश


*विषय:* जिले में प्रकाशित एवं प्रसारित मीडिया संस्थान में कार्यरत श्रमजीवी पत्रकार एवं गैर पत्रकारों की सूची एवं अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के  नियुक्ति पत्रों एवं 3 माह के वेतन प्रमाण पत्र की  सत्यापित जानकारी उपलब्ध कराने बाबत।

*संदर्भ:* नवीन श्रम संहिताओं के संदर्भ में 

*महोदय,*

उपरोक्त विषय में सविनय निवेदन है कि:

1.  श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा लागू नवीन श्रम संहिताओं एवं मजदूरी संहिता 2019 की धारा 5 के अनुसार, किसी भी संस्थान में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी/श्रमिक को नियोक्ता द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान करना एवं वेतन का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है।

2.  जनसंपर्क विभाग द्वारा आपके जिले में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचार पत्र/चैनल/वेब पोर्टल की सूची रखी जाती है और उन्हें सरकारी विज्ञापन दिया जाता है। उक्त सूची में शामिल संस्थानों में कार्यरत श्रमजीवी पत्रकारों एवं गैर पत्रकारों को उनके संबंधित समाचार पत्र/चैनल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र एवं पिछले 3 माह के वेतन भुगतान के प्रमाण की सत्यापित प्रति उपलब्ध कराई जाए।

3.  मैं मध्यप्रदेश श्रम सलाहकार परिषद का सदस्य होने के नाते श्रमिकों के अधिकारों के संरक्षण हेतु यह जानकारी चाहता हूं। कृपया 15 दिवस में जानकारी उपलब्ध कराएं।

*प्रार्थना:* कृपया निम्न जानकारी उपलब्ध कराने का कष्ट करें:

1.  जिले में  प्रकाशित एवं प्रसारित समस्त समाचार पत्र/चैनल/वेब पोर्टल की सूची

2.  प्रत्येक संस्थान में कार्यरत पत्रकार एवं गैर पत्रकारों के नाम, पद , पता,मोबाइल नंबर।

3.  प्रत्येक कर्मचारी का नियुक्ति पत्र एवं  एवं अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के पिछले 3 माह के वेतन पर्ची/बैंक स्टेटमेंट की सत्यापित प्रतियां।

आपके द्वारा जानकारी मिलने के बाद समस्त अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों की सूची, वेतन प्रमाण पत्र सहित श्रमायुक्त को भेजकर उनसे निवेदन किया जाना है कि क्या अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों को जो वेतन मिल रहा है बह वेतन आयोग के अधिनियम के अनुसार है या नहीं यदि नहीं है तो संस्थान पर उचित कार्रवाई करें साथ ही दृश्य एवं प्रसार निदेशालय तथा आयुक्त जनसंपर्क मध्यप्रदेश को लिखा जायेगा कि मीडिया संस्थानों ने केंद्र सरकार के श्रम कानून की अवहेलना की है अतः इन्हें दिये जा रहें विज्ञापन पर रोक अथवा विज्ञापन की देय राशि में से पत्रकार की दी जाने वाली राशि काटकर श्रम विभाग में जमा कराएं जो संबंधित पत्रकार को दी जा सकें।

पत्र का समय पर जबाव स्पीड पोस्ट से भेजे न मिलने का मतलब है कि आप नियमों की अवहेलना कर रहे हैं जो कदाचरण की श्रेणी में आता है।

*भवदीय*  

राधावल्लभ शारदा  

सदस्य, 

मध्यप्रदेश श्रम सलाहकार परिषद  

F-88/19, तुलसीनगर, भोपाल - 462003  

मोबाइल: 9425609484  

दिनांक: 26,7,26

प्रतिष्ठा में,

प्रदेश के समस्त कलेक्टर से निवेदन है कि मांगी गई जानकारी शीघ्र भेजने हेतु जिला जनसंपर्क अधिकारी को निर्देश जारी करेंगे।

 पीआईबी भोपाल द्वारा अनूपपुर में आयोजित हुआ वार्तालाप कार्यक्रम 


विभागीय अधिकारियों  एवं विषय विशेषज्ञों ने  दी विकसित भारत @2047, आयुष्मान भारत/ वीबी- जी राम जी एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से जानकारी

मीडिया कर्मियों के  प्रश्नों का किया गया समाधान 

 अनूपपुर। 06 अगस्त 2026 पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल द्वारा अनूपपुर में वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया गया | कार्यक्रम "विकसित भारत@2047" ग्रामीण जन , आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) सहित केन्द्र सरकार की अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित रहा | कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी आमजन एवं मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने बताया कि वीबी- जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण विकास ढांचे को विकसित भारत @2047 की राष्ट्रीय दृष्टि के अनुरूप बनाने और ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों की उन्नत वैधानिक मजदूरी-रोजगार गारंटी प्रदान किए जाने का प्रावधान है| योजना के तहत वयस्क सदस्य अकुशल शारीरिक कार्य करने के लिए स्वेच्छा से आगे आने वालों के लिए रोजगार की व्यवस्था की जाती है| साथ ही उनकी विस्तारित आजीविका सुरक्षा ढांचे में अधिक प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने बताया की जल-सुरक्षा (जल-संबंधित कार्यों के माध्यम से), मुख्य ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका-संबंधित अवसंरचना तथा चरम मौसम घटनाओं के शमन हेतु विशेष कार्यों पर विषयगत फोकस के साथ सार्वजनिक कार्यों के जरिए सशक्तिकरण, विकास, अभिसरण और संतृप्ति को बढ़ावा दिया जाता है जिससे ग्रामीणजन विकसित भारत की राष्ट्रीय और अवसंरचना स्टैक के निर्माण में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभा सके। 

 उन्होंने नल जल योजना के संचालन, संधारण, एवं प्रबंधन नियम- 2026 तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। 

कार्यक्रम के दौरान पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने अपने स्वागत उद्बोधन में विभागीय गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी| उन्होंने पत्रकार कल्याण योजना की चर्चा करते हुए बताया की केंद्र सरकार पत्रकार कल्याण योजना (जेडब्ल्यूएस) लागू करती है, जिसके तहत मृत्यु, स्थायी विकलांगता, गंभीर बीमारी और दुर्घटना से संबंधित अस्पताल में भर्ती होने जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे पत्रकारों/मीडियाकर्मियों या उनके परिवारों को तत्काल आधार पर एकमुश्त अनुग्रह राशि प्रदान की जाती है। प्रेस सूचना ब्यूरो और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश सरकारों द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकार और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकार, सभी इस योजना के अंतर्गत आते हैं। श्री गौतम ने यह भी बताया कि पीआईबी सरकार तथा मीडिया के मध्य सूचना पहुंचने का शसक्त माध्यम है जिससे विश्वसनीय जानकारी आम लोगों तक पहुंच सके | उन्होंने इस वार्तालाप कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों को भी स्पष्ट किया | 

वार्तालाप में केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र कुमार तिवारी ने नई शिक्षा निति और नीट यूजीसी जैसी परीक्षाओं को सुगमता से संपन्न कराने हेतु कानून में किये गए प्रावधानों की  मीडियाकर्मियों को विस्तार से जानकारी दी | उन्होंने ने कहा कि “नीट परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकारें और जिला प्रशासन निकट समन्वय में मिलकर काम कर रहे हैं। जो भी व्यक्ति किसी भी तरह से परीक्षा की निष्पक्षता या सुचारू संचालन में बाधा डालने, उसे बिगाड़ने या उसमें छेड़छाड़ करने का प्रयास करेगा, उस पर कानून का पूरा शिकंजा कसा जाएगा।”

नगर परिषद् अध्यक्ष सुनील चौरसिया ने आयुष्मान भारत योजना के महत्व को प्रतिपादित करते हुए मीडियाकर्मियों से आग्रह किया की आयुष्मान भारत योजना की जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का निवारण आम जनता की जागरूकता से किया जा सकता है, इसमें मीडिया कर्मियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है यदि वे सूचना से समृद्ध रहेंगे तभी आम जन आयुष्मान कार्ड एवं अन्य मिलने वाले लाभों से वंचित नहीं रह पाएंगे | वार्तालाप में पत्रकारों के सवालों का जवाब विषय विशेषज्ञों ने समुचित उत्तर प्रस्तुत किये|  जिला समन्वयक आयुष्मान भारत योजना के उमंग तिवारी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संतोष सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं के 12 महत्वपूर्ण स्तंभों की जानकारी दी| इसी तारतम्य में महिला शसक्तीकरण अधिकारी मंजूषा शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी|

कार्यक्रम के अंत में प्रसार भारती पीटीसी अजीत कुमार मिश्रा ने सभी मीडिया कर्मियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया| कार्यक्रम का सफल संचालन निदेशक मनीष गौतम के निर्देशन पर मीडिया एवं संचार अधिकारी परितोष दीक्षित एवं केन्द्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार सहायक हेमंत मारकवाडे ने संयुक्त रूप से किया| वार्तालाप कार्यक्रम में जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे। 

 विकसित भारत @2047 एवं आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की योजनाओं पर केंद्रित "वार्तालाप" कार्यक्रम 6 अगस्त को


अनूपपुर । 05 अगस्त 2026 पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल द्वारा 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को अनूपपुर में "विकसित भारत @2047", आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) एवं केंद्र सरकार की अन्य प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित "वार्तालाप" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प, केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी आमजन तक मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से पहुंचाना है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के विषय विशेषज्ञ विकसित भारत @2047, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) तथा केंद्र सरकार की अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देंगे। साथ ही योजनाओं के उद्देश्यों, उपलब्धियों एवं आमजन को मिलने वाले लाभों पर संवाद किया जाएगा, जिससे नागरिकों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़े तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इनका लाभ प्राप्त कर सकें।

 *कोई भी पात्र विद्यार्थी उच्च शिक्षा से न रहे वंचित, 31 जुलाई तक प्रवेश लेने की प्राचार्य ने किया अपील


अनूपपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर द्वारा स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। महाविद्यालय ने जिले के समस्त 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे 31 जुलाई तक महाविद्यालय में प्रवेश लेकर अपनी उच्च शिक्षा की यात्रा प्रारंभ करें।

महाविद्यालय का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी केवल जानकारी के अभाव, विलंब अथवा जागरूकता की कमी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रह जाए। इसी उद्देश्य से प्रवेश संबंधी जानकारी को जिले के प्रमुख समाचार-पत्रों, जिला जनसंपर्क कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों, महाविद्यालय के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा विभिन्न व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित किया जा रहा है। साथ ही जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने यहाँ से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को समय-सीमा के भीतर प्रवेश लेने हेतु प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक युवा उच्च शिक्षा से जुड़ सकें।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना ने कहा उच्च शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के व्यक्तित्व, ज्ञान और भविष्य निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। हमारा प्रयास है कि जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी केवल सूचना के अभाव या विलंब के कारण प्रवेश से वंचित न रहे। सभी विद्यार्थी 31 जुलाई से पूर्व आवश्यक दस्तावेजों सहित महाविद्यालय पहुँच कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें तथा अभिभावक, शिक्षक एवं समाज के सभी जागरूक नागरिक भी इस अभियान में सहभागी बनकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने में सहयोग करें।

महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें तथा समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएँ।

 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का आयोजन



अनूपपुर । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महाविद्यालय के विज्ञान सभागार में "महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व" के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक एवं प्रेरणादाई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल सक्सेना के संरक्षण एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  रामलाल रौतेल जी अध्यक्ष मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में  राजेन्द्र तिवारी जी,  तथा  डी. एस. राव जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन प्रभारी प्राचार्य डॉ. जे. के. संत जी द्वारा दिया गया।

  दीपक त्रिपाठी जिला प्रमुख, गीता प्रतिष्ठानम्, अनूपपुर ने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति तथा गुरु के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया। इस अवसर पर श्रीमती आकांक्षा शुक्ला ने गुरु महिमा पर ओजस्वी काव्य पाठ प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में  पवन छिब्बर जी,  हरिशंकर वर्मा जी  ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का सफल संचालन  नीरज श्रीवास्तव विभागाध्यक्ष हिन्दी विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. आकांक्षा राठौर रही।अंत में  डॉ. राधा सिंह ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में डॉ देवेंद्र सिंह बागरी, डॉ विनोद कुमार कोल, डॉ हीरा सिंह गोंड, श्रीमती प्रीति वैश्य, डॉ सुधा साहू,  डॉ  ऋषिकेश चंद्रवंशी,डॉ तरन्नुम सरवत, डॉ शोभा तिवारी, डॉ फरहा  नाज, डॉ दुर्गेश कुमार द्विवेदी डॉ सूरज परवानी, डॉ बृजेंद्र सिंह  सहित अन्य महाविद्यालय के प्राध्यापक गण एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

गुरु पूर्णिमा के इस गरिमामय आयोजन ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय में भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान, संस्कार एवं प्रेरणा का संचार किया।

 नवागत कलेक्टर  रत्नाकर झा जी ने पदभार संभाला


अनूपपुर  । 29 जुलाई 2026 अनूपपुर जिले के नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा जी ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया है।  झा जी भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2012 बैच के अधिकारी हैं। 

नवागत कलेक्टर  झा जी इसके पूर्व अपर आयुक्त (राजस्व) उज्जैन के पद पर पदस्थ थे। इसके पूर्व उन्होंने कलेक्टर डिंडोरी, उपसचिव श्रम विभाग तथा लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग मध्य प्रदेश शासन सहित विभिन्न प्रशासनिक पदो के दायित्वों का निर्वहन किया हैं।

 भारत विकास परिषद एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित


अनूपपुर । आज दिनांक 26/07/2026 को ग्राम पंचायत ताराटांड़ में पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से भारत विकास परिषद एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पीपल, नीम, बरगद, जामुन, आम, अमरूद, आंवला, अनार, बेल, अर्जुन, , अशोक, गुलमोहर, शीशम, सागौन,  सहित अनेक प्रकार के फलदार, छायादार, औषधीय एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि  रविन्द्र कुमार सोनी जी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व रीजनल संगठन मंत्री डॉ. देवेन्द्र कुमार तिवारी जी एवं विंध्य प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख बीरेंद्र सिंह जी उपस्थित रहें।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी जी, सचिव आनंद पांडेय जी, शाखा सेवा प्रमुख रामप्रकाश द्विवेदी जी, शाखा संस्कार प्रमुख अनिल तिवारी जी, भारत विकास परिषद महिला एवं बाल विकास प्रमुख तथा पीएलवी विधिक स्वयंसेवक श्रीमती शब्दअधारी राठौर, शाखा सदस्य श्रीमती शालिनी मिश्रा, श्रीमती ऋषि तिवारी, राज तिवारी, नव्या तिवारी सहित परिषद के पदाधिकारी, सदस्य, विधिक स्वयंसेवक एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।

अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य धन हैं। वे शुद्ध वायु, छाया, वर्षा, औषधि, फल एवं पर्यावरण संतुलन प्रदान करते हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी किया जाए।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा भविष्य में भी अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उन्हें संरक्षित रखने का संदेश दिया।

 जनजातीय क्षेत्र में विधिक साक्षरता एवं ‘स्कूल चलें हम’ जागरूकता शिविर का आयोजन



अनूपपुर । 27 जुलाई 2026 मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर, श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में ग्राम उमर गोहान के विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति क्षेत्र में पैरालीगल वॉलंटियर्स द्वारा ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत निःशुल्क विधिक साक्षरता एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स ने उपस्थित ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता तथा आमजन को उपलब्ध कानूनी सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर पैरालीगल वॉलंटियर्स  आर्यन सोनी एवं आराध्या सोलंकी द्वारा बैगा जनजाति के बच्चों को स्कूल बैग, बिस्किट एवं केक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को यह संकल्प दिलाया गया कि ग्राम उमर गोहान का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा तथा प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय जाएगा। 

कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुना तथा उन्हें विधिक सहायता प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी दी।

शिविर में उपस्थित सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर, रावेंद्र कुमार सोनी जी ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए सभी बच्चों का विद्यालय में प्रवेश एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने आदिवासी एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा का अधिकार, वन अधिकार अधिनियम, विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

इसी क्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता आयुष सोनी ने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए संबंधित तहसील विधिक सेवा समिति, राजेंद्रग्राम अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर में आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि आमजन घर बैठे अपनी विधिक समस्या टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर कॉल कर दर्ज करा सकते हैं तथा आवश्यक विधिक परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर का मुख्य उद्देश्य विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति समुदाय को शिक्षा, विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना तथा यह सुनिश्चित करना था कि ग्राम का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए शिक्षा एवं विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

 जिला चिकित्सालय अनूपपुर में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न


अनूपपुर। 25 जुलाई 2026- जिला चिकित्सालय अनूपपुर में एस.वी. सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, शहडोल तथा जिला चिकित्सालय अनूपपुर के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में जिले एवं समीपवर्ती ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में आए नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर लाभान्वित हुए।

शिविर के दौरान मरीजों के रक्तचाप, रक्त शर्करा, ऑक्सीजन संतृप्ति सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए गए। परीक्षण उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार संबंधी मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

शिविर में यूरोलॉजी एवं जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. शिवेन्द्र सिंह तिवारी, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. श्रुति सिंह, शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रीनू शर्मा, न्यूरोसर्जरी विशेषज्ञ डॉ. विवेक शर्मा तथा जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अमित वर्मा ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का परीक्षण किया तथा उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुरूप आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया।

शिविर में नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। विशेषज्ञ चिकित्सकों से प्रत्यक्ष परामर्श एवं समुचित स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होने पर हितग्राहियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

एस.वी. सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, शहडोल के प्रबंधन ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले जिला चिकित्सालय अनूपपुर, समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिला प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों तथा उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।




 पैरालीगल वॉलेंटियर्स को साइबर सुरक्षा एवं ई-कोर्ट सेवाओं का दिया गया प्रशिक्षण

अनूपपुर । 23 जुलाई 2026 म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में होटल मंदाकिनी में पैरालीगल वॉलेंटियर्स के लिए "CIS साइबर सुरक्षा" विषय पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में श्रीमती माया विश्वलाल ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  रावेन्द्र सोनी जी ने पैरालीगल वॉलेंटियर्स की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों को ई-कोर्ट सेवाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान सिस्टम ऑफिसर  पवन सिंह जी ने केस स्टेटस, ई-फाइलिंग, ई-पे एवं अन्य ऑनलाइन न्यायिक सेवाओं का लाइव प्रदर्शन किया। साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल  राजेन्द्र अहिरवार जी एवं जिला सूचना अधिकारी  देवेंद्र कुमार देवांगन जी ने साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, मजबूत पासवर्ड, 2FA तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। अंत में पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स के अधिवक्तागण एवं बड़ी संख्या में पैरालीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।

 *अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल जी को प्राध्यापक संघ ने सौंपा ज्ञापन


*

 अनूपपुर । भोपाल मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल जी से 'प्रांतीय शासकीय महाविद्यालयीन प्राध्यापक संघ' के प्रतिनिधियों ने भेंट कर उच्च शिक्षा विभाग के प्राध्यापकों, ग्रंथ पालों एवं क्रीड़ा अधिकारियों की दीर्घकालीन लंबित मांगों के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

संघ ने  अध्यक्ष  रामलाल रौतेल जी के समक्ष अपनी बात रखते हुए अनुरोध किया कि प्रदेश के हजारों शिक्षकों व अधिकारियों के हित में वे स्वयं हस्तक्षेप करें और माननीय मुख्यमंत्री तथा माननीय उच्च शिक्षा मंत्री जी को अपनी ओर से विशेष अनुशंसा पत्र प्रेषित करें।

 अध्यक्ष जी को सौंपी गई प्रमुख 6 सूत्रीय मांगें:

2004-2005 के बैकलॉग शिक्षक वर्ष 2004 एवं 2005 में नियुक्त बैकलॉग सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि 2 वर्ष पूर्ण होने पर समाप्त मानी जाए तथा उन्हें कैरियर उन्नयन का लाभ मिले। आवश्यक योग्यता न रखने वालों को 2028 तक का समय दिया जाए।

पदनाम एवं सेवानिवृत्ति आयु: 

ग्रंथ पालों एवं क्रीड़ा अधिकारियों को सहायक प्राध्यापक/सह-प्राध्यापक/प्राध्यापक का पदनाम प्रदान किया जाए, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष की जाए तथा UGC 2018 विनियम लागू हों।

2009, 2011 एवं 2019 बैच का नियमितीकरण: इन वर्षों में नियमितीकृत सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त कर CAS का लाभ तुरंत दिया जाए और छानबीन समिति की बैठकें नियमित हों।

समयबद्ध पदोन्नति:

 पात्रता अनुसार सहायक प्राध्यापकों एवं सह-प्राध्यापकों को समयबद्ध (Time-bound) पदोन्नति प्रदान की जाए।

सेवानिवृत्त प्राध्यापकों के लंबित भुगतान:

 सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन, वेतन निर्धारण, अर्जित अवकाश एवं समूह बीमा के भुगतानों का तुरंत निराकरण किया जाए।

परामर्शदात्री समिति की बैठकें

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के नियमों के अनुसार उच्च शिक्षा विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठकें नियमित आयोजित हों।

*आयोग अध्यक्ष जी पर जताया विश्वास *

प्रांतीय शासकीय महाविद्यालयीन प्राध्यापक संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि अध्यक्ष रामलाल रौतेल जी की संवेदनशीलता और नेतृत्व पर संघ को पूर्ण विश्वास है। उन्हें उम्मीद है कि  अध्यक्ष जी की अनुशंसा से शासन स्तर पर अटके इन गंभीर मामलों का शीघ्र और न्यायपूर्ण निराकरण हो सकेगा।

 कोतवाली के साये में बैंक सुरक्षा भगवान भरोसे!

रात 2 बजे से सुबह तक बजता रहा पंजाब नेशनल बैंक का हूटर, जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी; रातभर नागरिक करते रहे चौकीदारी


अनूपपुर। जिला मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर शुक्रवार की रात उस समय बड़ा सवाल खड़ा हो गया, जब कोतवाली थाना से महज लगभग 150 मीटर की दूरी पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक का सुरक्षा हूटर रात करीब 2:00 बजे से लगातार बजता रहा। हैरानी की बात यह रही कि घंटों तक सायरन गूंजता रहा, लेकिन न तो बैंक प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े जिम्मेदारों ने कोई तत्परता दिखाई।

लगातार बजते हूटर से आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल बना रहा। चोरी या किसी अन्य अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने स्वयं रातभर बैंक के आसपास निगरानी की। वहीं दूसरी ओर, तेज आवाज के कारण क्षेत्र के बुजुर्ग, बीमार, छोटे बच्चों वाले परिवार तथा उच्च रक्तचाप के मरीज पूरी रात सो नहीं सके।

सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब बैंक शहर के सबसे संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है और कोतवाली की दूरी महज डेढ़ सौ मीटर है, तब भी घंटों तक बजते सुरक्षा अलार्म पर किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी? क्या रात्रिकालीन गश्ती दल ने इस मार्ग से गुजरना भी उचित नहीं समझा, या फिर सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक ही सीमित रह गई है?

यदि यह केवल तकनीकी खराबी थी, तब भी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करना बैंक प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसी की जिम्मेदारी थी। लेकिन यदि किसी वास्तविक आपराधिक घटना के दौरान भी यही स्थिति रहती, तो उसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते थे। यह घटना सुरक्षा तंत्र की संवेदनशीलता और जवाबदेही दोनों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

अब आवश्यकता है कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं बैंक के उच्च अधिकारी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएं, यह स्पष्ट करें कि रातभर हूटर बजने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई, रात्रिकालीन गश्त की वास्तविक स्थिति क्या थी और इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।

जनता का सवाल सीधा है,यदि कोतवाली के पास स्थित बैंक ही सुरक्षित नहीं दिखता, तो जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित बैंकों की सुरक्षा का भरोसा आखिर किसके भरोसे है?


*कपूर का पेड़


*

एक अकेला कपूर का पेड़ आधे किलोमीटर के दायरे तक की हवा को शुद्ध करता है। 

अब ये पेड़ खेतों में लगाए जा रहे हैं, क्योंकि ये बहुत विशाल होते हैं — लगभग 80 से 90 फीट ऊँचे — और इनकी जड़ें जमीन में गहराई तक जाती हैं और दूर-दूर तक फैलती हैं।

अपने व्यापारिक फायदे के लिए अंग्रेजों ने हमसे ये शानदार देशी पेड़ कटवाकर चाय और रबर के बागान लगवाए। ये बहुत दुख की बात है कि आज ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं कि कपूर का पेड़ सच में होता भी है।

ये पेड़ भारत से लगभग गायब हो चुका है। लोगों को खुले स्थानों पर कपूर के पेड़ लगाने का प्रयास करना चाहिए और हमारे क्षेत्र में विलुप्त हो रही इस प्रजाति को फिर से जीवित करने में मदद करनी चाहिए।

जैसा बताया गया, एक कपूर का पेड़ आधे किलोमीटर तक हवा शुद्ध करता है। शुद्ध कपूर के फायदे तो सभी जानते हैं, लेकिन पूजा में जो कपूर हम इस्तेमाल करते हैं वो असली कपूर नहीं होता; इसके नुकसान अक्सर फायदों से ज्यादा होते हैं। *भीमसेनी कपूर* ही असली शुद्ध कपूर है, और ये इसी पेड़ से सीधे निकलता है।

*पौधे कहाँ से लें:*

पौधे Amazon से मंगवा सकते हैं या नाशिक में 'हिरवे पुण्य नर्सरी' से ले सकते हैं।

*आकाश अहाले | _कपूर पौधा बुकिंग फॉर्म — हिरवे पुण्य नर्सरी*_

- कपूर के पौधे बुक करने के लिए, नीचे दिए गए लिंक पर अपनी जानकारी भरें और भुगतान पूरा करें।

- पौधों की बिक्री 15 जून से शुरू होगी।

- चूंकि अभी पौधे काफी छोटे हैं, जो लोग नर्सरी आ सकते हैं वो सीधे नर्सरी से अपने ऑर्डर ले जाएं।

- जिन्हें बस ट्रांसपोर्ट से डिलीवरी चाहिए, उनसे अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज लिया जाएगा; सही खर्च पार्सल बुक करते समय बता दिया जाएगा।

*पौधे की कीमत*: ₹150 प्रति पौधा  

*पौधे की ऊँचाई*: 6 इंच से 1 फुट

*संपर्क करें:*

- *पुणे और बाकी महाराष्ट्र* के लिए: अमृता पारेख – 8329208882

- *मुंबई–कोंकण या अन्य राज्यों* के लिए: चिरंतन पारेख – 9673917771

*हिरवेपुण्य नर्सरी का पता* –  

MSEB सब-स्टेशन के पास, पाथर्डी रोड, इंदिरानगर, नाशिक – 422009  

ऑफिस नं.: 02532970018 | मोबाइल: 9673917771

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget