प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का आयोजन



अनूपपुर । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महाविद्यालय के विज्ञान सभागार में "महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व" के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक एवं प्रेरणादाई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल सक्सेना के संरक्षण एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  रामलाल रौतेल जी अध्यक्ष मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में  राजेन्द्र तिवारी जी,  तथा  डी. एस. राव जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन प्रभारी प्राचार्य डॉ. जे. के. संत जी द्वारा दिया गया।

  दीपक त्रिपाठी जिला प्रमुख, गीता प्रतिष्ठानम्, अनूपपुर ने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति तथा गुरु के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया। इस अवसर पर श्रीमती आकांक्षा शुक्ला ने गुरु महिमा पर ओजस्वी काव्य पाठ प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में  पवन छिब्बर जी,  हरिशंकर वर्मा जी  ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का सफल संचालन  नीरज श्रीवास्तव विभागाध्यक्ष हिन्दी विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. आकांक्षा राठौर रही।अंत में  डॉ. राधा सिंह ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में डॉ देवेंद्र सिंह बागरी, डॉ विनोद कुमार कोल, डॉ हीरा सिंह गोंड, श्रीमती प्रीति वैश्य, डॉ सुधा साहू,  डॉ  ऋषिकेश चंद्रवंशी,डॉ तरन्नुम सरवत, डॉ शोभा तिवारी, डॉ फरहा  नाज, डॉ दुर्गेश कुमार द्विवेदी डॉ सूरज परवानी, डॉ बृजेंद्र सिंह  सहित अन्य महाविद्यालय के प्राध्यापक गण एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

गुरु पूर्णिमा के इस गरिमामय आयोजन ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय में भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान, संस्कार एवं प्रेरणा का संचार किया।

 नवागत कलेक्टर  रत्नाकर झा जी ने पदभार संभाला


अनूपपुर  । 29 जुलाई 2026 अनूपपुर जिले के नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा जी ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया है।  झा जी भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2012 बैच के अधिकारी हैं। 

नवागत कलेक्टर  झा जी इसके पूर्व अपर आयुक्त (राजस्व) उज्जैन के पद पर पदस्थ थे। इसके पूर्व उन्होंने कलेक्टर डिंडोरी, उपसचिव श्रम विभाग तथा लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग मध्य प्रदेश शासन सहित विभिन्न प्रशासनिक पदो के दायित्वों का निर्वहन किया हैं।

 जनजातीय क्षेत्र में विधिक साक्षरता एवं ‘स्कूल चलें हम’ जागरूकता शिविर का आयोजन



अनूपपुर । 27 जुलाई 2026 मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर, श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में ग्राम उमर गोहान के विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति क्षेत्र में पैरालीगल वॉलंटियर्स द्वारा ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत निःशुल्क विधिक साक्षरता एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स ने उपस्थित ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता तथा आमजन को उपलब्ध कानूनी सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर पैरालीगल वॉलंटियर्स  आर्यन सोनी एवं आराध्या सोलंकी द्वारा बैगा जनजाति के बच्चों को स्कूल बैग, बिस्किट एवं केक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को यह संकल्प दिलाया गया कि ग्राम उमर गोहान का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा तथा प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय जाएगा। 

कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुना तथा उन्हें विधिक सहायता प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी दी।

शिविर में उपस्थित सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर, रावेंद्र कुमार सोनी जी ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए सभी बच्चों का विद्यालय में प्रवेश एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने आदिवासी एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा का अधिकार, वन अधिकार अधिनियम, विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

इसी क्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता आयुष सोनी ने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए संबंधित तहसील विधिक सेवा समिति, राजेंद्रग्राम अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर में आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि आमजन घर बैठे अपनी विधिक समस्या टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर कॉल कर दर्ज करा सकते हैं तथा आवश्यक विधिक परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर का मुख्य उद्देश्य विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति समुदाय को शिक्षा, विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना तथा यह सुनिश्चित करना था कि ग्राम का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए शिक्षा एवं विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

 जिला चिकित्सालय अनूपपुर में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न


अनूपपुर। 25 जुलाई 2026- जिला चिकित्सालय अनूपपुर में एस.वी. सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, शहडोल तथा जिला चिकित्सालय अनूपपुर के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में जिले एवं समीपवर्ती ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में आए नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर लाभान्वित हुए।

शिविर के दौरान मरीजों के रक्तचाप, रक्त शर्करा, ऑक्सीजन संतृप्ति सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए गए। परीक्षण उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार संबंधी मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

शिविर में यूरोलॉजी एवं जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. शिवेन्द्र सिंह तिवारी, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. श्रुति सिंह, शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रीनू शर्मा, न्यूरोसर्जरी विशेषज्ञ डॉ. विवेक शर्मा तथा जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अमित वर्मा ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का परीक्षण किया तथा उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुरूप आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया।

शिविर में नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। विशेषज्ञ चिकित्सकों से प्रत्यक्ष परामर्श एवं समुचित स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होने पर हितग्राहियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

एस.वी. सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, शहडोल के प्रबंधन ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले जिला चिकित्सालय अनूपपुर, समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिला प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों तथा उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 *तुलसी महाविद्यालय में "नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान" के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान



अनूपपुर । 23 जुलाई 2026 पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार तथा महाविद्यालय के  प्राचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार सक्सेना के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में "नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान" के अंतर्गत 15 से 23 जुलाई 2026 तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज से नशे का उन्मूलन तथा विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

अभियान की शुरुआत 15 जुलाई को नशा मुक्ति शपथ के साथ हुई, जिसमें प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं समस्त स्टाफ को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई। 17 जुलाई को महाविद्यालय के सभागार में नशा मुक्ति विषयक विशेष व्याख्यान एवं लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। 20 जुलाई को आयोजित कार्यशाला में थाना कोतवाली अनूपपुर के एएसआई  कोमल अरजरिया ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा सभी को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया।

21 जुलाई को अभियान के अंतर्गत चित्रकला, निबंध लेखन, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का समापन 23 जुलाई को रंगोली प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर जुलाई माह में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में प्रभारी प्राचार्य डॉ. जे. के. संत ने प्रेरक कहानी के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाने का संदेश दिया। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने अपनी ओजस्वी कविता के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। रसायन विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषिकेष चंद्रवंशी ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। वहीं प्राणीशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. सुधा साहू ने बताया कि नशे का सबसे अधिक दुष्प्रभाव परिवार, विशेषकर बच्चों एवं महिलाओं पर पड़ता है, जिससे परिवार का भविष्य संकटग्रस्त हो जाता है। समापन समारोह में  पोस्टर प्रतियोगिता में प्रिया राठौर, अल्फिया कुरेशी, नंदनी राठौर, चन्द्रवती केवट एवं निबंध लेखन में रूपाली कुशवाहा, अल्फिया कुरैशी, रंगोली प्रतियोगिता में महिमा शर्मा, प्रीति उपाध्याय, रिमझिम, जान्हवी, हेमा यादव, लक्ष्मी, अंजली, स्वाती, स्नेहा, मोहिनी को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक डॉ. ज्ञान प्रकाश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के प्रभारी प्रो. विनोद कुमार कोल ने किया तथा आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. पूनम धांडे ने किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. शाहबाज खान, डॉ. तरन्नुम सरवत, डॉ. अजय कुमार जायसवाल, श्रीमती वंदना प्रजापति सहित समस्त शैक्षणिक स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। अशैक्षणिक स्टाफ की ओर से  दुकालू बैगा का विशेष योगदान रहा।

 *अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल जी को प्राध्यापक संघ ने सौंपा ज्ञापन


*

 अनूपपुर । भोपाल मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल जी से 'प्रांतीय शासकीय महाविद्यालयीन प्राध्यापक संघ' के प्रतिनिधियों ने भेंट कर उच्च शिक्षा विभाग के प्राध्यापकों, ग्रंथ पालों एवं क्रीड़ा अधिकारियों की दीर्घकालीन लंबित मांगों के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

संघ ने  अध्यक्ष  रामलाल रौतेल जी के समक्ष अपनी बात रखते हुए अनुरोध किया कि प्रदेश के हजारों शिक्षकों व अधिकारियों के हित में वे स्वयं हस्तक्षेप करें और माननीय मुख्यमंत्री तथा माननीय उच्च शिक्षा मंत्री जी को अपनी ओर से विशेष अनुशंसा पत्र प्रेषित करें।

 अध्यक्ष जी को सौंपी गई प्रमुख 6 सूत्रीय मांगें:

2004-2005 के बैकलॉग शिक्षक वर्ष 2004 एवं 2005 में नियुक्त बैकलॉग सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि 2 वर्ष पूर्ण होने पर समाप्त मानी जाए तथा उन्हें कैरियर उन्नयन का लाभ मिले। आवश्यक योग्यता न रखने वालों को 2028 तक का समय दिया जाए।

पदनाम एवं सेवानिवृत्ति आयु: 

ग्रंथ पालों एवं क्रीड़ा अधिकारियों को सहायक प्राध्यापक/सह-प्राध्यापक/प्राध्यापक का पदनाम प्रदान किया जाए, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष की जाए तथा UGC 2018 विनियम लागू हों।

2009, 2011 एवं 2019 बैच का नियमितीकरण: इन वर्षों में नियमितीकृत सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त कर CAS का लाभ तुरंत दिया जाए और छानबीन समिति की बैठकें नियमित हों।

समयबद्ध पदोन्नति:

 पात्रता अनुसार सहायक प्राध्यापकों एवं सह-प्राध्यापकों को समयबद्ध (Time-bound) पदोन्नति प्रदान की जाए।

सेवानिवृत्त प्राध्यापकों के लंबित भुगतान:

 सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन, वेतन निर्धारण, अर्जित अवकाश एवं समूह बीमा के भुगतानों का तुरंत निराकरण किया जाए।

परामर्शदात्री समिति की बैठकें

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के नियमों के अनुसार उच्च शिक्षा विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठकें नियमित आयोजित हों।

*आयोग अध्यक्ष जी पर जताया विश्वास *

प्रांतीय शासकीय महाविद्यालयीन प्राध्यापक संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि अध्यक्ष रामलाल रौतेल जी की संवेदनशीलता और नेतृत्व पर संघ को पूर्ण विश्वास है। उन्हें उम्मीद है कि  अध्यक्ष जी की अनुशंसा से शासन स्तर पर अटके इन गंभीर मामलों का शीघ्र और न्यायपूर्ण निराकरण हो सकेगा।

 कोतवाली के साये में बैंक सुरक्षा भगवान भरोसे!

रात 2 बजे से सुबह तक बजता रहा पंजाब नेशनल बैंक का हूटर, जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी; रातभर नागरिक करते रहे चौकीदारी


अनूपपुर। जिला मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर शुक्रवार की रात उस समय बड़ा सवाल खड़ा हो गया, जब कोतवाली थाना से महज लगभग 150 मीटर की दूरी पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक का सुरक्षा हूटर रात करीब 2:00 बजे से लगातार बजता रहा। हैरानी की बात यह रही कि घंटों तक सायरन गूंजता रहा, लेकिन न तो बैंक प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े जिम्मेदारों ने कोई तत्परता दिखाई।

लगातार बजते हूटर से आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल बना रहा। चोरी या किसी अन्य अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने स्वयं रातभर बैंक के आसपास निगरानी की। वहीं दूसरी ओर, तेज आवाज के कारण क्षेत्र के बुजुर्ग, बीमार, छोटे बच्चों वाले परिवार तथा उच्च रक्तचाप के मरीज पूरी रात सो नहीं सके।

सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब बैंक शहर के सबसे संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है और कोतवाली की दूरी महज डेढ़ सौ मीटर है, तब भी घंटों तक बजते सुरक्षा अलार्म पर किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी? क्या रात्रिकालीन गश्ती दल ने इस मार्ग से गुजरना भी उचित नहीं समझा, या फिर सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक ही सीमित रह गई है?

यदि यह केवल तकनीकी खराबी थी, तब भी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करना बैंक प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसी की जिम्मेदारी थी। लेकिन यदि किसी वास्तविक आपराधिक घटना के दौरान भी यही स्थिति रहती, तो उसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते थे। यह घटना सुरक्षा तंत्र की संवेदनशीलता और जवाबदेही दोनों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

अब आवश्यकता है कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं बैंक के उच्च अधिकारी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएं, यह स्पष्ट करें कि रातभर हूटर बजने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई, रात्रिकालीन गश्त की वास्तविक स्थिति क्या थी और इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।

जनता का सवाल सीधा है,यदि कोतवाली के पास स्थित बैंक ही सुरक्षित नहीं दिखता, तो जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित बैंकों की सुरक्षा का भरोसा आखिर किसके भरोसे है?


*कपूर का पेड़


*

एक अकेला कपूर का पेड़ आधे किलोमीटर के दायरे तक की हवा को शुद्ध करता है। 

अब ये पेड़ खेतों में लगाए जा रहे हैं, क्योंकि ये बहुत विशाल होते हैं — लगभग 80 से 90 फीट ऊँचे — और इनकी जड़ें जमीन में गहराई तक जाती हैं और दूर-दूर तक फैलती हैं।

अपने व्यापारिक फायदे के लिए अंग्रेजों ने हमसे ये शानदार देशी पेड़ कटवाकर चाय और रबर के बागान लगवाए। ये बहुत दुख की बात है कि आज ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं कि कपूर का पेड़ सच में होता भी है।

ये पेड़ भारत से लगभग गायब हो चुका है। लोगों को खुले स्थानों पर कपूर के पेड़ लगाने का प्रयास करना चाहिए और हमारे क्षेत्र में विलुप्त हो रही इस प्रजाति को फिर से जीवित करने में मदद करनी चाहिए।

जैसा बताया गया, एक कपूर का पेड़ आधे किलोमीटर तक हवा शुद्ध करता है। शुद्ध कपूर के फायदे तो सभी जानते हैं, लेकिन पूजा में जो कपूर हम इस्तेमाल करते हैं वो असली कपूर नहीं होता; इसके नुकसान अक्सर फायदों से ज्यादा होते हैं। *भीमसेनी कपूर* ही असली शुद्ध कपूर है, और ये इसी पेड़ से सीधे निकलता है।

*पौधे कहाँ से लें:*

पौधे Amazon से मंगवा सकते हैं या नाशिक में 'हिरवे पुण्य नर्सरी' से ले सकते हैं।

*आकाश अहाले | _कपूर पौधा बुकिंग फॉर्म — हिरवे पुण्य नर्सरी*_

- कपूर के पौधे बुक करने के लिए, नीचे दिए गए लिंक पर अपनी जानकारी भरें और भुगतान पूरा करें।

- पौधों की बिक्री 15 जून से शुरू होगी।

- चूंकि अभी पौधे काफी छोटे हैं, जो लोग नर्सरी आ सकते हैं वो सीधे नर्सरी से अपने ऑर्डर ले जाएं।

- जिन्हें बस ट्रांसपोर्ट से डिलीवरी चाहिए, उनसे अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज लिया जाएगा; सही खर्च पार्सल बुक करते समय बता दिया जाएगा।

*पौधे की कीमत*: ₹150 प्रति पौधा  

*पौधे की ऊँचाई*: 6 इंच से 1 फुट

*संपर्क करें:*

- *पुणे और बाकी महाराष्ट्र* के लिए: अमृता पारेख – 8329208882

- *मुंबई–कोंकण या अन्य राज्यों* के लिए: चिरंतन पारेख – 9673917771

*हिरवेपुण्य नर्सरी का पता* –  

MSEB सब-स्टेशन के पास, पाथर्डी रोड, इंदिरानगर, नाशिक – 422009  

ऑफिस नं.: 02532970018 | मोबाइल: 9673917771

 शासकीय तुलसी महाविद्यालय में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण पर ऑनलाइन प्रशिक्षण सम्पन्न



 अनूपपुर । आयुक्त, उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में 7 जुलाई 2026 को "विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण" विषय पर ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के कक्ष क्रमांक–12 में दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक सहयोग, सकारात्मक संवाद, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान तथा समय पर उचित परामर्श एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के प्रभावी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारियों की भूमिका को विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं मानसिक सुदृढ़ता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की संवेदनशीलता तथा सकारात्मक सहयोग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक रूप से उपयोग करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पूर्ण अवधि तक सहभागिता की तथा उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर किए। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं व्यवहारिक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की।

 कार्यक्रम का सफल आयोजन महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ के सहयोग से सम्पन्न हुआ।

 *जंगल का विकास या शहर का वनवास?

बीरेंद्र सिंह (अनूपपुर)


कभी गांव और शहर के लोग जंगल घूमने जाते थे, आज जंगल के निवासी गांव और शहर का भ्रमण करने निकल पड़े हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि इंसान पिकनिक मनाने जाता है और हाथी-बंदर "राशन-पानी" की तलाश में।

आज गांव हो या शहर, हर तरफ एक ही चर्चा है—"हाथी आ गए...", "बंदरों ने हमला कर दिया...", "फसल चौपट हो गई...", "छत पर रखे फल गायब हो गए..."। वन विभाग की गाड़ियां दौड़ती हैं, प्रशासन बैठकें करता है, मुआवजे की फाइलें खुलती हैं और अखबारों में सुर्खियां बनती हैं। कुछ दिन बाद सब कुछ सामान्य हो जाता है, फिर वही हाथी, वही बंदर और वही परेशान जनता।

ऐसा लगता है कि हाथियों और बंदरों ने भी अब अपना स्थायी पता बदल लिया है। जंगल में उनका आधार कार्ड शायद निष्क्रिय हो गया है और गांव-शहर उनका नया निवास बन चुका है।

सरकार हर साल करोड़ों रुपये मुआवजे के रूप में खर्च करती है। किसी की फसल नष्ट हुई, किसी का मकान टूटा, किसी की दुकान उजड़ी, किसी की जान चली गई। मुआवजे की घोषणा होती है, कागज बनते हैं, जांच होती है और महीनों बाद कुछ राशि मिलती है। लेकिन किसी ने यह नहीं पूछा कि आखिर हाथी और बंदर जंगल छोड़कर बाहर क्यों आ रहे हैं?

जंगल के जानवरों ने शायद अपनी भाषा में वन विभाग को आवेदन लिखा होगा—"मान्यवर, जंगल में खाने को कुछ नहीं बचा। फलदार पेड़ कट गए, प्राकृतिक भोजन समाप्त हो गया। इसलिए मजबूरी में गांव की ओर आना पड़ रहा है। कृपया हमें अपराधी न समझें, हम केवल भूखे हैं।"

यदि यह आवेदन सचमुच लिखा जाता, तो शायद फाइल किसी अलमारी में धूल खा रही होती।

विडंबना देखिए, जंगल में पौधे लगाए जाते हैं, लेकिन ऐसे जिनसे न हाथी का पेट भरता है, न बंदर का। फलदार वृक्षों की जगह सजावटी पौधों की संख्या बढ़ती जाती है। फिर आश्चर्य व्यक्त किया जाता है कि जानवर गांव क्यों आ रहे हैं!

लगता है योजना बनाने वालों ने यह मान लिया है कि हाथी भी अब बिस्कुट खाएगा और बंदर ऑनलाइन फल मंगवाएगा।

वन विभाग की पूरी ताकत हाथियों को गांव से भगाने में लग जाती है, लेकिन उन्हें जंगल में रोकने की स्थायी व्यवस्था पर कम ध्यान दिखाई देता है। यह वैसा ही है जैसे घर में भोजन न बनाकर रोज़ भूखे बच्चें को पड़ोसी के घर जाने से रोका जाए।

अगर जंगल में आम, जामुन, कटहल, बेल, बरगद, पीपल, गूलर, महुआ और अन्य फलदार वृक्षों का बड़े पैमाने पर रोपण किया जाए, तो हाथियों और बंदरों को भोजन के लिए गांव-शहर की ओर भटकना ही क्यों पड़े?

सवाल यह नहीं कि हाथी गांव में क्यों आया। असली सवाल यह है कि जंगल में ऐसा क्या नहीं बचा, जिसने उसे गांव आने पर मजबूर कर दिया।

आज आवश्यकता केवल मुआवजा बांटने की नहीं, बल्कि जंगल को फिर से समृद्ध बनाने की है। जब जंगल में भोजन होगा, पानी होगा और प्राकृतिक आवास सुरक्षित होगा, तब हाथी भी वहीं रहेगा, बंदर भी वहीं रहेगा और गांव-शहर के लोग भी चैन की सांस लेंगे।

अन्यथा आने वाले समय में स्थिति ऐसी भी हो सकती है कि जंगल के प्रवेश द्वार पर बोर्ड लगा हो—"यहां कभी हाथी और बंदर रहते थे। वर्तमान पता—निकटतम गांव एवं शहर।"

व्यंग्य अपनी जगह है, लेकिन सच्चाई यही है कि यदि जंगल बचेंगे, तभी जंगल के जीव बचेंगे और तभी गांव-शहर भी सुरक्षित रहेंगे। समाधान जानवरों को दोषी ठहराने में नहीं, बल्कि उनके प्राकृतिक घर को फिर से समृद्ध बनाने में है।


 *रामपुर बटुरा कोयला खदान के जय अम्बे कम्पनी के आफिस में देशी कट्टे से फायर कर हत्या के प्रयास का मुख्य आरोपी कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा नासिक (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार


अनूपपुर । पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रान्त मुराब (भारतीय पुलिस सेवा) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी अनूपपुर  नवीन तिवारी के मार्ग दर्शन में थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा एस.ई.सी.एल की रामपुर बटुरा ओपन कोल माइन्स के जय अम्बे प्रायवेट लिमिटेड के ग्राम खांडा स्थित कार्यालय में दिनांक 07.06.2026 को दोपहर करीब 03 बजे पहुंचकर देशी कट्टा से फायर कर हत्या के प्रयास के मुख्य आरोपी  राम विश्वकर्मा निवासी ग्राम रामपुर थाना अमलाई जिला शहडोल को नासिक (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 07.06.2026 को जय अम्बे इंडस्ट्रीज प्रायवेट लिमिटेड में काम करने वाले टाईम कीपर अमन सिंह क्षत्रीय पिता लल्लू सिंह सोलंकी उम्र करीब 22 वर्ष निवासी ग्राम लमकना थाना बडवारा जिला कटनी के द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई की दिनांक 07.06.2026 को दोपहर करीब 03 बजे ग्राम खांडा में कंपनी के कार्यालय में सहकर्मचारी रोहित तिवारी, मनमोहन केवट, जीतेन्द्र प्रसाद, प्रभात कुशवाहा, कृष्णकांत पाण्डेय, पारस एवं अन्य के साथ आफिस का काम कर रहे थे तभी श्रीराम विश्वकर्मा अपने दो साथियों पप्पू विश्वकर्मा और मिथलेश विश्वकर्मा के साथ कार्यालय में घुस आया और बोलने लगा की तुम लोग हमारे 8-10 लोगों को काम पर नहीं रखते हों और इसी बात पर विवाद करते हुये मां बहन की गंदी गंदी गाली देते हुये श्रीराम विश्वकर्मा ने कमर के पास से देशी कट्टा निकाल कर जान से मारने के लिये फायर कर दिया तभी गार्ड पारस के द्वारा धक्का दिये जाने से गोली आफिस के फर्श की टाईल्स में जा धसी और तीनों व्यक्ति जान से मारने की धमकी देते हुये चले गये उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्र. 324/2026 धारा 109 (1), 296 (बी), 351(2), 331(7),333,3(5) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट पंजीबद्ध किया गया। उक्त प्रकरण की विवेचना में दिनांक 10.06.2026 को आरोपी पप्पू विश्वकर्मा पिता गोविन्द प्रसाद विश्वकर्मा उम्र करीब 40 वर्ष निवासी रामपुर थाना अमलाई जिला शहडोल एवं दिनांक 11.06.2026 को आरोपी मिथलेश चर्मकार पिता रामनरेश चर्मकार उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम रामपुर थाना अमलाई जिला शहडोल को गिरफ्तार किया जाने पर माननीय न्यायालय द्वारा जेल भेजा गया है। उक्त प्रकरण का मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा घटना बारदात के तुरन्त बाद फरार हो गया था जो कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की गई।

टी.आई कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयपुश लकडा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक शिवशंकर प्रजापति, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार (सायबर सेल), आरक्षक अमित यादव, आरक्षक पंकज मिश्रा (सायबर सेल) की टीम के द्वारा मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा पिता गोविन्द प्रसाद विश्वकर्मा उम्र 39 वर्ष निवासी ग्राम रामपुर थाना अमलाई जिला शहडोल को नासिक (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया जाकर आरोपी से बारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा जप्त किया गया है । पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रान्त मुराब द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर की उक्त टीम को देशी कट्टा से फायर कर हत्या के प्रयास मुख्य आरोपी को नासिक (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार करने के लिये पुरुस्कृत करने की घोषणा की गई है।

 तुलसी महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प


अनूपपुर । 25 जून 2026 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की शक्ति है और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्ति का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। 

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जे.के. संत सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

 भारत विकास परिषद शाखा छतरपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भारी संख्या में योग कराया


 योग स्वस्थ जीवन का आधार - कमल अग्रवाल  

छतरपुर । भारत विकास परिषद शाखा छतरपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छतरपुर शाखा द्वारा सदस्यों ने भारी संख्या में विंध्य प्रांत के उपाध्यक्ष योगी कमल अग्रवाल द्वारा योग कराया गया । योग करते समय उन्होंने कहा स्वस्थ जीवन का आधार योग है । स्वस्थ रहने के लिए बच्चों से बुजुर्ग तक प्रतिदिन योग करना चाहिए जिससे सभी स्वस्थ रह सके। तथा साथ में शाकाहारी भोजन फल दूध ले, मांस मछली अंडा शराब बीड़ी सिगरेट ना पिए , तथा गुटखा ना खाएं  तभी योग सफल होगा एवं सभी स्वस्थ रहेंगे इस योग दिवस  पर विंध्य प्रांत के महामंत्री आलोक टिकरया ,शाखा अध्यक्ष अनुपम टिकरया, सचिव उमेश लालवानी, कोषाध्यक्ष पूरन लाल गुप्ता ,लल्ला जगत सिंह, डॉक्टर एस के चौरसिया, एम डी, राजेंद्र अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल , रघुनाथ शर्मा, दीपक खरे, प्रकाश जैन,  विनोद गुप्ता, स्वतंत्र शर्मा, राजीव रसिया ,अशोक रसिया ,जगदीश टिकरया सहित शाखा के अनेक सदस्य मातृशक्ति बच्चों सहित उपस्थित रहें कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


















 प्रांतीय कार्यशाला ‘उद्दीपन’ 2026-27 का भव्य एवं सफल आयोजन सम्पन्न

रीवा। भारत विकास परिषद, विंध्य प्रांत की प्रांतीय कार्यशाला ‘उद्दीपन’ 2026-27 का सफल एवं गरिमामय आयोजन रीवा शाखा के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यशाला में विंध्य प्रांत की 12 शाखाओं से 112 दायित्व धारी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रांतीय पदाधिकारियों का दायित्व ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के लोकप्रिय जननायक, विकास पुरुष, स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री माननीय  राजेन्द्र शुक्ल जी ने नव-निर्वाचित प्रांतीय पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। अपने प्रेरणादाई उद्बोधन में उन्होंने भारत विकास परिषद को एक संस्कारित, स्वस्थ, समृद्ध एवं समाजोपयोगी संस्था बताते हुए कहा कि परिषद सेवा, संस्कार, सहयोग, समर्पण एवं संस्कृति के पांच प्रमुख प्रकल्पों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने संस्था के कार्यों को और अधिक व्यापक बनाने हेतु सभी सदस्यों से सहयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां भारती तथा युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा। रीजन से पधारे पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ, तिलक एवं सम्मान पट्टिका भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में रीजनल अध्यक्ष  सुनील कोठारी जी, रीजनल महासचिव  सुधीर अग्रवाल जी, रीजनल ऑडिटर सीए सत्यम केसरवानी एवं रीजनल संपर्क संयोजक  शक्ति सुमन जौहरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान विंध्य प्रांत के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ा। पहली बार एक ही दिन में रीवा शाखा के सचिव  राजेन्द्र ताम्रकार जी को ‘विकास रत्न’ की उपाधि से सम्मानित किया गया, वहीं 12 सदस्यों को ‘विकास मित्र’ घोषित किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व विंध्य प्रांत में केवल एक ही विकास मित्र थे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रां. संरक्षक राकेश अग्रवाल जी, प्रां. सलाहकार रमेश कुमार अग्रवाल जी, प्रांत अध्यक्ष  योगेश जैन जी, प्रांत महासचिव  आलोक ठिकरिया जी, प्रांत कोषाध्यक्ष  नवीन केशरी जी, प्रांतीय उपाध्यक्ष ओ पी राय जी, प्रांतीय उपाध्यक्ष कमल अग्रवाल जी,प्रांतीय महिला गतिविधि संयोजक श्रीमती अनुराधा श्रीवास्तव, प्रांतीय सेवा संयोजक  अतुल जैन जी, प्रांतीय संयोजक संपर्क   प्रदीप जैन जी, प्रांतीय संयोजक -संस्कार शिवम भारती ,प्रांतीय पर्यावरण प्रमुख  संजय गुप्ता जी, प्रांतीय भारत को जानो श्रीमती अनमोल केसरवानी, प्रांतीय गुरु वंदन छात्र अभिनंदन सुरेश विश्नोई जी, प्रांतीय संस्कृति सप्ताह प्रमुख श्रीमती श्वेता जैन, प्रांतीय प्रचार प्रसार प्रमुख बीरेंद्र सिंह जी,  प्रांतीय संयोजक की स्थापना दिवस रविंद्र गुप्ता जी, प्रांतीय संयोजक जयंती एवं त्यौहार प्रकाश 

 शर्मा जी,शाखा अध्यक्ष  कमल सूरी जी, शाखा सचिव  राजेन्द्र ताम्रकार जी एवं कोषाध्यक्ष  दलवीर द्विवेदी जी ने सभी शाखाओं, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह कार्यशाला संगठनात्मक सुदृढ़ ता, सेवा भावना एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करने वाली सिद्ध हुई।

 *विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम हेतु जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न


अनूपपुर । 12 जून 2026 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में आयुक्त उच्च शिक्षा मध्यप्रदेश एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय से प्राप्त निर्देशों के पालन में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के समाधान एवं आत्महत्या की रोकथाम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए माननीय कलेक्टर अनूपपुर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति (District Level Monitoring Committee - DLMC) की बैठक दिनांक 12 जून 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनूपपुर की एसडीएम सुश्री प्राक्षी अग्रवाल ने की।

बैठक में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार सक्सेना ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके उपरांत राष्ट्रीय टास्क फोर्स (NTF) के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की गई।

बैठक में विद्यार्थियों में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति की रोकथाम हेतु अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रमुख रूप से एम.एस.डब्ल्यू. (MSW) के छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्ट कार्य के अंतर्गत मेंटर एवं काउंसलर के रूप में जोड़ने, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अनिवार्य रूप से मेंटर/काउंसलर की नियुक्ति करने, मनोचिकित्सकों एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित कराने, विद्यार्थियों को ‘उमंग’ प्लेटफॉर्म से जोड़कर परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु हेल्प सेंटर स्थापित करने जैसे सुझाव शामिल रहे।

बैठक में  रामनाथ कोरी, श्रीमती प्रभा सिंह,  अशोक त्रिपाठी,  विनोद कुमार सोनी,  प्रेमचंद गुप्ता,  बाल्मीकि राठौर, महाविद्यालय के लेफ्टिनेंट अजय राज सिंह राठौर (एनसीसी अधिकारी) तथा जिला नोडल एनटीएफ डॉ. विनोद कुमार कोल सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने, परामर्श सेवाओं को प्रभावी बनाने तथा शिक्षण संस्थानों में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण विकसित करने हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।


 *भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव को लेकर इस्कॉन अनूपपुर में बैठक संपन्न* 

अनूपपुर। भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा के आयोजन को लेकर इस्कॉन अनूपपुर केंद्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता  श्रीमान प्रेमावतार दास जी ने की। बैठक में श्रीमान पवित्र कृष्ण दास जी सहित स्थानीय भक्तगण एवं रथयात्रा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को आयोजित की जाएगी। रथयात्रा दोपहर 2:00 बजे शिव मारुति मंदिर, सामतपुर से प्रारंभ होकर पीएचई ऑफिस, अंडर ब्रिज, अमरकंटक तिराहा एवं पीआर टी कॉलेज मार्ग से होते हुए उत्कृष्ट विद्यालय मैदान, अनूपपुर में संपन्न होगी।

रथयात्रा के दौरान भक्तों द्वारा उत्साहपूर्वक हरिनाम संकीर्तन, नृत्य, वनवासी सांस्कृतिक नृत्य तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा। नगर के विभिन्न स्थानों पर भगवान जगन्नाथ एवं भक्तों के स्वागत के लिए आकर्षक स्वागत द्वार भी स्थापित किए जाएंगे।

रथयात्रा के समापन स्थल उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग (56 भोग) अर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही जगन्नाथ कथा, महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तों के लिए भगवान जगन्नाथ के महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था भी रहेगी।

बैठक में उपस्थित भक्तों ने रथयात्रा महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्धारण किया।

इस्कॉन अनूपपुर केंद्र ने समस्त नगरवासियों, श्रद्धालुओं एवं भगवत्प्रेमी भक्तों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार एवं मित्रों सहित इस दिव्य रथयात्रा महोत्सव में सहभागी बनें तथा भगवान जगन्नाथ की कृपा और आध्यात्मिक आनंद का लाभ प्राप्त करें।


 *दहेज के लिए प्रताड़ना से नवविवाहिता की संदिग्ध मृत्यु के प्रकरण में पुलिस द्वारा पति एवं सास गिरफ्तार


*  

 अनूपपुर । पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रांत मुराब जी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  जगन्नाथ मरकाम जी के मार्गदर्शन में एसडीओपी  नवीन तिवारी जी के द्वारा नवविवाहिता श्रीमती हेमा वंशकार पति राज वंशकार उम्र करीब 21 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर की दिनांक 13.05.2026 को घर पर संदिग्ध मृत्यु के प्रकरण में मृतिका के पति राज वंशकार और सास ज्योति वंशकार दोनों निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया है।

दिनांक 13.05.2026 को श्रीमती हेमा वंशकार उम्र करीब 21 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर को घर में फांसी लगा लेने पर मृत अवस्था में शासकीय जिला चिकित्सालय अनूपपुर में लाये जाने पर थाना कोतवाली अनूपपुर में मर्ग क्रमांक 32/26 धारा 194 बी.एन.एस.एस. पंजीबद्ध किया जाकर नवविवाहिता की संदिग्ध मृत्यु की जांच प्रभारी एसडीओपी अनूपपुर  नवीन तिवारी द्वारा की गई। जांच में मृतिका के मायके पक्ष के गवाहों ने शादी के बाद से  मृतिका हेमा वंशकार के पति राज वंशकार पिता श्रवण वंशकार एवं सास ज्योति वंशकार पति श्रवण वंशकार के द्वारा दहेज के रूप में 02 लाख रूपये तथा मोटर सायकल की मांग कर हेमा वंशकार को लगातार पेरशान किया गया, तथा दहेज न देने पर, गाली गलौज कर, मारपीट करना बताया गया। उपरोक्त दहेज प्रताडना के कारण मृतिका हेमा वंशकार की शादी के सात वर्ष के अन्दर संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु होना पाया गया जो आरोपीगण का उपरोक्त कृत्य अपराध धारा 85, 80(2), 3(5) बी.एन.एस. एवं 3, 4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 का अपराध घटित होना पाए से थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 311/26 पंजीबद्ध किया गया।

बुधवार की सुबह एसडीओपी  नवीन तिवारी एवं टी. आई. कोतवाली अरविन्द जैन, प्रधान आरक्षक शिवशंकर, महेन्द्र सिहं, खेमराज मार्को, महिला आरक्षक कविता विकल की टीम के द्वारा मृतिका के पति राज वंशकार एवं सास ज्योति वंशकार को गिरफ्तार किया गया है।


 *कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा अपहृत 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को दिल्ली से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को किया सुपुर्दः साथ भगाकर ले जाने वाला बिहार निवासी आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर । पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा नाबालिग बालिकाओ की दस्तयाबी हेतु सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में चलाये जा रहे आपरेशन मुस्कान विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रांत मुराब जी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  जगन्नाथ मरकाम जी एवं एसडीओपी  नवीन तिवारी जी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को दिल्ली के पुलिस थाना खयाला अंतर्गत रूप ढाबा के पास से आरोपी सोनू कुमार निवासी पटना( बिहार)  के कब्जे से दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया गया है।

दिनांक 20.05.2026 को 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के अचानक घर से बिना बताये चले जाने एवं ना मिलने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 286/26 धारा 137(2) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया। टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिहं, प्रधान आरक्षक महेन्द्र राठौर, आरक्षक दीपक बुन्देला, महिला आरक्षक अंकिता सोनी एवं सायबर सेल अनूपपुर से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार एवं आरक्षक पंकज मिश्रा की संयुक्त टीम के द्वारा उक्त नाबालिग बालिका की लगातार प्रयास कर पतासाजी की गई एवं उक्त नाबालिग बालिका को दिल्ली के थाना खयाला अंतर्गत रूप हाबा के पास से आरोपी सोनू कुमार निवासी पटना बिहार के कब्जे से दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया गया है। प्रकरण में आरोपी सोनू कुमार पिता सियाराम चौधरी उम्र करीब 29 वर्ष निवासी ग्राम जनखारी थाना दिग्गा पटना बिहार को दिल्ली से गिरफ्तार किया जाकर विवेचना की जा रही है। 

        विवेचना में पाया गया कि नाबालिग बालिका का सोशल मीडिया फेसबुक के द्वारा आरोपी सोनू कुमार से परिचय होने के बाद दोस्ती हो गई जो आरोपी द्वारा फेसबुक पर भेजे गये मैसेज के द्वारा बहला फुसलाकर साथ में भगाकर दिल्ली ले गया | 

 *अनूपपुर पुलिस की अपील*

 पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रांत मुराब जी द्वारा जिले के समस्त नागरिको से अपील की गई है कि नाबालिग बालक एवं बालिकाओं के द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग पर लगातार नजर रखें जिससे इन्स्टाग्राम, फेसबुक, वाटसअप एवं ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म के दुरूपयोग से इस तरह के अपराधों से बालक बालिकाओं को सुरक्षित रखा जा सके।

 पशुपालन से ‘लखपति दीदी’ बनने का महिलाओं ने लिया संकल्प


अनूपपुर । 21 मई 2026 कलेक्टर  हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में जिला अनूपपुर के ग्राम केल्हौरी (वृंदावन एवं क्षीरधारा) में एक दिवसीय अंतर्विभागीय संगोष्ठी एवं पशुपालक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उन्नत पशुपालन, जैविक खेती तथा शासन की विभिन्न हितग्राही योजनाओं से जोड़कर उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत पशुपालन विभाग की टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पशुपालकों से संपर्क स्थापित करने के साथ हुई। इस दौरान पशुपालकों को उन्नत डेयरी प्रबंधन की महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

इसके पश्चात ग्राम पंचायत भवन में आयोजित मुख्य संगोष्ठी में पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने पशुपालकों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। विशेषज्ञों ने पशुओं में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए कृत्रिम गर्भाधान, समय पर टीकाकरण तथा पौष्टिक हरे चारे के नियमित उपयोग पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।

संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण एवं अतिरिक्त आय सृजन के उद्देश्य से गोबर से वर्मी कम्पोस्ट एवं उन्नत कम्पोस्ट खाद तैयार करने की वैज्ञानिक विधियों की भी जानकारी दी गई।

शिविर का सबसे सकारात्मक पहलू स्व-सहायता समूह की महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। शासन की योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी से प्रेरित होकर महिलाओं ने पूरे गांव में जागरूकता अभियान चलाने तथा नई दुग्ध सहकारी समिति गठित करने का निर्णय लिया। महिलाओं ने आधुनिक पशुपालन अपनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और ‘लखपति दीदी’ का लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहें।


 *पिस्टल और बेसबाल का डण्डा अड़ाकर अवैध वसूली के लिए मारपीट और धमकी के दो आरोपी कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार



 *वारदात में प्रयुक्त नकली पिस्टल, लोहे का डण्डा और रायल इनफील्ड मोटर सायकल जप्त* 

अनूपपुर । प्रभारी पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  जगनाथ मरकाम जी के निर्देशन एवं एसडीओपी अनूपपुर  नवीन तिवारी जी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा गुरुवार की दोपहर केड़िया पेट्रोल पंप पर मोपेड में पेट्रोल डलवाने पहुंचे अधिवक्ता  मानवेन्द्र सिहं को पिस्टल और बेसबाल का डण्डा अड़ाकर अवैध वसूली के लिए मारपीट और धमकी के दो आरोपी शांतनू मौर्य (उम्र करीब 20 साल) एवं दीपक पकवासा (उम्र करीब 21 साल) को तत्परता पूर्वक वारदात के चन्द घंटो के अंदर शहडोल से गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त नकली पिस्टल, लोहे का डण्डा और रायल इनफील्ड मोटर सायकल जप्त की गई है।

जिला न्यायालय अनूपपुर के अधिवक्ता  मानवेन्द्र सिहं पिता  रायवेन्द्र सिहं उम्र 43 वर्ष निवासी ग्राम परसवार के द्वारा दिनांक 14.05.2026 दिन गुरूवार की दोपहर करीब 04.00 बजे थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दोपहर करीब 03.15 बजे अपने मोपेड में पेट्रोल डलाने के लिए केड़िया पेट्रोल पंप जैतहरी रोड अनूपपुर में पेट्रोल डलाने गया था जैसे ही पेट्रोल डलाने वाला था। उसी समय रायल इनफील्ड मोटर सायकल क्रमांक MP18MH4032 से दो नवयुवक आये और उनकी मोटर सायकल में भी 500 रूपये का पेट्रोल डलवाने के लिए विवाद करने लगे। अधिवक्ता  मानवेन्द्र सिहं द्वारा उनकी मोटर सायकल में पेट्रोल डलवाने से मना किये जाने पर मोटर सायकल सवार एक युवक द्वारा पीछे कमर में खोंसकर रखी हुई पिस्टल निकालकर अड़ा दी गई और दूसरे नवयुवक द्वारा रायल इनफील्ड मोटर सायकल के लेग गार्ड में लगा हुआ लोहे का डण्डा निकालकर मारने की धमकी दी गई।  अधिवक्ता  मानवेन्द्र सिहं पेट्रोल पंप से अपने घर के लिए निकले जो रास्ते में दोनों नवयुवक द्वारा पुनः रोककर पेट्रोल के लिए रूपये की मांग की जाकर गन्दी गन्दी गालियां और धमकी देकर लोहे के डण्डे से मारपीट की गई। उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 271/26 धारा 119(1), 296 (बी), 115(2), 351(2), 3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया।

टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, आरक्षक प्रकाश तिवारी एवं आरक्षक अब्दुल कलीम की टीम के द्वारा तत्परता पूर्वक केड़िया पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों एवं आरोपियो द्वारा प्रयुक्त रायल इनफील्ड मोटर सायकल से आरोपियो की पतासाजी की गई एवं घटना के चन्द घण्टों के भीतर आरोपी शांतनू मौर्य पिता सत्यनारायण मौर्य उम्र करीब 20 साल निवासी इंदिरा तिराहा बस्ती रोड अनूपपुर एवं दीपक पकवासा पिता अनिल कुमार पकवासा उम्र 21 साल निवासी पीडब्लूडी आफिस के पास अनूपपुर को शहडोल शहर से गिरफ्तार किया गया है जिनसे वारदात में प्रयुक्त रायल इनफील्ड मोटर सायकल क्रमांक MP18MH4032 जिसके लेगगार्ड में लगा हुए लोहे का डण्डा तथा वारदात में प्रयुक्त नकली पिस्टल को जप्त किया गया है। दोनों नवयुवको के विरूद्ध पूर्व से थाना कोतवाली में छेड़खानी एवं चोरी के आपराधिक प्रकरण दर्ज है। आरोपी शांतनू मौर्य द्वारा पुलिस को दिये कथन में बताया गया है कि नकली पिस्टल और रायल इनफील्ड के लेगगार्ड में लगने वाला लोहे का डण्डा आनलाईन शापिंग एप से खरीदा गया था।

 जिला अधिवक्ता संघ अनूपपुर के अध्यक्ष  संतोष सिहं एवं समस्त अधिवक्तागण के साथ-साथ फरियादी अधिवक्ता  मानवेंद्र सिंह द्वारा टी.आई. अरविन्द जैन के नेतृत्व में थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा तत्परता पूर्वक आरोपियों की पतासाजी कर शहडोल से तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्यवाही किये जाने की प्रशंसा की है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  जगन्नाथ मरकाम जी द्वारा केड़िया पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े पिस्टल एवं लोहे का डण्डा अड़ाकर वसूली करने के अज्ञात आरोपियों की तत्काल पतासाजी कर गिरफ्तार किये जाने हेतु पुलिस टीम को पुरूष्कृत किये जाने की घोषणा की गई है।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget