*GST पर शोध में जियाराम ने रचा इतिहास, जीता ‘सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कार



’*

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज में दिनांक 16 व 17 अप्रैल को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक (मध्य प्रदेश) के अर्थशास्त्र विभाग के शोधार्थी जिया राम ने अपने उत्कृष्ट शोध कार्य से राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की।

“GST Reforms and Their Impact on MSMEs, Startups and Entrepreneurship: Pathway to Viksit Bharat @2047” विषय पर आयोजित इस सेमिनार में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों एवं विशेषज्ञों द्वारा कुल 119 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। कड़ी प्रतिस्पर्धा और गहन मूल्यांकन के बाद जिया राम के शोध पत्र *“GST दरों में कमी के बावजूद खुदरा बाजार की कीमतों में कमी का अभाव: छोटे दुकानदारों का व्यवहारिक अध्ययन”* को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया और उन्हें *‘बेस्ट रिसर्च पेपर अवॉर्ड’* से सम्मानित किया गया।

इस शोध कार्य में जिया राम के साथ सहयोगी लेखक के रूप में चतुर सिंह चौधरी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। दोनों शोधार्थियों ने मिलकर जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण और व्यवहारिक अध्ययन के माध्यम से यह निष्कर्ष प्रस्तुत किया, कि GST दरों में कमी का लाभ अधिकांश मामलों में सीधे उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच पा रहा है। अध्ययन में यह भी सामने आया कि कई छोटे दुकानदार पुराने दरों पर ही सामान बेचते रहे, जबकि कुछ दुकानदार केवल विशेष अनुरोध पर ही घटे हुए दरों का लाभ दे रहे थे।

यह शोध वर्तमान आर्थिक परिदृश्य में अत्यंत प्रासंगिक माना गया और विशेषज्ञों ने इसे नीति-निर्माण के लिए उपयोगी बताया।

इस अवसर पर भारतीय आर्थिक संघ के अध्यक्ष एवं मणिपुर केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. आद्या प्रसाद पांडे, आचार्य विनय कुमार श्रौं त्रिया, अधिष्ठाता दिल्ली स्कूल आफ इकोनॉमिक्स, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की से प्रो. एस.के. सिंह, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधानपरिषद सदस्य वीणा पांडे सहित देश के कई प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। सभी ने शोधार्थियों के प्रयासों की सराहना की और इस प्रकार के व्यावहारिक शोध को समय की आवश्यकता बताया।

जिया राम वर्तमान में डॉ. विनोद सेन के मार्गदर्शन में अपना शोध कार्य कर रहे हैं और वे मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है, वहीं उनके गृह क्षेत्र में भी गर्व की भावना देखी जा रही है।

यह उपलब्धि न केवल जिया राम और उनके सह-लेखक चतुर सिंह चौधरी के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह युवा शोधार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।


*💥 “अब ‘फट-फट’ नहीं, सीधे एक्शन!” — मॉडिफाइड साइलेंसर पर अनूपपुर पुलिस की सख्त कार्यवाही मौके पर साइलेंसर की जब्ती 🚫*


*🔊 “तेज आवाज पर सख्त प्रहार” — अनूपपुर पुलिस का मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान शुरू*

✍️अनूपपुर-जिले में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक अनूपपुर * मोती उर रहमान (IPS)* के द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध *साप्ताहिक विशेष अभियान* प्रारंभ किया गया है।

👉अभियान के पहले ही दिन यातायात पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए *3 मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट वाहनों से साइलेंसर जब्त* किया तथा संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई।

👉पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अवैध एवं तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले साइलेंसर का उपयोग करने वालों के *विरुद्ध सख्त कार्यवाही* की जाए। यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले के विभिन्न स्थानों पर नियमित जांच की जाएगी।

📢अनूपपुर पुलिस आमजन से *अपील* करती है कि वे अपने वाहनों में केवल मानक (स्टैंडर्ड) साइलेंसर का ही उपयोग करें एवं यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के साथ सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

📍*यातायात पुलिस अनूपपुर*


मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ संबद्ध (भारतीय मजदूर संघ)की ऊर्जा मंत्री के साथ आंदोलन के मांगपत्र  पर बैठक संपन्न


चचाई । मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ की दिनांक 07अप्रैल 2026 को मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री माननीय प्रद्युमन सिंह तोमर जी के साथ आंदोलन के  मांगो में 11 बिंदुओं जिसमें संविदा कर्मियों को नियमित,पूर्व क्षेत्र में अनुकंपा नियुक्ति संविदा कार्यालय सहायकों को नियमित बाय स्त्रोत कर्मियों ,सेवानिवृत्ति पेंशनरों एवं सहकारी समिति के कार्मिकों की बिंदु बार समस्याओं एवं विसंगतियों पर चर्चा की गई जिसमें  ऊर्जा मंत्री जी द्वारा तत्काल विशेष कर्तव्य अधिकारी को निर्देशित किया गया की बिजली कर्मचारी महासंघ की शीघ्र बैठक माननीय ऊर्जा मंत्री जी की अध्यक्षता में ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव  नीरज मंडलोई साहब से 16.04.2026 के पूर्व करवाई जाए एवं इन सभी बिंदुओं का निराकरण किस प्रकार से हो सकता है इस पर बैठकर दोनों पक्ष सकारात्मक चर्चा कर लेवे। इसके बाद न्याय उचित मांगों पर उचित निर्णय लिया जाएगा। 

प्रतिनिधि मंडल में  भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं सह प्रभारी विद्युत क्षेत्र मा.अरविंद मिश्रा जी ,भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री मा. कुलदीप सिंह गुर्जर जी ,मध्य प्रदेश बिजली क्षेत्र के प्रभारी एवं भारतीय मजदूर संघ के संयुक्त महामंत्री मा.आशीष सिंह जी, मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री मा. सुशील कुमार पांडे जी, मध्य प्रदेश की पांचो कंपनियों के महामंत्री  मणिराज विश्वकर्मा  जी पूर्व क्षेत्र,  संदीप त्रिपाठी जी मध्य क्षेत्र , राजेश जैन ट्रांसमिशन,  भगवान स्वरूप श्रीवास्तव जी पश्चिम क्षेत्र, पंकज पवार जी उत्पादन  के साथ  देवेंद्र नेवले, अमित कुर्मी ,दीपक गुप्ता,  सुदीप मिश्रा,  अखिलेश वासुरे (संविदा प्रतिनिधि )मध्य क्षेत्र, प्रवीण तिवारी(अनुकंपा नियुक्ति संविदा ) पूर्व क्षेत्र ,  सी.बी.विश्वकर्मा (विद्युत सहकारी समिति सोसाइटी)पूर्व क्षेत्र बंडा की उपस्थिति रही ।

प्रदेश महामंत्री बिजली कर्मचारी महासंघ मा. सुशील कुमार पांडे जी द्वारा मांग पत्र के सभी बिंदुओं का विस्तार से वाचन किया गया।जिन्हें माननीय ऊर्जा मंत्री जी ने गंभीरता पूर्वक सुना।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा के साथ बृहद बैठक में इसके सकारात्मक परिणाम आएंगे। उल्लेखनीय है कि म प्र बिजली कर्मचारी महासंघ का प्रदेश व्यापी आंदोलन के चतुर्थ चरण दिनांक 16 अप्रैल 26 को गोविंद पूरा ,भोपाल में पूरे प्रदेश के विद्युत कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन यथावत 

 रहेगा ।

          प्रेषक: सतेन्द्र कुमार पाटकर 

मध्यप्रदेश विद्युत् उत्पादन कर्मचारी संघ चचाई

 *विप्र समाज द्वारा अक्षय तृतीया पर भव्य जिला स्तरीय आयोजन जैतहरी में


।*

अनूपपुर। विप्र समाज अनूपपुर द्वारा इस वर्ष अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से मनाने की तैयारी जोरों पर है। इस संबंध में विप्र समाज के संयोजक पंडित रामनारायण द्विवेदी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 20 अप्रैल को जैतहरी स्थित भगवान परशुराम चौराहा में जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव को विशेष रूप से मनाया जाएगा, जिसमें सामूहिक पूजन, धार्मिक अनुष्ठान एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है, जिससे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ किया जा सके।

इस भव्य आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं जिम्मेदारियों का दायित्व विप्र समाज जैतहरी के अध्यक्ष विजय शुक्ला को सौंपा गया है। विजय शुक्ला पूर्व में भी सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के कुशल संचालन के लिए जाने जाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में यह आयोजन सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं प्रभावशाली ढंग से संपन्न होने की उम्मीद जताई जा रही है। उन्हें प्रभारी बनाएं जाने से आयोजन को एक सशक्त दिशा मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

विप्र समाज ने सभी सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जिला स्तरीय धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।

उल्लेखनीय है कि विप्र समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष अक्षय तृतीया के अवसर पर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जो समाज में एकता, परंपरा एवं आस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 कक्का की चौपाल — कोतमा बस स्टैंड, अग्रवाल लॉज हादसा स्थल से चलती सांसों की तलाश


कोतमा बस स्टैंड के पास अग्रवाल लॉज के मलबे पर शाम ढल चुकी है… लेकिन अंधेरा सिर्फ आसमान में नहीं, लोगों के चेहरों पर भी उतर आया है…

धूल अब भी हवा में तैर रही है… टूटी दीवारें, मुड़े हुए सरिए और बिखरे पत्थरों के बीच जेसीबी मशीनें लगातार चल रही हैं जैसे हर वार के साथ किसी की सांस तलाश रही हों…

एनडीआरएफ और एसडीआर एफ की टीमें दिन-रात जुटी हैं… हर पत्थर हटने पर भीड़ की सांस थम जाती है

“शायद कोई जिंदा हो…”

एक तरफ मशीनों की कर्कश आवाज… दूसरी तरफ परिजनों की सिसकियां… और इनके बीच खड़ी एक उम्मीद—जो टूटते-टूटते भी जिंदा है…

पास ही अफसरों की हलचल है… निर्देश दिए जा रहे हैं… लेकिन भीड़ की नजरें सिर्फ मलबे पर टिकी हैं—अंदर कोई सांस बाकी है या नहीं…

इसी अफरा-तफरी, डर और उम्मीद के बीच… भीड़ के एक किनारे खड़ी है कक्का की चौपाल…

कक्का चारों तरफ देखते हैं… आंखों में धूल भी है और दर्द भी…

“अरे भइया… ये सब यूं ही नहीं गिरता… पहले नींव कमजोर होती है… फिर एक दिन पूरा ढांचा बैठ जाता है…”

घसीटा बेचैन है… आवाज में गुस्सा और घबराहट दोनों

“कक्का! 30-40 फीट खुदाई हो रही थी… इतना बड़ा गड्ढा… किसी ने रोका क्यों नहीं? किसी को दिखा नहीं क्या?”

चौरंगी लाल हल्की हंसी के साथ कड़वा सच फेंकता है

“घसीटा… यहां देखने वाले सब देखते हैं… पर कागजों में सब ‘ठीक’ कर दिया जाता है… और फिर एक दिन… सच ऐसे ही ढह जाता है…”

भीड़ से अचानक आवाज आती है

“जल्दी करो… अभी भी लोग अंदर हैं…!”

कुछ लोग मलबे की तरफ दौड़ते हैं… कुछ पीछे हटते हैं… डर और उम्मीद आमने-सामने खड़े हो जाते हैं…

कक्का गहरी सांस लेकर बोलते हैं

“बात सीधी है बेटा… न सुरक्षा थी… न निगरानी… और न ही जिम्मेदारी… तभी तो ये हाल हुआ…”

घसीटा अब और तीखा हो जाता है

“तो कक्का… जिम्मेदार कौन? कौन लेगा इन मौतों का हिसाब?”

कक्का धीमे लेकिन धारदार शब्दों में जवाब देते हैं

“पूरा तंत्र…

नगर पालिका—जो रोक नहीं पाई…

इंजीनियर—जिसने खतरा नहीं देखा…

नगर पालिका का राजस्व विभाग जिसने निर्माण कार्य की सच्चाई को दबा कर रखा…

CMO—जिसने निगरानी नहीं की…

अध्यक्ष—जो जवाबदेह था… पर खामोश रहा…

और जिसने खुदाई करवाई… वो तो सीधा दोषी है ही…”

चौरंगी लाल भीड़ की तरफ देखते हुए तंज कसता है

“और अब देखना… जांच होगी… मुआवजा मिलेगा… फोटो खिंचेंगे… और फाइल बंद…”

तभी पास से जेसीबी रुकती है… हलचल होती है… एक युवक मलबे के बीच खड़ा दिखता है… धूल से सना चेहरा… लेकिन हाथ अब भी काम में लगे…

घसीटा इशारा करता है

“कक्का… देखो उसे… शाम से लगा है… रुका ही नहीं…”

कक्का की नजर उस पर टिक जाती है… आवाज भारी हो जाती है

“जानते हो कौन है वो…? हेमराज… गोविंदा गांव का… तीन घंटे तक मलबा हटाता रहा… उसे नहीं पता था… जिस मलबे को वो हटा रहा है… उसी के नीचे उसका अपना परिवार दबा है…”

भीड़ एकदम शांत हो जाती है…

कक्का आगे कहते हैं

“फिर मलबे से निकली लाश… उसके बाप की थी… और मामा… अब भी कहीं अंदर दबा है…”

घसीटा की आवाज कांप जाती है

“फिर… वो रुक गया होगा?”

कक्का सिर हिलाते हैं

“नहीं बेटा… वो फिर उसी मलबे में उतर गया… दूसरों को बचाने… और अपने को खोजने…”

चौरंगी लाल धीमे स्वर में बोलता है

“यही फर्क है… कुछ लोग कैमरे में दिख रहे हैं… और कुछ लोग दर्द में भी इंसानियत निभा रहे हैं…”

इसी बीच पास खड़े कुछ लोग आपस में फुस फुसाते हैं—

“पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है…”

घसीटा तुरंत कक्का की ओर देखता है

“कक्का! कुछ तो कार्रवाई हुई क्या?”

कक्का गंभीर स्वर में कहते हैं

“हाँ बेटा… पुलिस अधीक्षक  मोति उर् रहमान ने मीडिया को बताया है कि अग्रवाल लॉज के मालिक और जमीन स्वामी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज हुआ है… बीएनएस की धारा 106 के तहत… अब मामला कोतमा थाने में विवेचना में है…”

चौरंगी लाल फिर कटाक्ष करता है

“देखते हैं… ये केस भी सच्चाई तक पहुंचता है… या कागजों में ही दम तोड़ देता है…”

कक्का आगे जोड़ते हैं

“सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 9 लाख और घायलों को 2.50 लाख की सहायता देने की घोषणा की है…”

घसीटा की आंखें फिर मलबे की ओर चली जाती हैं

“कक्का… पैसा तो मिल जाएगा… पर जो चला गया… वो कैसे लौटेगा?”

कक्का की आवाज भर्रा जाती है

“बेटा… मुआवजा दर्द कम कर सकता है… खत्म नहीं…”

तभी जेसीबी दोबारा चलती है… भीड़ फिर चुप हो जाती है… हर आंख उसी जगह टिक जाती है…

अचानक आवाज गूंजती है

“धीरे… यहां कुछ हो सकता है…”

पूरा माहौल थम जाता है… सांसें रुक जाती हैं…

कक्का धीरे से कहते हैं

“डर ये नहीं है कि कौन दबा है… डर ये है… कहीं सच भी मलबे में ही दब न जाए…”

और फिर चौपाल में सन्नाटा छा जाता है…

कुछ पल बाद कक्का भीड़ की ओर देखते हुए आखिरी सवाल छोड़ते हैं

“बताओ भइया… क्या इस मलबे से सिर्फ लोग निकलेंगे… या उन गलतियों का सच भी बाहर आएगा… जिनकी वजह से ये सब हुआ?”

जेसीबी फिर चलती है… धूल फिर उड़ती है…

और कोतमा बस स्टैंड का यह हादसा…

अभी भी खत्म नहीं हुआ…

 *श्री हनुमान जी के जयकारों के उद्घोष से सराबोर हुई नगरी*



श्री हनुमान जन्मोत्सव महापर्व पर आयोजित हुए भक्तिमय 

* अमलाई  । हनुमान जन्मोत्सव महापर्व पर अपनी संपूर्ण ऊर्जा और निष्ठा के साथ सहभागिता देना यह वाकई में भावी पीढ़ी के लिए अनुकरणीय संदेश हैं जिसे भावी पीढ़ी जो आत्मसात अवश्य करना चाहिए ।अमलाई नगर में श्री हनुमान जी का प्रगट उत्सव बड़ी ही धूमधाम एवं भक्तिमय माहौल में मनाया गया नगर के वार्ड क्रमांक 5 सिद्ध बाबा पहाड़ी में स्थित एकादश मुखी हनुमान मंदिर में मारुति नंदन सेवा समिति एवं सनातन धर्म सत्संग समाज के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित श्री हनुमान जन्म महोत्सव महापर्व की तैयारी बड़ी ही भव्यता के साथ की गई थी ,नगरी मानों श्री राम मय हो गई, श्री हनुमान जी के विधिवत पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ श्री हनुमान जी का पूजन अर्चन के पश्चात हवन पूर्णाहुति दी गई एवं इसके उपरांत कन्या भोज का आयोजन किया गया तत्पश्चात विशाल भंडार का आयोजन किया गया भंडारा दोपहर 2:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक लगातार चलता रहा । सनातनी की शक्ति जिस तरह से सनातन पर्वों पर उमड़ कर दिखती है यह सनातन के स्वर्णिम भविष्य  जीवंत उदाहरण है।

 खेलों की चमक के पीछे गहराता साया: सेपक टेकरा सहित आयोजनों में लाखों की गड़बड़ी, सुर्खियों में क्रीड़ा विभाग


अनूपपुर । जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष कर जनजातीय क्षेत्रों में खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों के तहत अनूपपुर जिले में भी व्यापक स्तर पर खेल गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिससे कई प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई यह निस्संदेह गर्व का विषय है।

जिला क्रीड़ा विभाग के माध्यम से पुष्पराजगढ़, कोतमा, जैतहरी और अनूपपुर विकासखंड के विद्यालयों में खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, सेपक टेकरा और क्रिकेट जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में लगभग 26 छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर जिले का नाम रोशन किया।

प्रशासनिक मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में कलेक्टर, सहायक आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। शासन की मंशा के अनुरूप खेलों को बढ़ावा देने के प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन इन उपलब्धियों के पीछे एक चिंता जनक सच्चाई भी उभरकर सामने आ रही है।

*उपलब्धियों के पीछे विवादों का साया*

जहां एक ओर विभाग उपलब्धियों का ढिंढोरा पीट रहा है, वहीं दूसरी ओर इसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार खेल आयोजनों में पारदर्शिता की कमी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। लाखों रुपये की कथित गड़बड़ी अब अखबारों की सुर्खियां बन चुकी है।

बताया जाता है कि इन आरोपों की जांच के लिए समिति का गठन किया गया था और राजधानी से चार सदस्यीय जांच दल भी पहुंचा, लेकिन आज तक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। इससे विभाग की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सूचना के अधिकार की अनदेखी

विभाग पर सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारियों को समय पर उपलब्ध न कराने के आरोप भी लग रहे हैं। यदि यह सही है, तो यह पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।

*पदस्थापना और जिम्मेदारियों पर सवाल*

क्रीड़ा विभाग में पदस्थापना को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। चर्चा है कि नियमों के विपरीत तरीके से वरिष्ठ पदों की जिम्मेदारियां निभाई जा रही हैं, जबकि योग्य अधिकारी मौजूद हैं। इससे विभागीय व्यवस्था की निष्पक्षता संदिग्ध होती जा रही है।

*जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से नाराजगी*

खेल आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अनदेखी भी विवाद का कारण बन रही है। वर्षों से खेलों को बढ़ावा देने वाले सामाजिक व्यक्तित्वों को अपेक्षित सम्मान न मिलना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे खेल संस्कृति को भी नुकसान पहुंच सकता है।

*चयन प्रक्रिया में पक्षपात के आरोप*

युवा खिलाड़ियों के चयन को लेकर भी पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप हैं कि चयन प्रक्रिया में “सिफारिश” और “पहचान” हावी हो रही है, जिससे वास्तविक प्रतिभाएं पीछे छूट रही हैं।

*सेपक टेकरा में भी गड़बड़ी के आरोप*

तेजी से लोकप्रिय हो रहे सेपक टेकरा खेल में भी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। सवाल यह उठता है कि जब पहले ही गड़बड़ियों की जानकारी थी, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?अपनी ढपली, अपना राग’

कहावत है चोर की दाढ़ी में तिनका” और तो और खुद ही अपनी प्रशंसा करते दिख रहा है जैसे“अपनी ढपली, अपना राग।”

विभाग के कुछ जिम्मेदार लोग, जिनमें शेख खलील कुरैशी का नाम चर्चा में है, कथित तौर पर लाखों की गड़बड़ी के बाद अब अपनी छवि सुधारने में जुटे हैं। खबर यह भी है कि अपनी प्रशंसा के पुल खुद ही तैयार कराकर अखबारों में छपवाए जा रहे हैं।यह स्थिति उस कहावत को चरितार्थ करती है

“जितना बड़ा घोटाला, उतनी बड़ी सफाई।

लेकिन सवाल यह है कि क्या शब्दों की चमक सच्चाई को ढक सकती है? क्या आत्म-प्रशंसा से जवाबदेही खत्म हो जाती है?

संपत्ति जांच की मांग

स्थानीय स्तर पर यह मांग भी जोर पकड़ रही है कि संबंधित अधिकारियों की संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कहीं पद का दुरुपयोग तो नहीं हुआ।

*भविष्य की योजनाएं, लेकिन भरोसे का संकट*

आगामी सत्र में खेल गतिविधियों को और विस्तार देने की योजना हैनए प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। लेकिन मौजूदा विवादों ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है

क्या इन योजनाओं का लाभ वास्तव में योग्य खिलाड़ियों तक निष्पक्ष रूप से पहुंचेगा?

अनूपपुर में खेल प्रतिभाओं का उभरना निश्चित रूप से गर्व की बात है। लेकिन इसके साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।

यदि समय रहते इन आरोपों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो खेलों को बढ़ावा देने की मंशा पर ही प्रश्नचिह्न लग जाएगा।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है सुधार का या सिर्फ प्रचार का।

 प्रत्येक मंडल में होगा भाजपा कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण, हीरा सिंह श्याम


अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में प्रत्येक मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

जिला संयोजक सिद्धार्थ शिव सिंह ने बताया कि 14-15 मार्च को पसान (मंगल भवन, जमुना कॉलोनी) एवं कोतमा (अग्रसेन भवन) में, 15-16 मार्च को अमरकंटक में, 17-18 मार्च को जैतहरी में तथा 20-21 मार्च को बिजुरी में प्रशिक्षण का आयोजन होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जिला उपाध्यक्ष आनंद केसरवानी, जितेंद्र भट्ट एवं विनोद केवट को जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। 

भाजपा संभागीय प्रभारी गौरव  सिरोठिया एवं जिला प्रभारी संजय साहू का निरंतर प्रवास एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।

जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा, इन दो दिवसीय प्रशिक्षणों से कार्यकर्ताओं में निखार आएगा, व्यक्तित्व में बदलाव होगा तथा वे संगठन की रीति-नीति के अनुरूप बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने दी।

 14 मार्च को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन


राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजन के प्रचार प्रसार हेतु जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी  

अनूपपुर। 09 मार्च 2026 आमजन को त्वरित, सुलभ एवं किफायती न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 मार्च 2026 को जिला न्यायालय परिसर अनूपपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता के लिए जिला न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ (प्रचार वाहन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण तथा न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामों, कस्बों और दूरस्थ अंचलों में भ्रमण कर लाउडस्पीकर तथा बैनर-पोस्टर के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी देगा। इसके माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि वे आपसी सुलह और समझौते के आधार पर अपने छोटे-मोटे विवादों तथा लंबित न्यायालयीन मामलों का त्वरित निराकरण करा सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव  विनोद कुमार वर्मा जी ने बताया कि इस लोक अदालत में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के सहयोग से विद्युत अधिनियम की धारा 126 एवं 135 से संबंधित प्रकरणों में विशेष छूट प्रदान की जाएगी। प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों में सिविल दायित्व (मूल राशि) पर 30 प्रतिशत तथा ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। वहीं न्यायालय में लंबित प्रकरणों के निराकरण पर सिविल दायित्व पर 20 प्रतिशत तथा ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान रहेगा।  

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती माया विश्वलाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोक अदालत ऐसा मंच है जहाँ आपसी सहमति से विवादों का समाधान होता है, जिससे दोनों पक्षों के बीच आपसी सौहार्द बना रहता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने प्रकरणों का निराकरण कराएं। 

सचिव  विनोद कुमार वर्मा जी ने बताया कि लोक अदालत में पारित निर्णय अंतिम होता है तथा इसके विरुद्ध किसी उच्च न्यायालय में अपील नहीं की जा सकती। साथ ही यदि किसी प्रकरण में न्यायालयीन शुल्क जमा किया गया है तो लोक अदालत में निराकरण होने पर वह शुल्क नियमानुसार वापस भी किया जाता है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय प्रकरण, चेक बाउंस (एनआई एक्ट) से संबंधित मामले, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण तथा नगरीय निकायों के जलकर एवं संपत्ति कर से संबंधित मामलों का भी निराकरण किया जाएगा। 

जिला न्यायालय प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर ने सभी नागरिकों, पक्षकारों, बैंक अधिकारियों, बीमा कंपनियों तथा अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाएं।

 *शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन हुआ


।*  

अनूपपुर । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में दो दिवसीय 27 एवं 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस वर्ष की थीम "विज्ञान में महिलाएं विकसित भारत के लिए उत्प्रेरक" रहा। कार्यक्रम को म. प्र. काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, भोपाल द्वारा प्रायोजित किया गया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय विश्वविद्यालय अमरकंटक रसायन शास्त्र विभाग से सहायक प्राध्यापक डॉ. साधुचरण मलिक, भवभूति प्रसाद, एवं पर्यावरण विभाग से प्याली शिबू , राजेश नंदिनी राठौर, व्याख्याता तथा मानसि शर्मा प्रतिभागी के रूप मे उपस्थित रहे। सभी व्याख्याताओं ने विद्यार्थियों बालिकाओं को उच्च शिक्षा एवं शोध के लिए प्रेरित किया। इस अवसर  पर व्याख्याताओं एवं अतिथिगणों  ने छात्र -छात्राओं द्वारा बनाये गए पोस्टर, रंगोली, मॉडल, प्रश्नोत्तरी निबंध प्रतियोगिताओं की अत्यधिक सराहना की एवं मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम की संरक्षक एवं मार्गदर्शक प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सक्सेना सर ने बताया कि विकसित भारत के निर्माण हेतु बेटियों महिलाओ को वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ने कि जरूरत है। कार्यक्रम के संयोजक  ऋषिकेश चंद्रवंशी ने वैज्ञानिक अनुसंधान हेतु प्रेरित किये तथा वैज्ञानिकों की नाम फोटो सहित एवं उनके कार्यों से अवगत कराया। मंच संचालन डॉ. सूरज परवानी द्वारा किया गया। कार्यक्रम मे उपस्थिति डॉ. जे के संत, डॉ. राधा सिंह, तथा डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने छात्र छात्राओं को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।  इस कार्यक्रम में डॉ ज्ञान प्रकाश पांडे, डॉ शाहबाज खान, डॉ विनोद कुमार कोल, डॉ अमित भूषण द्विवेदी, डॉ हीरा सिंह, डॉ पूनम पांडेय, डॉ प्रति वैश्य, डॉ मीना सिंह, डॉ अजय जयसवाल डॉ बृजेन्द्र सिंह, डॉ दुर्गेश द्विवेदी, डॉ नंदलाल गुप्ता, डॉ अमित कुमार साकेत, डॉ गंगेश कुमार, डॉ फरहा नाज, डॉ संजीव द्विवेदी,डॉ अंजलि कहार, डॉ. तरन्नुम सर्वत, डॉ ज्योति रौतेल एवं अन्य सदस्यों की महत्व पूर्ण भूमिका रही।

 पी आर टी महाविद्यालय में भव्य लैम्प लाइटिंग सेरेमनी एवं वार्षिकोत्सव सम्पन्न





“लैम्प लाइटिंग सेरेमनी सेवा और समर्पण का भाव जागृत करती है” – डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी

अनूपपुर । नगर स्थित पीआर टी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा लैम्प लाइटिंग सेरेमनी एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में सम्पन्न हुआ। प्रथम सत्र लैम्प लाइटिंग सेरेमनी तथा द्वितीय सत्र वार्षिकोत्सव के रूप में आयोजित किया गया।

प्रथम सत्र : रैम्प लाइटिंग सेरेमनी

प्रातः 11 बजे प्रारंभ हुए इस सत्र को नर्सिंग की जनक एवं प्रणेता फ्लोरेंस नाइटिंगेल को समर्पित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर वंदेमातरम् गीत के साथ हुआ।

इस अवसर पर नर्सिंग के विद्यार्थियों ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए बिना किसी भेदभाव के रोगियों एवं उनके परिजनों की सेवा करने की शपथ ली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री उत्कृष्ट शासकीय तुलसी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल सक्सेना रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त चिकित्साधिकारी डॉ. आर.पी. सोनी, शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय अनूपपुर की प्राचार्य श्रीमती रेणु सिंह, श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कीर्ति क्रांति के संपादक मनोज कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पीआर टी महाविद्यालय के संचालक, भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला अनूपपुर के सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने की।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. तिवारी ने कहा कि रैम्प लाइटिंग सेरेमनी नर्सिंग विद्यार्थियों में सेवा, त्याग एवं समर्पण का भाव जागृत करती है। कार्यक्रम में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।

द्वितीय सत्र : वार्षिकोत्सव

          अपराह्न 2 बजे से आयोजित द्वितीय सत्र वार्षिकोत्सव के रूप में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रामलाल रौतेल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. शिवकुमार मिश्र एवं डॉ. संदीप खरे सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संचालक राजेन्द्र प्रसाद तिवारी द्वारा की गई।

अतिथियों के स्वागत उपरांत संस्था के संचालक डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने स्वागत भाषण एवं महाविद्यालय का वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं प्रतिभा संवर्धन हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। नशामुक्ति एवं वीर शहीदों पर आधारित लघु नाटिकाएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वर्ष भर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अतिथियों को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की रूपरेखा निर्माण एवं सफल संचालन में विद्यार्थियों सौरभ गुप्ता, आयुष मिश्रा, निशि पनाडिया, कीर्ति सिंह सहित समस्त विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्राध्यापक रणविजय साही, श्वेता सिन्हा, श्रेयपाल, आकांक्षा द्विवेदी, अशोक मिश्रा, रवि त्रिपाठी, अंजना साहू एवं दीपिका श्रीवास्तव ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन पीआर टी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मैनेजर विजय तिवारी के द्वारा किया गया ।

 भारत ज्योति विद्यालय में गणतंत्र दिवस एवं अलंकरण समारोह हर्षोल्लास से संपन्ना




 

अनूपपुर । 26 जनवरी 2026भारत ज्योति विद्यालय, अनूपपुर के शाला प्रांगण में 77 वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत गौरव, देशभक्ति एवं अनुशासन पूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में मुख्य अतिथि श्रीमती अलका तिवारी (सीआरपीएफ, भारत) की उपस्थिति से विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात पूरे प्रांगण में राष्ट्रीय गान की गूंज सुनाई दी, जिससे वातावरण देशभक्ति और गर्व से ओत-प्रोत हो गया।

ध्वजारोहण के उपरान्त विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य, गीत और माइम अनेकता में एकता की नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

छात्र-छात्राओं ने अपने नृत्य, गीत एवं अभिनय के माध्यम से भारत की एकता, विविधता, बलिदान और राष्ट्रीय प्रतीकों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा अंग्रेजी एवं हिंदी भाषण भी प्रस्तुत किए गए, जिनमें गणतंत्र दिवस का महत्व, संविधान की गरिमा और नागरिक कर्तव्य पर प्रकाश डाला गया।

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विद्यालय में अलंकरण समारोह भी गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

विद्यालय के नव-नियुक्त छात्र परिषद के पदाधिकारी को बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया।

सभी पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया और विद्यालय की गरिमा बनाएं रखने, अनुशासन बनाएं रखने और नेतृत्व की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रतिज्ञा ली।

मुख्य अतिथि श्रीमती अलका तिवारी का विद्यालय परिवार द्वारा हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन किया गया।

इस अवसर को यादगार बनाने हेतु एक छात्र द्वारा मुख्य अतिथि को पौधा भेंट किया गया, जो सम्मान, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक माना गया।

मुख्य अतिथि श्रीमती अलका तिवारी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, साहस, राष्ट्र सेवा और जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि देश की सेवा करना गर्व की बात है, और युवाओं को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश की गरिमा बनाएं रखना चाहिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जी .अलेक्जेंडर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों का पालन करें, अपने जीवन में अनुशासन और जिम्मेदारी को बनाएं रखें।

उन्होंने सभी बच्चों को याद दिलाया कि वे राष्ट्र के भविष्य हैं, और देश की स्वतंत्रता और गरिमा बनाएं रखने के लिए अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाना आवश्यक है।

प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर ने बच्चों को देश का गौरव बढ़ाने की और रक्षा करने की शपथ दिलाई और उन्हें इस अवसर पर उत्साह पूर्वक भाग लेने के लिए धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों में मिठाई वितरित की गई, जिससे उत्साह और खुशी का माहौल और भी बढ़ गया।

कार्यक्रम का समापन हेड गर्ल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि, शिक्षकों और सभी विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

भारत ज्योति विद्यालय में आयोजित यह गणतंत्र दिवस एवं अलंकरण समारोह विद्यार्थियों में देशभक्ति, नेतृत्व, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना जागृत करने में पूरी तरह सफल रहा।

यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक, यादगार और मनोहर साबित हुआ।

 शासकीय कन्या महाविद्यालय अनूपपुर के छात्राओं ने किया “औद्यौगिक भ्रमण


“ 

   अनूपपुर ।  स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के द्वारा प्रायोजित एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, शास. कन्या महाविद्यालय, अनूपपुर के द्वारा आज दिनांक 28/01/2026 को रोजगार मुखी औद्यौगिक भ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के संरक्षक प्रो. अनिल कुमार सक्सेना, प्राचार्य शासकीय तुलसी (अग्रणी) महाविद्यालय अनूपपुर के मार्गदर्शन में एवं कन्या महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो अजयराज सिंह राठौर के नेतृत्व में सुबह 11 बजे 35 विद्यार्थियों के दल को औद्योगिक भ्रमण के लिये हरी झंडी दिखा कर वाहन को ओरिएंट पेपर मिल, अमलाई जिला शहडोल के लिये रवाना किया गया। 

  छात्राएं ओरिएंट पेपर मिल, अमलाई पॅहुच कर मिल के प्रशासकीय भवन के सेमिनार हाॅल में ओरिएंट पेपर मिल के उप-प्रंबधक  अजय मिश्रा जी के द्वारा सभी विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त कर कंपनी के द्वारा तैयार होने वाले विभिन्न प्रकारों के कागज़ों के उत्पादनों की प्रक्रिया के साथ-साथ प्रबंधकीय कार्याें के बारे में अवगत कराया गया। और साथ ही मिल के आईआर  सतीश शर्मा जी के द्वारा वाॅटर सप्लाई मैनेजमेंट एवं बिजली जेनेरेशन के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से बताया गया।

        कंपनी के सुरक्षा अधिकारी  प्रशांत सिंह के द्वारा विद्यार्थियों को अपनाई जाने वाली सुरक्षा एवं उपकरणों के बारें में प्रशिक्षण दिये, इसके बाद ड्रांइग कम प्रोजेक्ट आफिसर  संजय चतुर्वेदी जी के द्वारा निमार्ण सेक्सन के टिशू 01 एवं टिशू 02 के पेपर प्रोसेसिंग यूनिट ले जाया गया वहाॅ पर कार्यशाला में तकनीकी अधिकारियों के द्वारा पेपर तैयार करने में उपयोग में आने वाला कच्चा पदार्थ पल्प बनाने कि विधि और विभिन्न प्रकारों की रासायनिक प्रक्रियाओं के द्वारा पेपर बनाने की तकनीकी के बारे में विस्तार से समझाया गया और पेपर तैयार की जाने वाली मशीनों एवं पेपर पैकिंग मशीन को दिखाया गया। इसके बाद विद्यार्थियों के ए 4 पेपर बनने वाली कर्म साला में ले जाकर के ए 4 कागज बनाने की प्रक्रिया को दिखाया गया और बताया गया कि हमारी कंपनी में ड्रांइग शीट, राइटिंग पेपर, टिशू पेपर रंगयुक्त कागजों को तैयार किया जाता है। और बताया गया कि कागज तैयार करने में जो कच्चे पदार्थ का उपयोग में लेते है वह कच्चा पदार्थ हमें लिपटिस, बाॅस आदि पेडों से प्राप्त होता है। और उनके द्वारा बताया गया कि ज्यादातर कच्चा पदार्थ के लिये कंपनी स्थानीय स्तर पर किसानों कि सहायता से प्लांटेशन करा कर प्राप्त किया जाता है। वहाॅ कार्यरत अन्य तकनीकी विशेषज्ञों ने अपने -अपने कार्य क्षेत्रों की बारीकियों को भ्रमण दल के साथ सांझा कियें जिसे  विद्यार्थियों ने सुनकर और देखकर बहोत उत्साहित हुये एवं कार्यशाला में महिला कर्मियों के तकनीकी एवं कौशल और भूमिकाओं से विद्यार्थी प्रभावित हुयें और तकनीकी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के द्वारा पूछे गये प्रश्नों का उत्तर एवं जिज्ञासाओं का भी समाधान कियें।

      स्वामी विवेकानंद कैरियर के मार्गदर्शन प्रभारी डाॅ. राकेश सिंह के द्वारा भ्रमण दल को बताया गया  कि स्थानीय स्तर पर अपनी भूमियों में पेपर बनाने में कच्चे पदार्थ के रूप में उपयोग में आने वाले पेडों को तैयार कर सीधे कंपनी को विक्रय कर अच्छी आय प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही कंपनी से जुड कर वहां से विभिन्न प्रकारों के पेपरों को रियायती दरो में प्राप्त कर स्वयं का ब्रांड बनाकर के अपना प्रोडेक्ट बजारो में बिक्री कर स्वारोजगार से जुड सकतें हैं। इस संपूर्ण स्वरोजगार मुखी औद्योगिक भ्रमण में महाविद्यालय की शिक्षिका डाॅ. राजेश्वरी तिवारी के द्वारा भ्रमण की अनुज्ञा प्राप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका रही तथा साथ में डाॅ. श्रद्धा चौरासिया एवं डाॅ. श्रद्धा गर्ग के द्वारा भ्रमण दल का मार्गदर्शन किया गया ।

 भारत ज्योति विद्यालय, अनूपपुर में पालक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न


अनूपपुर । भारत ज्योति विद्यालय, अनूपपुर  में दिनांक 22 जनवरी 2026, गुरुवार को  पालक दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामई वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियां, अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता एवं अतिथियों के प्रेरणादाई उद्बोधनों से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  राजमणि पांडेय, विकासखंड संसाधन समन्वयक (बीआरसी), अनूपपुर रहें। पांडे जी वर्ष 2024 से जनपद शिक्षा केंद्र, अनूपपुर में समन्वयक के रूप में कार्यरत हैं तथा समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विभागीय गतिविधियों के संचालन एवं प्रशिक्षण प्रभारी का दायित्व भी निभा रहे हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में  सुमित केरकट्टा, एसडीओपी, अनूपपुर उपस्थित रहें। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अभिभावकों की गरिमामई उपस्थिति रही।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं ईश्वर वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना गीत, स्वागत उद्बोधन एवं स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम को आकर्षक एवं भावनात्मक प्रस्तुति हुई, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने मुक्त कंठ से सराहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा “हमारे प्रथम गुरु”, “नन्हे हृदय – महान प्रेम”, नाट्य प्रस्तुति, “छोटे कदम – बड़ी मुस्कान”, एक्शन गीत, वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुति एवं “एकता में विविधता” जैसे विविध एवं प्रेरणादाई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने माता-पिता के प्रति अपने प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता एवं संस्कारों को अत्यंत भावपूर्ण ढंग से अभिव्यक्त किया।

मुख्य अतिथि  राजमणि पांडेय जी ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में माता-पिता एवं शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रकार के आयोजनों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विशिष्ट अतिथि  सुमित केरकट्टा जी ने विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं प्रदान की तथा विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक चेतना के विकास पर बल दिया।

कार्यक्रम का समापन विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जी. एलेक्जेंडर के प्रेरणादाई संदेश, धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।

कुल मिलाकर यह पालक दिवस समारोह बच्चों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के लिए एक अविस्मरणीय, प्रेरणादायक एवं भावनात्मक अनुभव सिद्ध हुआ।


 *कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा माता- पिता के घर एवं मोटर सायकल में आग लगाने वाला  पुत्र गिरफ्तार


अनूपपुर । पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  मोती उर रहमान जी के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जगन्नाथ मरकाम जी एवं एसडीओपी  सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा शनिवार की शाम दिनांक 17.01.2026 अनूपपुर नगर के वार्ड नं. 02 नदियां टोला में रहने वाली शीला तिवारी पति स्व. शहजाद अली के घर के अंदर एवं मोटर सायकल में आग लगाने वाले पुत्र शिव तिवारी उर्फ साहिल पिता शिव शंकर तिवारी उम्र करीब 20 वर्ष निवासी वार्ड नं. 02,  नदियां टोला, अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि शीला तिवारी पति स्व. शहजाद अली उम्र करीब 37 वर्ष निवासी वार्ड नं. 02,  नदियां टोला, अनूपपुर के द्वारा शनिवार को थाना कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई की वर्तमान में वह अशोक पटेल के साथ रहती है जो पूर्व पति स्वर्गीय शहजाद अली से पैदा हुआ 20 वर्षीय पुत्र साहिल उर्फ शिव तिवारी के द्वारा दोपहर करीब 02 बजे घर के अंदर घुसकर माचिस से आग लगा दी गई और जलते हुये कपड़े को घर के बाहर लाकर बाहर खड़ी मोटर सायकल होण्डा साईन क्र. एमपी-65 एमसी-9318 को भी आग से जला दिया गया। उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्र. 36/2026 धारा 296-बी, 326 (जी), 324(4), 351(2) बीएनएस पंजीबद्ध किया जाकर टी. आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में सउनि गोविन्द पनिका, सउनि सुरेन्द्र प्रताप सिंह, प्र. आर. रीतेश सिंह एवं अमित मराबी के टीम के द्वारा तत्काल आरोपी शिव तिवारी उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी शिव तिवारी उर्फ साहिल आदतन आरोपी है जिसके विरूद्ध से नकबजनी, चोरी, मारपीट, गाली गलौज, चोट पहुंचाना एवं धमकी देने के आधा दर्जन मामले पंजीबद्ध हैं।

 भारत ज्योति विद्यालय के सामाजिक सेवा कार्य: दिव्यांग छात्रावास, ममता बालगृह और वृद्धाश्रम में समय बिताकर मानवीय संवेदनाओं का विकास


































अनूपपुर । भारत ज्योति विद्यालय के कक्षा 3 और 4 के छात्रों ने एक विशेष सामाजिक सेवा कार्य के तहत दिव्यांग छात्रावास में समय बिताया। उन्होंने दिव्यांग बच्चों के साथ खेल खेले, गाने गाए और उनके साथ दोस्ती की। इस दौरान, कक्षा 6 और 8 के छात्रों ने वृद्धाश्रम का दौरा किया, जहां उन्होंने वृद्धजनों के साथ समय बिताया और उनके अनुभवों को सुना। इस कार्य के माध्यम से बच्चों ने समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति अपनी संवेदनाओं और समझ को गहरा किया। बच्चों ने वृद्धजनों से उनके जीवन के अनुभव सीखे और अपनी बातें भी साझा की। इस अनुभव ने बच्चों में सहानुभूति, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का अहसास कराया।

यह कार्यक्रम बच्चों को यह सिखाने का एक प्रयास था कि समाज के हर वर्ग के प्रति समान सम्मान और प्यार होना चाहिए, चाहे वह दिव्यांग हो या वृद्ध। यह कार्य बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त किया और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

 *कक्षा 5 के छात्रों ने अनूपपुर जिले में  शैक्षिक यात्रा का अनुभव लिया*

 बच्चों ने  विभिन्न सरकारी विभागों का दौरा किया और समाज सेवा, कानून व्यवस्था और बाल कल्याण के विषय में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। यात्रा की शुरुआत  कोतवाली अनूपपुर से हुई, जहां कोतवाली प्रभारी  अरविंद जैन जी ने छात्रों को कोतवाली की कार्यप्रणाली और पुलिस के कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। छात्रों को कोतवाली में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों, जैसे हथियार और सुरक्षा जैकेट, के बारे में भी बताया गया।  जैन जी ने छात्रों को उनकी पढ़ाई पर ध्यान देने और समाज में सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा दी।

इसके बाद, छात्रों ने ममता बाल गृह का दौरा किया, जहां उन्हें यह समझाया गया कि घर छोड़ने के खतरों से बचने के लिए परिवार का समर्थन कितना महत्वपूर्ण है। इसके पश्चात, छात्रों ने आदिवासी कल्याण विभाग का दौरा किया और वहां विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में जाना, जो विशेष रूप से बच्चों के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए बनाएं गए हैं।

यात्रा के अगले पड़ाव में, छात्रों ने एसपी कार्यालय में अतिरिक्त एसपी  जगन्नाथ मरकाम जी और डीएसपी  एन. एस. ठाकुर,एस आई मोहन राठौर से मुलाकात की।  मरकाम ने अपनी जीवन यात्रा साझा करते हुए छात्रों को यह बताया कि कड़ी मेहनत और शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। डीएसपी  ठाकुर ने छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्हें समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनने की सलाह दी।इसके बाद छात्रों ने जनजातीय कल्याण विभाग का दौरा किया, जहां उन्होंने एसी श्रीमती सरिता नायक और एओ  बाजपेयी जी से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों को अनूपपुर जिले में बच्चों के कल्याण के लिए उपलब्ध सरकारी सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जिले में शिक्षा और बच्चों के भविष्य को सुधारने के लिए चलाएं जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्रों को अपने भविष्य के लिए अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

यात्रा का अंतिम पड़ाव था बाल समिति, जहां छात्रों को बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेष रूप से, उन्हें "अच्छा स्पर्श, बुरा स्पर्श" जैसे सुरक्षा उपायों के बारे में समझाया गया।

*निष्कर्ष*

 यह शैक्षिक यात्रा छात्रों के लिए एक मूल्यवान अनुभव रही, जिसमें उन्होंने समाज सेवा, कानून व्यवस्था और नागरिक जिम्मेदारियों को समझा। इस यात्रा ने बच्चों को न केवल उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी, बल्कि उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित किया।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget