_*म.प्र. में न्यूनतम वेतन बढ़ौतरी मामला*_

*स्टे लगा तो चंद दिन में जारी कर दिया ऑर्डर पर स्टे हटा तो 20 दिन बाद भी ऑर्डर जारी नहीं : भार्गव


*

अनूपपुर 

म.प्र. में श्रम विभाग की स्थापना लाखों श्रमिकों के हित में की गई है, पर श्रम विभाग का झुकाव श्रमिकों के प्रति कम और ठेकेदार व औद्योगिक संगठनों के प्रति अधिक होना बेहद निराशाजनक बात है । इस आशय की लिखित शिकायत ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चे के प्रांतीय संयोजक मनोज भार्गव एवं महामंत्री दिनेश सिसोदिया ने मुख्यमंत्री, श्रम मंत्री व प्रमुख सचिव श्रम विभाग को की है ।

 भार्गव जी का कहना है कि जब अप्रैल 2024 से म.प्र. में श्रमिकों का न्यूनतम वेतन बढ़ा तो इस पर ठेकेदारों व औद्योगिक संगठनों ने 21 मई 2024 को हाईकोर्ट बेंच इंदौर से स्टे ले लिया तो म.प्र. श्रमायुक्त इंदौर ने तत्परता दिखाकर चंद दिनों में आनन-फानन में ऑर्डर जारी कर 68 वर्ष के इतिहास में पहली बार श्रमिकों का वेतन बढ़ाने के बाद उसे 1625 रू. से 2434 रू. तक कम कर बढ़े हुए वेतन की रिकवरी भी करवा दी । पर जब इस माह दिसम्बर 2024 के शुरू में हाईकोर्ट बेंच इंदौर ने उसी स्टे को हटाने के फरमान सुनाया तो 20 दिन बीतने पर भी म.प्र. श्रमायुक्त इंदौर ने इस पर अमल कर इसका क्रियान्वयन अब तक नहीं किया है और उनके द्वारा गोल-मोल उत्तर दिया जा रहा है, जो बेहद आपत्तिजनक है ।

 भार्गव जी ने मुख्यमंत्री, श्रम मंत्री व प्रमुख सचिव श्रम विभाग से अपील की है कि वह हाईकोर्ट बेंच इंदौर द्वारा स्टे हटाये जाने संबंधी ऑर्डर पर तत्काल अमल करवाकर म.प्र. के लाखों मिल मजदूरों, दैनिक वेतन भोगियों व विभिन्न विभागों, उपक्रमों व बिजली कंपनी में कार्यरत आउटसोर्स श्रमिकों को बढ़े हुए वेतन को दिलवाने एवं माह अप्रैल, 2024 से दिसंबर 2024 तक की बकाया एरियर राशि जनवरी 2025 में भुगतान करवाया जाना सुनिश्चित करें ।

*(मनोज भार्गव)*

*प्रांतीय संयोजक*

*ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चा*

*मो.नं.-9827374448*



 विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान कर सुधारें परीक्षा परिणाम-कलेक्टर


कलेक्टर ने जिले के प्राचार्यों से वन-टू-वन चर्चा कर त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम के संबंध में ली जानकारी

कलेक्टर ने जिले के बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार हेतु जिले के सभी प्राचार्यों की बैठक लेकर दिए निर्देश

अनूपपुर । 27 दिसंबर 2024 कलेक्टर  हर्षल पंचोली ने कहा है कि अनूपपुर जिले में बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने हेतु सभी विद्यालयों के प्राचार्य विशेष प्रयास करें। विद्यार्थियों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान कर परीक्षा परिणाम सुधारें। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी जिस विषय पर कमजोर है, उस विषय पर और ज्यादा विशेष ध्यान देते हुए विद्यार्थियों का अतिरिक्त क्लास लें तथा उन्हें समय-समय पर मॉडल परीक्षा पेपर देकर टेस्ट भी लें। बैठक में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग का पूरा अमला प्रतिदिन प्राचार्यों से दूरभाष पर चर्चा कर विद्यालय में शिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करें तथा विद्यालय में चल रही कक्षाओं का व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से फोटोग्राफ भी प्राप्त करें। कलेक्टर  हर्षल पंचोली आज जिला पंचायत के सभागार में बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार हेतु जिले के सभी प्राचार्यों की बैठक लेकर निर्देशित कर रहे थें।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  तन्मय वशिष्ठ शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी  टी.आर. आर्माे, जनजातीय कार्य विभाग के क्षेत्र संयोजक  एस. के. बाजपेयी सहित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य गण उपस्थित थें।  

बैठक में कलेक्टर ने त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम जिन विद्यालयों के कम आए हैं, उन विद्यालयों के प्राचार्यों से वन-टू-वन चर्चा की तथा परीक्षा परिणाम के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी प्राचार्य परीक्षा परिणाम सुधारने हेतु गंभीरता बरतें तथा कमजोर छात्रों की अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम को दृष्टिगत रखते हुए बोर्ड के वार्षिक परीक्षा हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने बोर्ड प्री-एग्जाम के तैयारी के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 16 जनवरी से बोर्ड प्री-एग्जाम प्रारंभ होगा तथा उसमें कार्य योजना बनाकर बच्चों का परीक्षा परिणाम सुधारने के प्रयास किया जा रहे हैं। जिस पर कलेक्टर ने कहा कि मॉडल परीक्षा तथा बच्चों को प्रश्न पत्र के प्रैक्टिस कराई जाए। उन्होंने कहा कि बोर्ड प्री-एग्जाम में जिस विद्यालय के 80 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम आते हैं, उन विद्यालयों पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को बेहतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। 

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने विशिष्ट शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों को और अधिक मेहनत करके परीक्षा परिणाम में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में गणित एवं अंग्रेजी विषय का अतिरिक्त स्पेशल कक्षा संचालित की जाए तथा विद्यार्थियों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान की जाए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विद्यालयों के परीक्षा परिणाम की जानकारी लेते हुए अर्धवार्षिक परीक्षा के परीक्षा कॉपियों का परीक्षण किया।

 *भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के गौरवशाली 100 वर्ष



*

अनूपपुर । 26 दिसंबर  2025 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के गौरवशाली 100 वर्ष (शताब्दी वर्ष) पूर्ण होंगे। साल भर चलने वाले समस्त राष्ट्रव्यापी शताब्दी वर्ष उत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में पार्टी की अनूपपुर इकाई ने का.  असीम मुखर्जी निवास पर एक कार्यक्रम आयोजित किया। 

कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता कामरेड गोविंद सिंह राठौर  ने संबोधित करते हुए कहा कि देश में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना की हलचल 1920 के पूर्व से ही शुरू हो गई थी। एक संविधान युक्त बृहद 500 सदस्यता के साथ पूर्ण कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना तीन दिवसीय सम्मेलन के पश्चात कानपुर में की गई। 

मुख्य वक्ता वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता किसानों और मजदूर आंदोलन के अग्रणी साथी कामरेड जनक राठौर ने जानकारी देते हुए बतलाया कि पार्टी के संघर्षपूर्ण गौरवशाली 100 वर्षों का इतिहास देश के मजदूरों, किसानों, छात्रों, और नौजवानों के संघर्षों, आजादी पसंद आवाम के पहलकदमियों और बलिदानों से भरा हुआ है। आजादी पूर्व 1925 में पार्टी की स्थापना सामंतवाद, पूंजीवाद और साम्राज्यवाद विरोध से उद्वेलित विचारों ने अपनी अहम भूमिका निभाई और कम्युनिस्टों ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अपना मुख्य योगदान देते हुए भारत के लिए पूर्ण स्वतंत्रता की मांग उठाई, और देश के स्वाधीनता आंदोलन को मजबूत किया। पार्टी के प्रभाव ने भगतसिंह और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ब्रिटिश साम्राज्यवाद को उखाड़ फेंकने का आव्हान करते हुए अपनी शहादतें दीं। यही नहीं देश के हर वर्ग के लोगों के बीच उनके जुझारू संगठन जैसे ट्रेड यूनियन, किसान संगठन, लेखक और विद्यार्थी संगठन के अलावा सांस्कृतिक संगठन भी स्वतंत्रता आंदोलन की तीव्रता के लिए स्थापित कराए।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी देश की ऐसी पहली राजनैतिक पार्टी थी जिसने किसी भी सांप्रदायिक सोच और संगठन को सदस्यता देने से इनकार कर दिया था। 

जैसा कि ज्ञात हो पार्टी की स्थापना यूपी के कानपुर शहर में हुई थी। आज से 100 साल पहले आजादी के आंदोलन में शामिल क्रांतिकारी, कम्युनिस्ट, मजदूर, किसान, आंदोलन के समूह जिनमें कुछ जेल में थे, कुछ जेल से बाहर के प्रयासों का फलस्वरूप, 26 दिसम्बर 1925 को, भारत में कम्युनिस्ट आंदोलन का प्रतिनिधित्व करने वाली, पहली राजनैतिक पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का गठन किया गया था। 

सत्यभक्त, मौलाना हसरत मोहानी, सिंगार वेल्लु चेट्टियार, सदाशिव विष्णु घाटे सहित देशभर के अनेक क्रांतिकारी कम्युनिस्टों ने देश में से अंग्रेजी राज खत्म करने एवं भारत मे समाजवादी समाज रचना के संकल्प का इजहार किया था। इस अवसर पर वरिष्ठ क्रांतिकारी नेता कॉमरेड गोविंद सिंह  का बैच लगाकर और साल भेंट करके कामरेड असीम मुखर्जी द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम को कामरेड हीरालाल राठौर ,कामरेड समर शाह सिंह,  कामरेड संजय सिंह राठौर, सुरेश राठौर ,लालमणि राठौर ने संबोधित किया ।कार्यक्रम  में  गंगा सिंह, आशा कॉल, लाल दास राठौर, भागवत राठौर, मेघा मुखर्जी, वीरेंद्र यादव, बृज कुमार यादव , पूरनलाल भैना उपस्थित थे,कार्यक्रम  का आभार वक्तव्य पार्टी के विधानसभा सचिव मोहन राठौर ने दिया।

  कोतमा पुलिस द्वारा असहाय गरीब लोगों को ठंड से राहत दिलाने कम्बल वितरण किया गया


 कोतमा । जिले में कड़ाके की ठंड आ चुकी है और गरीब असहाय लोग ठंड से बचने के लिए उनके पास कंबल भी नहीं होता है और अनूपपुर जिले में सबसे ज्यादा ठंड पड़ती है ऐसी स्थिति को देखते हुए  पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान जी के मार्गदर्शन में थाना कोतमा पुलिस द्वारा आज दिनांक 26.12.2024 को ग्राम कलमुडी कोतमा में असहाय  गरीब लोगों को ठंड से राहत दिलाने हेतु  कंबल वितरण किया गया है,,,

 ऑल इंडिया परमाणु ऊर्जा विभाग के 39 वें टेबल-टेनिस प्रतिस्पर्धा काकरापार गुजरात में संपन्न हुआ


। 

 गुजरात के इस स्पर्धा में बाजी मारी डॉ. नारेंद्र सिंह राठौर ने। टीम चैंपियनशिप सुनील जैन के साथ अपने द्वारका टीम को मुंबई के अजंता टीम को हराकर जीत हासिल की।

आप डॉ. नारेंद्र सिंह  राठौर, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र तारापुर में वैज्ञानिक पद पर सन् 1990 में पदस्थ होकर वर्तमान में वैज्ञानिक अधिकारी-एफ पद पर पदस्थ हैं। आप न्यूक्लियर के क्षेत्र में Fuel Reprocessing का अंग्रेजी से हिन्दी में ईंधन पुनर्संसाधन का  अनुवादित किताब रचकर, तीन किताबों एवं पचास रचनाओं सहित अपनी एक नई पहचान बनाई है और परमाणु जगत में पहले वैज्ञानिक है जो अनेक अवार्ड के साथ-साथ यंग साइंटिस्ट का  अवार्ड इंडियन काउंसिल ऑफ केमिस्ट आपने अपने नाम किया है वहीं स्पेन से दो वर्ष की पोस्टडांक्टरल डिग्री की उपाधि हासिल की है। इसके अलावा आप कई अवार्ड अनुसंधान से अपने नाम हासिल किए हैं इतना ही नहीं खेल जगत में आपने क्रिकेट,फुटबॉल और इन दिनों लॉन-टेनिस के साथ-साथ टेबल-टेनिस को लेकर परमाणु जगत में अपनी एक नई पहचान बनाने की रुचि ले रखीं है। आपकी प्राथमिक शिक्षा शासकीय  विद्यालय चचाई, स्नातक, बुढार नेहरू डिग्री कॉलेज एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा शहडोल पंडित शंभू नाथ शुक्ला महाविद्यालय से  ग्रहण की है।

 *बाल भारती पब्लिक स्कूल, अनूपपुर के छात्रों ने युवा उत्सव में किया शानदार प्रदर्शन


*

अनुपपुर। बाल भारती पब्लिक स्कूल, अनुपपुर, जो चाइल्ड एजुकेशन सोसाइटी, नई दिल्ली और हिंदुस्तान पावर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (एमबीपीएमपीएल), जैतहरी के संयुक्त सहयोग से संचालित है, लगातार प्रतिभा और उत्कृष्टता का केंद्र बना हुआ है। हाल ही में सूर्या होटल, अनुपपुर में आयोजित 28 वें युवा उत्सव जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्कूल के छात्रों ने असाधारण कौशल और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

कविता पाठ में अमन राठौर ने प्रथम स्थान हासिल कर नकद (₹2,500/-) प्राप्त किया | अंतरा अग्रवाल ने पेंटिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर नकद (₹2,500/-) प्राप्त किया। लोक नृत्य टीम ने दूसरा स्थान हासिल कर नकद (₹5,000/-) प्राप्त किया, जबकि डेक्लामेशन प्रतियोगिता में अभया अग्रवाल ने दूसरा स्थान हासिल कर नकद (₹2,500/-) प्राप्त किया। आलोक नामदेव ने इसी श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल कर नकद (₹1,000/-) प्राप्त किया। मोबाइल फोटोग्राफी में अनिरुद्ध शुक्ला ने तीसरा स्थान हासिल कर नकद (₹1,000/-) प्राप्त किया, 

एमबीपीएमपीएल जैतहरी के सीओओ एवं प्लांट हेड  आनंद देशपांडे,  आर.के. खटाना एवीपी एडमिन एंड एचआर और  विजय सोनी एजीएम लैंड रिक्विजिशंस एंड आरएंडआर ने विजेताओं की सराहना करते हुए उनके समर्पण की प्रशंसा की और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के प्रोत्साहक वातावरण को बनाने के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना की।

स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती उन्नति जोशी ने विजेताओं को बधाई देते हुए स्कूल के प्रबंध निकायों के सहयोगात्मक प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया, जो छात्रों को उत्कृष्टता प्राप्त करने और आगे बढ़ने के लिए लगातार मंच प्रदान करते हैं।

 संकल्प महाविद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शिक्षा और खेल का अद्भुत संगम


 

अनूपपुर । जिला मुख्यालय स्थित संकल्प महाविद्यालय में आज वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सांस्कृतिक विकास को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला रक्षित निरीक्षक एवं जिला यातायात प्रभारी श्रीमती ज्योति दुबे ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में खेल-कूद के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाने का सशक्त माध्यम है।

प्रतियोगिता में कबड्डी, 100 मीटर दौड़, बोरा दौड़, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन और शतरंज जैसे रोमांचक खेलों का आयोजन किया गया। हर खेल में विद्यार्थियों ने अपनी पूरी ऊर्जा और खेल भावना के साथ भाग लिया, जिससे पूरे महाविद्यालय में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

*संचालक अंकित शुक्ला प्रेरणा के स्रोत*

संकल्प महाविद्यालय के संचालक  अंकित शुक्ला ने अपने उद्बोधन में खेल-कूद को विद्यार्थियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, "खेल-कूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि यह अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व जैसे गुणों को भी विकसित करता है।"  शुक्ला जी ने विद्यार्थियों को जीवन में खेलों के महत्व को समझाते हुए कहा कि शिक्षा और खेल का संतुलन ही एक सफल और संतोषपूर्ण जीवन की कुंजी है।

अंकित शुक्ला अपने समर्पण और दूरदर्शी दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने संकल्प महाविद्यालय को शिक्षा और सह शैक्षणिक गतिविधियों का एक आदर्श केंद्र बनाया है। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी उत्कृष्टता प्राप्त की है।  शुक्ला जी का मानना है कि विद्यार्थियों को केवल एक विषय में विशेषज्ञ बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व के हर पहलू को निखारना आवश्यक है।

महाविद्यालय की अनूठी पहल

संकल्प महाविद्यालय अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। समय-समय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम जैसे यह वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता इस बात का प्रमाण हैं कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के मानसिक और शारीरिक विकास को भी प्राथमिकता देता है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। संकल्प महाविद्यालय ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह शिक्षा और खेल के क्षेत्र में क्षेत्रीय गौरव को ऊंचा उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget