जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने किया निरीक्षण


दवा वितरण केंद्र का भी लिया जायजा

अनूपपुर । 13 सितंबर 2026 कलेक्टर  रत्नाकर झा जी ने शनिवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर  झा जी ने नेत्र कक्ष, पोषण पुनर्वास केंद्र, ब्लड बैंक, सीटी स्कैन कक्ष सहित विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने दवा वितरण केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध दवाइयों की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एक्सपायरी दवाइयों के उचित प्रबंधन एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनके डिस्पोजल के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

 सात साल की लड़ाई,वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर दोस्त दिखा तो लौट आई दोस्ती.


.

 राष्ट्रीय लोक अदालत में मामले का संवाद, समझाइश के बाद राजीनामे से हुई समाप्ति

अनूपपुर । 12 सितंबर 2026 वर्ष 2019 में कालरी में काम करने वाले भालूमाड़ा क्षेत्र के दो कर्मचारियों के बीच पैसों के मामूली लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और थाने में रिपोर्ट दर्ज होने तक पहुंच गया। कभी गहरी मित्रता रखने वाले दोनों पक्षों के बीच ऐसी कड़वाहट बढ़ी कि मामला करीब 7 साल तक न्यायालय में चलता रहा। इसी दौरान एक पक्ष का आरोपी इस वर्ष अन्य प्रकरण में जेल चला गया। आज दिनांक 12 सितंबर 2026, राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर मामला न्यायालय की मेज पर इस उम्मीद के साथ पहुंचा था कि जो बात सात साल में नहीं हो सकी, शायद आज हो जाए। कार्यवाही शुरू हुई और आरोपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जैसे ही पुराने दोस्त की नजर स्क्रीन पर जेल में मौजूद अपने मित्र पर पड़ी, वर्षों पुरानी नाराज़गी मानो पिघलने लगी। पुरानी मित्रता फिर उमड़ आई और दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से अपने-अपने मामलों में राजीनामा कर विवाद को समाप्त करने का निर्णय लिया। न्यायाधीश अमनदीप सिंह छाबड़ा ने दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक सुना और उन्हें वर्षों से चले आ रहे विवाद को समाप्त कर आपसी सौहार्द एवं मित्रता के साथ आगे बढ़ने के लिए समझाइश दी। न्यायालय की ओर से किए गए प्रयासों से दोनों पक्षों के बीच समझौते की राह बनी और अंततः दो मामलों का राजीनामे के माध्यम से अंत हुआ। मामूली लेन-देन से शुरू हुई बात ने सात साल तक कानूनी लड़ाई का रूप लिया, लेकिन राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन संवाद, समझाइश और पुरानी दोस्ती ने इस विवाद को समाप्त कर दिया।

 12 सितंबर राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार


अनूपपुर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। यह जन जागरूकता अभियान प्रधान न्यायाधीश माया विश्वालाल, न्यायाधीश  कृष्णा डागलिया जी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव  रविंद्र सोनी जी एवं  बृजेश पटेल जी के नेतृत्व में चलाया गया।

आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए बताया गया कि लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का आपसी समझौते एवं सहमति के आधार पर सरलता और शीघ्रता से निराकरण किया जाता है। इनमें मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, पारिवारिक प्रकरण, श्रम प्रकरण, विद्युत चोरी से संबंधित प्रकरण तथा बैंक, नगर पालिका एवं अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल हैं।

लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों के बीच आपसी सद्भाव बढ़ता है, शत्रुता समाप्त होती है तथा समय और धन की बचत होती है। न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निराकरण कराया जा सकता है। सिविल मामलों के निराकरण पर नियमानुसार न्यायालय शुल्क की वापसी का भी प्रावधान है।

जन जागरूकता अभियान के दौरान  विधिक स्वयंसेवक शब्द अधारी के द्वारा अनूपपुर के विभिन्न स्थानों, पीआर टी कॉलेज, तुलसी कॉलेज, इंदिरा चौक, जिला चिकित्सालय, बस्ती रोड, शंकर मंदिर एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने लंबित प्रकरणों का आपसी समझौते के माध्यम से निराकरण करवाने के लिए प्रेरित किया गया।

आमजन से विधिक स्वयंसेवक शब्द अधारी द्वारा अपील की गई कि वे 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सहमति से अपने प्रकरणों का निराकरण करवाएं और लोक अदालत के माध्यम से सरल, सुलभ एवं शीघ्र न्याय का लाभ प्राप्त करें।


 डीएवी पब्लिक स्कूल जैतहरी, अनूपपुर के विद्यार्थियों ने स्पोर्ट्स क्लस्टर मीट में रचा इतिहास, वॉलीबॉल में बने चैंपियन

जैतहरी (अनूपपुर)। डीएवी पब्लिक स्कूल जैतहरी (एम.बी. पावर)  ने डीएवी स्पोर्ट्स क्लस्टर मीट 2026 (मध्य प्रदेश जोन-सी) में पहली बार प्रतिभाग करते हुए ऐतिहासिक सफलता हासिल की है; इस प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों के लगभग 1100 प्रतिभागियों के बीच डीएवी पब्लिक स्कूल जैतहरी, अनूपपुर के 74 खिलाड़ियों के दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंडर-17 बालक वॉलीबॉल के रोमांचक फाइनल में डीएवी बीना को पराजित कर चैंपियनशिप जीती, साथ ही अंडर-14 बालक व बालिका कबड्डी तथा अंडर-17 बालक खो-खो में उपविजेता (रनर-अप) एवं अंडर-17 बालक फुटबॉल व बालिका खो-खो में सेमीफाइनलिस्ट बनने का गौरव प्राप्त किया। 

इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर रीजनल डायरेक्टर (जोन-सी) एस. के. सिन्हा जी ने डीएवी पब्लिक स्कूल जैतहरी, अनूपपुर के खिलाड़ियों, खेल विभाग व विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि पहली बार में ही ऐसा शानदार प्रदर्शन विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन व खेल भावना का परिचायक है, वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल जैतहरी, अनूपपुर के प्राचार्य संजीव कुमार श्रीवास्तव जी ने इसे विद्यार्थियों के अथक परिश्रम, खेल प्रशिक्षकों के समर्पण और नियमित अभ्यास का सफल बताते हुए सभी विजेता, प्रतिभागी बच्चों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं एवं बधाईयाँ दीं, तथा हिन्दुस्तान पावर प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड जैतहरी प्रबंधन समिति ने डीएवी पब्लिक स्कूल जैतहरी, अनूपपुर के विद्यार्थियों द्वारा क्षेत्र का मान बढ़ाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रबंधन बच्चों के सर्वांगीण विकास व खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और इस ऐतिहासिक सफलता हेतु विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकों व सभी युवा खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देता है।



 राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार रथ रवाना

12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आमजन से अधिकाधिक सहभागिता की अपील

अनूपपुर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वालाल के मार्गदर्शन में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार रथ रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती माया विश्वालाल ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को रवाना किया। 

इस अवसर पर न्यायाधीश  श्रीकृष्ण डागलिया जी, श्रीमती चैनवती ताराम, श्रीमती विधि डागलिया, सुश्री सुधा पांडेय,  बाबी सोनकर जी, सुश्री सृष्टि साहू, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रवीन्द्र कुमार सोनी जी सहित विधिक सहायता बचाव परिषद के अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे। 

विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच कर करेगा जागरूक

प्रचार रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आम नागरिकों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्रदान करेगा। इसके साथ ही नागरिकों को आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का सरल एवं त्वरित निराकरण कराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। 

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती माया विश्वालाल ने आमजन से अपील की कि वे 12 सितंबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें तथा अपने लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से निराकरण कराने का लाभ उठाएं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं विधिक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रचार रथ के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को लोक अदालत के लाभ तथा विवादों के त्वरित एवं सरल समाधान के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

 *तुलसी कॉलेज में IIT नई दिल्ली द्वारा संचालित AI और FINTECH कोर्स में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा सम्पन्न*


  

 अनूपपुर। 08 सितंबर 2026 को पी एम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना, उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश के अंतर्गत IIT नई दिल्ली द्वारा ऑनलाइन माध्यम से संचालित AI (Artificial Intelligence) एवं FINTECH (Financial Technology) कोर्स में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एवं बड़ी संख्या में सहभागिता की।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं फिनटेक जैसे आधुनिक और रोजगारपरक क्षेत्रों में आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना है, ताकि विद्यार्थी बदलते तकनीकी एवं डिजिटल कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।

चयन परीक्षा के उपरांत विद्यार्थियों का चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए महाविद्यालय से कुल 32 विद्यार्थियों का चयन किया जाना है। चयनित विद्यार्थियों को IIT नई दिल्ली द्वारा ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। निर्धारित प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को IIT नई दिल्ली द्वारा प्रमाण-पत्र (Certificate) प्रदान किया जाएगा।

इस चयन परीक्षा के संयोजक  विनोद कुमार कोल एवं सहसंयोजक  शाहबाज खान रहे। वहीं डॉ. तुलसी रानी पटेल, डॉ. तरन्नुम सरवत एवं डॉ. दीपक गुप्ता ने शिक्षकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रवेश परीक्षा के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।। AI एवं FINTECH जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण से विद्यार्थियों के लिए भविष्य में रोजगार, स्वरोजगार एवं करियर के नए अवसर विकसित होंगे ।

महाविद्यालय प्रबंधन ने चयन परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 “पीआर टी महाविद्यालय में गूंजा गुरु सम्मान का गौरव, धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस


 “शिक्षक वह शिल्पकार है, जो विद्यार्थियों के भविष्य को आकार देकर राष्ट्र के निर्माण की नींव रखता है”—डॉ. अनिल सक्सेना

अनूपपुर । 5 सितंबर शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला

 व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के जीवन को दिशा देने वाला वह मार्गदर्शक है, जो साधारण प्रतिभा को असाधारण व्यक्तित्व में बदलने का कार्य करता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए पीआर टी महाविद्यालय, अनूपपुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुओं के सम्मान में भव्य एवं गरिमामई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय प्रधानमंत्री एक्सीलेंस, तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर के प्राचार्य डॉ. अनिल सक्सेना रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीआर टी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संचालक डॉ. देवेन्द्र कुमार तिवारी ने की।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक बृजभूषण शुक्ला एवं हरिशंकर वर्मा, शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजयराज सिंह, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य एस.के. मिश्रा तथा पीआर टी महाविद्यालय के फाउंडर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के माननीय जिला संघचालक एवं वरिष्ठ शिक्षक राजेन्द्र प्रसाद तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

*गुरुओं का  सम्मान बना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण*

पीआर टी ग्रुप के संचालक डॉ. देवेन्द्र कुमार तिवारी द्वारा उपस्थित सभी शिक्षकों एवं अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम में भावनात्मक एवं आत्मीय वातावरण निर्मित कर दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. अनिल सक्सेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषय का ज्ञान नहीं देता, बल्कि उनके संस्कार, सोच, चरित्र और भविष्य को गढ़ता है। जीवन में सफलता के लिए निरंतर सीखने, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपनाना आवश्यक है।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने तथा अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को जीवन की पूंजी बनाने की सीख दी।

अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेहनत, अनुशासन, संस्कार, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता का आधार बताया।

*केक काटकर मनाया शिक्षक दिवस, प्रस्तुतियों ने बांधा समां*

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अतिथियों एवं शिक्षकों के साथ केक कटवाकर शिक्षक दिवस सेलिब्रेट किया। इस दौरान विद्यार्थियों में ख़ासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार- चांद लगा दिए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने शिक्षक-शिष्य परंपरा की गरिमा को बनाए रखने तथा शिक्षा को संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संकल्प लिया।

सम्मान एक दिन का नहीं, संस्कार पूरी जिंदगी का”

कार्यक्रम को सफल बनाने में पीआर टी महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि गुरु का सम्मान केवल एक दिन की औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवनभर कृतज्ञता और संस्कार की पहचान है।

कार्यक्रम सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ।

 भारत ज्योति विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस


विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, गीत, नाटक एवं भाषण के माध्यम से शिक्षकों के प्रति व्यक्त किया आभार

अनूपपुर। भारत ज्योति विद्यालय में शिक्षक दिवस का पर्व हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति प्रेम, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने जीता दिल*

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, गीत, नाटक एवं भाषण के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। छोटे बच्चों ने अपने भाषणों के माध्यम से बताया कि शिक्षक हमारे जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन से जीवन में आगे बढ़ने, सफलता प्राप्त करने एवं निरंतर प्रगति करने का संदेश दिया।

वहीं बड़े विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य एवं नाटक के माध्यम से शिक्षकों के समर्पण एवं योगदान को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।

*शिक्षा के साथ खेल एवं प्रतिभाओं को भी मिल रहा प्रोत्साहन*

भारत ज्योति विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी विद्यालय के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यह सीबीएसई से संबद्ध विद्यालय है, जहां कक्षा बारहवीं तक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा, कला, चित्रकला, रचनात्मकता एवं अन्य प्रतिभाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

विद्यालय के विद्यार्थी कैरम, शतरंज, थ्रो बॉल, डिस्कस थ्रो सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने संभागीय, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं अनूपपुर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन

विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उन्हें समाज, पर्यावरण, करियर एवं मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

विद्यालय में कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य में अपने रुचि एवं क्षमता के अनुसार सही करियर का चुनाव करने की जानकारी मिलती है।

इसके साथ ही विद्यालय द्वारा चैरिटी कार्यक्रम एवं सेवा गतिविधियों का भी आयोजन किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो।

*पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए भी पहल*

पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न गणमान्य अतिथियों एवं विशेषज्ञों का आगमन हुआ, जिन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के महत्व के बारे में जानकारी दी।

विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट अतिथियों एवं विशेषज्ञों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इससे बच्चों को कक्षा के बाहर की दुनिया को समझने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

प्रतिभा सम्मान योजना एवं *प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन*

विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रतिभा सम्मान योजना पीएसवाए परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। शिक्षा के साथ-साथ शोध, कला एवं चित्रकला के क्षेत्र में भी विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी पहचान बनाई है और विभिन्न स्तरों पर चयनित एवं सम्मानित हुए हैं।

*प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर एवं उप-प्रधानाचार्य सिस्टर जिस मारिया के मार्गदर्शन में सर्वांगीण विकास*

विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर एवं उप-प्रधानाचार्य सिस्टर जिस मारिया के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विद्यार्थियों की शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

विद्यालय में विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता है। अंग्रेजी भाषा में संवाद करने के लिए भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे उनके भाषा कौशल एवं आत्मविश्वास में निरंतर वृद्धि हो रही है।

*पूर्व छात्रा श्रेया गुप्ता ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया विद्यालय का मान*

भारत ज्योति विद्यालय की पूर्व छात्रा श्रेया गुप्ता ने भी खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। श्रेया गुप्ता टेबल टेनिस की प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और कई बार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

वर्तमान में भी वे राष्ट्रीय चैंपियनशिप एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले रही हैं। वर्ष 2025 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खेल उपलब्धि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सांसद विश्वास कैलाश सारंग एवं डॉ. अशोक ध्यानचंद, महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के पुत्र, के हाथों प्राप्त हुआ।

श्रेया गुप्ता को भारत ज्योति विद्यालय में सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी पुरस्कार एवं सर्वश्रेष्ठ खेल छात्रा पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी उपलब्धियां विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत हैं।

शिक्षा, संस्कार, खेल एवं सेवा का संगम

भारत ज्योति विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा एवं करियर मार्गदर्शन जैसी गतिविधियों को विशेष महत्व दिया जाता है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, संस्कारी, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम इसी भावना को प्रदर्शित करते हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों से विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सफलता प्राप्त कर रहे हैं और विद्यालय, अपने परिवार एवं अनूपपुर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

भारत ज्योति विद्यालय का यह निरंतर प्रयास विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 डीवीएम पब्लिक स्कूल अनूपपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस


अनूपपुर। डीवीएम पब्लिक स्कूल, अनूपपुर में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. वाचस्पति कुलवंत द्वारा भारत के महान शिक्षक, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं चंदन-वंदन कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा भाषण, कविता, संस्कृत कार्यक्रम सहित अनेक रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ. वाचस्पति कुलवंत ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बच्चों से देश के जिम्मेदार एवं महान नागरिक बनने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुशीला कुलवंत ने कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि वह मार्गदर्शक होता है, जो विद्यार्थियों को जीवन जीने की सही कला, अच्छे संस्कार और सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों के प्रति सदैव सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षक दिवस भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष 5 सितंबर को मनाया जाता है। इस दिन विद्यार्थी अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा और समाज के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह, सम्मान और उमंग से भरा रहा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस को यादगार बनाया।



 फसल बचाने के नाम पर पशुओं को खेल मैदान में बंद करने का आरोप, तीन दिनों से चारा-पानी के लिए तरस रहे मवेशी

राजेंद्रग्राम/पुष्पराजगढ़। जिला अनूपपुर के तहसील पुष्पराजगढ़ अंतर्गत राजेंद्रग्राम क्षेत्र में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले मवेशियों को पकड़कर खेल मैदान के अंदर बंद किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पशुओं को मैदान के अंदर कर गेट पर ताला लगा दिया गया है, लेकिन उनके लिए चारा और पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मैदान में बंद गाय-बछड़े सहित अन्य पशु पिछले करीब तीन दिनों से भूखे-प्यासे हैं। पशुओं के लगातार चिल्लाने से आसपास के लोगों में भी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।

बताया गया है कि कुछ जागरूक नागरिकों ने मामले की शिकायत 181 एवं 112 पर भी की है। शिकायत किए जाने के बावजूद अभी तक पशुओं को बाहर निकालने अथवा उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था किए जाने की कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि किसानों की फसलों को मवेशियों से बचाने की समस्या का समाधान आवश्यक है, लेकिन इसके लिए पशुओं को इस प्रकार बंद करके उन्हें भूखा-प्यासा रखना उचित नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पशुओं के लिए चारे और पानी की व्यवस्था कराई जाए तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की उचित व्यवस्था की जाए।

अब देखना यह है कि शिकायतों के बाद प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और भूखे-प्यासे पशुओं को राहत कब मिलती है।

 भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की गरिमा एवं भक्तिपूर्ण आयोजन श्रद्धा और उल्लास पूर्वक शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में सम्पन्न हुई




 

अनूपपुर । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेन्स शासकीय तुलसी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सक्सेना के निर्देशन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन भक्ति-भाव, श्रद्धा और उल्लास पूर्वक सम्पन्न हुई ।  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे अन्तर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन] अनूपपुर के पूज्यपाद स्वामी पवित्र कृष्ण चंद्र प्रभु जी विशिष्ट अतिथि गीता प्रतिष्ठानम्  जिला प्रमुख  दीपक त्रिपाठी जी एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ जे.के.सन्त विभागाध्यक्ष राजनीति शास्त्र ने किया । कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीकृष्ण जी एवं मां सरस्वती जी के प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ ।  दीपक त्रिपाठी जी ने स्वास्ति वाचन कर विश्वकल्याण हेतु प्रार्थना की  इस्कॉन अनूपपुर से पधारे पूज्यपाद् स्वामी पवित्र कृष्ण चंद्र प्रभु जी , सच्चिदानंद जी,  प्रशांत पाण्डेय जी,  गौरांग जी एवं  अक्षत जी के द्वारा प्रस्तुत श्री हरिनाम कीर्तन से समूचा सदन श्रीकृष्ण भक्तिमय हो गया । अपने उद्बोधन में पूज्यपाद् स्वामी पवित्र कृष्ण चंद्र प्रभु जी भगवान श्रीकृष्ण जी की महिमा वर्णन, श्रीमद्भागवत की प्रासंगिकता और उन्हें समस्त सृष्टि के नियामक और संचालक के रुप रुप में उनकी भक्ति को मोक्ष प्राप्ति का सुगम मार्ग बताया ।  प्रशांत पाण्डेय जी और  दीपक त्रिपाठी जी ने अपने विद्वतापूर्ण उद्बोधन में श्रीकृष्ण संकीर्तन की महिमा और उनके 64 कलाओं और 14 विद्या के सम्यक व्याख्या प्रस्तुत की । अखिल भारतीय साहित्य परिषद की कवियित्री श्रीमती आकांक्षा शुक्ला ने अपने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति कर सबका मन मोह लिया । डॉ. जे.के.सन्त, विभागाध्यक्ष राजनीति शास्त्र ने श्रीमद्भगवद्गीता पर प्रकाश डालते हुए उसकी प्रासंगिकता और महत्व को प्रतिपादित किया । कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए डॉ. नीरज श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष हिन्दी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति मार्ग का अनुसरण करते हुए हम जन्म एवं मृत्यु से मुक्ति पाकर मोक्ष की प्राप्ति कर अपना मानव जीवन कृतार्थ कर सकते हैं । कार्यक्रम के अन्त में डॉ- ज्ञान प्रकाश पाण्डेय- जिला संगठक एन.एस.जी ने आभार प्रदर्षन कर धन्यवाद ज्ञापित किया । इस अवसर पर डॉ- प्रीति सागर मलैया, डॉ ब्रजेन्द्र सिंह, डॉ तरन्नुम शरबत, डॉ श्रद्धा चौरसिया, डॉ राकेश सिंह, डॉ. राजेश्वरी तिवारी, डॉ तुलसी रानी पटेल, डॉ विद्या पुसाम,  अंजली कहार सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही ।

 उमर गोहान मिडिल स्कूल में बच्चों के अनुकूल विधिक साक्षरता शिविर आयोजित



अनूपपुर । 31 अगस्त 2026 मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्व लाल के मार्गदर्शन में ग्राम उमर गोहान स्थित मिडिल स्कूल में विद्यार्थियों के लिए मैत्रीपूर्ण एवं जागरूकता आधारित विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर  रावेन्द्र कुमार सोनी जी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम, बच्चों की सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण अथवा अन्याय की स्थिति में बच्चें उचित माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

 सोनी जी ने विद्यार्थियों को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं शिक्षा सहित विभिन्न मौलिक अधिकार प्राप्त हैं। साथ ही संविधान, राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान करना, पर्यावरण की रक्षा करना, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाएं रखना प्रत्येक नागरिक का मौलिक कर्तव्य है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अन्य बच्चों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

 भारत ज्योति विद्यालय में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित


सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों को दिया करियर निर्माण का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन

अनूपपुर। 21 अगस्त 2026 भारत ज्योति विद्यालय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सही करियर चयन के उद्देश्य से शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को विशेष करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों के साथ अपने बहुमूल्य ज्ञान, व्यावसायिक अनुभव एवं उपयोगी मार्गदर्शन को साझा किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर जी द्वारा मुख्य वक्ता सी.ए. भौमिक के. राठौर जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने उनका स्वागत करते हुए विद्यालय में पधारने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, आवश्यक योग्यताओं, उच्च शिक्षा की संभावनाओं तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप सही करियर का चुनाव करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने व्यावसायिक अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति स्पष्टता, अनुशासन, आत्मविश्वास, समय का सदुपयोग और निरंतर मेहनत आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए करियर से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर जी ने कहा कि विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के अनुभव और मार्गदर्शन से रूबरू कराने से उन्हें अपने भविष्य के लिए सही निर्णय लेने में सहायता मिलती है। उन्होंने सी.ए. भौमिक के. राठौर जी के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को उनके मार्गदर्शन का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें अपने करियर की दिशा समझने में सहायता करता है।

कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी रहा। विद्यालय परिवार ने सी.ए. भौमिक के. राठौर जी के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की तथा आशा व्यक्त की कि उनका बहुमूल्य मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

 गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती, श्रद्धा और उल्लास पूर्वक तुलसी महाविद्यालय में मनाई गई


अनूपपुर । हिंदी विभाग प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में प्राचार्य, डॉक्टर अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती का आयोजन, अत्यंत उल्लास पूर्वक भक्ति भाव से किया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे डॉ. जे.के. संत, विभाग अध्यक्ष राजनीतिक शास्त्र, विशिष्ट अतिथि डॉ राधा सिंह विभाग अध्यक्ष , वनस्पति विज्ञान और कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ नीरज श्रीवास्तव विभाग अध्यक्ष हिंदी ने किया ।

कार्यक्रम के आरंभ में गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप- प्रज्वलन उनका, पूजन -अर्चन और माल्यार्पण से किया गया। डॉ जे.के.संत ने गोस्वामी तुलसीदास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारतीय सनातन संस्कृति का महान रचनाकार एवं युगदृष्टा बताया । साथ ही उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी के पद का अत्यंत मनोहारी गायन भी किया । गोस्वामी तुलसीदास जी की रचनाओं और श्री रामचरितमानस की प्रासंगिकता पर अपना उद्बोधन डॉक्टर राधा सिंह ने प्रस्तुत किया । डॉ नीरज श्रीवास्तव , विभाग अध्यक्ष हिंदी ने गोस्वामी तुलसीदास जी को महान रचनाकार, भक्त कवि और भारतीय सनातन संस्कृति और मूल्यों को संस्थापित करने वाले महान कवि के रूप में निरूपित किया । गोस्वामी तुलसीदास जी की अमर कृति श्री रामचरितमानस पर विस्तार पूर्वक  प्रकाश डाला ।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. योगेश तिवारी ने किया ।

इस गरिमा पूर्ण आयोजन में डॉ. विनोद कोल,डॉ. आकांक्षा राठौर, डॉ. तरन्नुम शरबत, डॉ दीपक गुप्ता, डॉ.पूनम धाड़े, डॉक्टर तुलसी रानी पटेल सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही ।

 *मुख्यमंत्री डॉ. यादव की गरिमामई उपस्थिति में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और टाटा स्ट्राइव के मध्य एमओयू


*

*स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर होंगे सृजित*

*पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में युवाओं व होमस्टे संचालकों का होगा कौशल उन्नयन*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामई उपस्थिति में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड (MPTB) और टाटा स्ट्राइव (Tata STRIVE - टाटा कम्युनिटी इनिशिएटिव्स ट्रस्ट) के मध्य 2 वर्ष की अवधि के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) निष्पादित किया गया है, जिसे आवश्यकतानुसार पारस्परिक सहमति से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से डायरेक्टर (कौशल)  डी. पी. सिंह जी और टाटा स्ट्राइव की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी  अमेया वंजारी जी ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण होमस्टे संचालकों की आय में वृद्धि करना, विश्वस्तरीय आतिथ्य मानकों के अनुरूप सेवाएं विकसित करना तथा स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर निर्मित करना है।इस अवसर पर सचिव पर्यटन एवं प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैयाराजा टी उपस्थित रहे।

इस साझेदारी के प्राथमिक हितग्राही ग्रामीण होमस्टे संचालक, स्थानीय युवा और पर्यटन सेवा प्रदाता होंगे। इस समझौते के माध्यम से पर्यटन निगम के होटलों और निजी क्षेत्र के अन्य होटलों के लिए कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं को आतिथ्य एवं पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार निर्मित करने में मदद मिलेगी, जिससे प्रदेश का ग्रामीण पर्यटन इकोसिस्टम और अधिक मजबूत होगा।

एमओयू के प्रथम चरण के अंतर्गत ग्रामीण पर्यटन एवं होमस्टे इकोसिस्टम के लगभग 1,000 हितग्राहियों को 'पूर्व अधिगम की मान्यता' (RPL) और अपस्किलिंग (कौशल उन्नयन) का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके तहत होमस्टे संचालन, डिजिटल बुकिंग व OTA प्लेटफॉर्म्स का उपयोग, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, स्थानीय व्यंजन, फूड एंड बेवरेज, गाइडिंग, सुरक्षा, स्वच्छता, सतत पर्यटन और राजस्व प्रबंधन जैसे व्यावहारिक विषयों को शामिल किया गया है। आगामी चरणों में MPSTDC होटल एवं रिसॉर्ट स्टाफ हेतु रिफ्रेशर प्रशिक्षण तथा राज्य के युवाओं का आतिथ्य क्षेत्र में कौशल विकास किया जाएगा।

वित्तीय दृष्टिकोण से यह अनुबंध राज्य सरकार के लिए अत्यधिक लाभकारी है, क्योंकि MPTB द्वारा टाटा स्ट्राइव को प्रशिक्षण संचालन हेतु किसी भी राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा। प्रशिक्षकों की उपलब्धता, उनका मानदेय तथा प्रशिक्षण मॉड्यूल के विकास का संपूर्ण व्यय टाटा स्ट्राइव द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि MPTB केवल प्रशिक्षण स्थल और प्रशिक्षकों व प्रशिक्षुओं के लिए आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत सभी सफल हितग्राहियों को IHCL–Tata STRIVE एवं MPTB द्वारा संयुक्त रूप से उद्योग-मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी व्यावसायिक साख और स्वरोजगार की क्षमताओं में वृद्धि होगी।

 *सेवा में,*  

जिला जनसंपर्क अधिकारी  

समस्त जिले, मध्यप्रदेश


*विषय:* जिले में प्रकाशित एवं प्रसारित मीडिया संस्थान में कार्यरत श्रमजीवी पत्रकार एवं गैर पत्रकारों की सूची एवं अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के  नियुक्ति पत्रों एवं 3 माह के वेतन प्रमाण पत्र की  सत्यापित जानकारी उपलब्ध कराने बाबत।

*संदर्भ:* नवीन श्रम संहिताओं के संदर्भ में 

*महोदय,*

उपरोक्त विषय में सविनय निवेदन है कि:

1.  श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा लागू नवीन श्रम संहिताओं एवं मजदूरी संहिता 2019 की धारा 5 के अनुसार, किसी भी संस्थान में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी/श्रमिक को नियोक्ता द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान करना एवं वेतन का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है।

2.  जनसंपर्क विभाग द्वारा आपके जिले में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचार पत्र/चैनल/वेब पोर्टल की सूची रखी जाती है और उन्हें सरकारी विज्ञापन दिया जाता है। उक्त सूची में शामिल संस्थानों में कार्यरत श्रमजीवी पत्रकारों एवं गैर पत्रकारों को उनके संबंधित समाचार पत्र/चैनल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र एवं पिछले 3 माह के वेतन भुगतान के प्रमाण की सत्यापित प्रति उपलब्ध कराई जाए।

3.  मैं मध्यप्रदेश श्रम सलाहकार परिषद का सदस्य होने के नाते श्रमिकों के अधिकारों के संरक्षण हेतु यह जानकारी चाहता हूं। कृपया 15 दिवस में जानकारी उपलब्ध कराएं।

*प्रार्थना:* कृपया निम्न जानकारी उपलब्ध कराने का कष्ट करें:

1.  जिले में  प्रकाशित एवं प्रसारित समस्त समाचार पत्र/चैनल/वेब पोर्टल की सूची

2.  प्रत्येक संस्थान में कार्यरत पत्रकार एवं गैर पत्रकारों के नाम, पद , पता,मोबाइल नंबर।

3.  प्रत्येक कर्मचारी का नियुक्ति पत्र एवं  एवं अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के पिछले 3 माह के वेतन पर्ची/बैंक स्टेटमेंट की सत्यापित प्रतियां।

आपके द्वारा जानकारी मिलने के बाद समस्त अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों की सूची, वेतन प्रमाण पत्र सहित श्रमायुक्त को भेजकर उनसे निवेदन किया जाना है कि क्या अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों को जो वेतन मिल रहा है बह वेतन आयोग के अधिनियम के अनुसार है या नहीं यदि नहीं है तो संस्थान पर उचित कार्रवाई करें साथ ही दृश्य एवं प्रसार निदेशालय तथा आयुक्त जनसंपर्क मध्यप्रदेश को लिखा जायेगा कि मीडिया संस्थानों ने केंद्र सरकार के श्रम कानून की अवहेलना की है अतः इन्हें दिये जा रहें विज्ञापन पर रोक अथवा विज्ञापन की देय राशि में से पत्रकार की दी जाने वाली राशि काटकर श्रम विभाग में जमा कराएं जो संबंधित पत्रकार को दी जा सकें।

पत्र का समय पर जबाव स्पीड पोस्ट से भेजे न मिलने का मतलब है कि आप नियमों की अवहेलना कर रहे हैं जो कदाचरण की श्रेणी में आता है।

*भवदीय*  

राधावल्लभ शारदा  

सदस्य, 

मध्यप्रदेश श्रम सलाहकार परिषद  

F-88/19, तुलसीनगर, भोपाल - 462003  

मोबाइल: 9425609484  

दिनांक: 26,7,26

प्रतिष्ठा में,

प्रदेश के समस्त कलेक्टर से निवेदन है कि मांगी गई जानकारी शीघ्र भेजने हेतु जिला जनसंपर्क अधिकारी को निर्देश जारी करेंगे।

 पीआईबी भोपाल द्वारा अनूपपुर में आयोजित हुआ वार्तालाप कार्यक्रम 


विभागीय अधिकारियों  एवं विषय विशेषज्ञों ने  दी विकसित भारत @2047, आयुष्मान भारत/ वीबी- जी राम जी एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से जानकारी

मीडिया कर्मियों के  प्रश्नों का किया गया समाधान 

 अनूपपुर। 06 अगस्त 2026 पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल द्वारा अनूपपुर में वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया गया | कार्यक्रम "विकसित भारत@2047" ग्रामीण जन , आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) सहित केन्द्र सरकार की अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित रहा | कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी आमजन एवं मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने बताया कि वीबी- जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण विकास ढांचे को विकसित भारत @2047 की राष्ट्रीय दृष्टि के अनुरूप बनाने और ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों की उन्नत वैधानिक मजदूरी-रोजगार गारंटी प्रदान किए जाने का प्रावधान है| योजना के तहत वयस्क सदस्य अकुशल शारीरिक कार्य करने के लिए स्वेच्छा से आगे आने वालों के लिए रोजगार की व्यवस्था की जाती है| साथ ही उनकी विस्तारित आजीविका सुरक्षा ढांचे में अधिक प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने बताया की जल-सुरक्षा (जल-संबंधित कार्यों के माध्यम से), मुख्य ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका-संबंधित अवसंरचना तथा चरम मौसम घटनाओं के शमन हेतु विशेष कार्यों पर विषयगत फोकस के साथ सार्वजनिक कार्यों के जरिए सशक्तिकरण, विकास, अभिसरण और संतृप्ति को बढ़ावा दिया जाता है जिससे ग्रामीणजन विकसित भारत की राष्ट्रीय और अवसंरचना स्टैक के निर्माण में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभा सके। 

 उन्होंने नल जल योजना के संचालन, संधारण, एवं प्रबंधन नियम- 2026 तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। 

कार्यक्रम के दौरान पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने अपने स्वागत उद्बोधन में विभागीय गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी| उन्होंने पत्रकार कल्याण योजना की चर्चा करते हुए बताया की केंद्र सरकार पत्रकार कल्याण योजना (जेडब्ल्यूएस) लागू करती है, जिसके तहत मृत्यु, स्थायी विकलांगता, गंभीर बीमारी और दुर्घटना से संबंधित अस्पताल में भर्ती होने जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे पत्रकारों/मीडियाकर्मियों या उनके परिवारों को तत्काल आधार पर एकमुश्त अनुग्रह राशि प्रदान की जाती है। प्रेस सूचना ब्यूरो और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश सरकारों द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकार और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकार, सभी इस योजना के अंतर्गत आते हैं। श्री गौतम ने यह भी बताया कि पीआईबी सरकार तथा मीडिया के मध्य सूचना पहुंचने का शसक्त माध्यम है जिससे विश्वसनीय जानकारी आम लोगों तक पहुंच सके | उन्होंने इस वार्तालाप कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों को भी स्पष्ट किया | 

वार्तालाप में केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र कुमार तिवारी ने नई शिक्षा निति और नीट यूजीसी जैसी परीक्षाओं को सुगमता से संपन्न कराने हेतु कानून में किये गए प्रावधानों की  मीडियाकर्मियों को विस्तार से जानकारी दी | उन्होंने ने कहा कि “नीट परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकारें और जिला प्रशासन निकट समन्वय में मिलकर काम कर रहे हैं। जो भी व्यक्ति किसी भी तरह से परीक्षा की निष्पक्षता या सुचारू संचालन में बाधा डालने, उसे बिगाड़ने या उसमें छेड़छाड़ करने का प्रयास करेगा, उस पर कानून का पूरा शिकंजा कसा जाएगा।”

नगर परिषद् अध्यक्ष सुनील चौरसिया ने आयुष्मान भारत योजना के महत्व को प्रतिपादित करते हुए मीडियाकर्मियों से आग्रह किया की आयुष्मान भारत योजना की जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का निवारण आम जनता की जागरूकता से किया जा सकता है, इसमें मीडिया कर्मियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है यदि वे सूचना से समृद्ध रहेंगे तभी आम जन आयुष्मान कार्ड एवं अन्य मिलने वाले लाभों से वंचित नहीं रह पाएंगे | वार्तालाप में पत्रकारों के सवालों का जवाब विषय विशेषज्ञों ने समुचित उत्तर प्रस्तुत किये|  जिला समन्वयक आयुष्मान भारत योजना के उमंग तिवारी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संतोष सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं के 12 महत्वपूर्ण स्तंभों की जानकारी दी| इसी तारतम्य में महिला शसक्तीकरण अधिकारी मंजूषा शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी|

कार्यक्रम के अंत में प्रसार भारती पीटीसी अजीत कुमार मिश्रा ने सभी मीडिया कर्मियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया| कार्यक्रम का सफल संचालन निदेशक मनीष गौतम के निर्देशन पर मीडिया एवं संचार अधिकारी परितोष दीक्षित एवं केन्द्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार सहायक हेमंत मारकवाडे ने संयुक्त रूप से किया| वार्तालाप कार्यक्रम में जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे। 

 विकसित भारत @2047 एवं आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की योजनाओं पर केंद्रित "वार्तालाप" कार्यक्रम 6 अगस्त को


अनूपपुर । 05 अगस्त 2026 पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल द्वारा 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को अनूपपुर में "विकसित भारत @2047", आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) एवं केंद्र सरकार की अन्य प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित "वार्तालाप" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प, केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी आमजन तक मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से पहुंचाना है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के विषय विशेषज्ञ विकसित भारत @2047, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) तथा केंद्र सरकार की अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देंगे। साथ ही योजनाओं के उद्देश्यों, उपलब्धियों एवं आमजन को मिलने वाले लाभों पर संवाद किया जाएगा, जिससे नागरिकों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़े तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इनका लाभ प्राप्त कर सकें।

 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का आयोजन



अनूपपुर । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महाविद्यालय के विज्ञान सभागार में "महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व" के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक एवं प्रेरणादाई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल सक्सेना के संरक्षण एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  रामलाल रौतेल जी अध्यक्ष मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में  राजेन्द्र तिवारी जी,  तथा  डी. एस. राव जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन प्रभारी प्राचार्य डॉ. जे. के. संत जी द्वारा दिया गया।

  दीपक त्रिपाठी जिला प्रमुख, गीता प्रतिष्ठानम्, अनूपपुर ने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति तथा गुरु के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया। इस अवसर पर श्रीमती आकांक्षा शुक्ला ने गुरु महिमा पर ओजस्वी काव्य पाठ प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में  पवन छिब्बर जी,  हरिशंकर वर्मा जी  ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का सफल संचालन  नीरज श्रीवास्तव विभागाध्यक्ष हिन्दी विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. आकांक्षा राठौर रही।अंत में  डॉ. राधा सिंह ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में डॉ देवेंद्र सिंह बागरी, डॉ विनोद कुमार कोल, डॉ हीरा सिंह गोंड, श्रीमती प्रीति वैश्य, डॉ सुधा साहू,  डॉ  ऋषिकेश चंद्रवंशी,डॉ तरन्नुम सरवत, डॉ शोभा तिवारी, डॉ फरहा  नाज, डॉ दुर्गेश कुमार द्विवेदी डॉ सूरज परवानी, डॉ बृजेंद्र सिंह  सहित अन्य महाविद्यालय के प्राध्यापक गण एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

गुरु पूर्णिमा के इस गरिमामय आयोजन ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय में भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान, संस्कार एवं प्रेरणा का संचार किया।

 नवागत कलेक्टर  रत्नाकर झा जी ने पदभार संभाला


अनूपपुर  । 29 जुलाई 2026 अनूपपुर जिले के नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा जी ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया है।  झा जी भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2012 बैच के अधिकारी हैं। 

नवागत कलेक्टर  झा जी इसके पूर्व अपर आयुक्त (राजस्व) उज्जैन के पद पर पदस्थ थे। इसके पूर्व उन्होंने कलेक्टर डिंडोरी, उपसचिव श्रम विभाग तथा लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग मध्य प्रदेश शासन सहित विभिन्न प्रशासनिक पदो के दायित्वों का निर्वहन किया हैं।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget