प्रत्येक मंडल में होगा भाजपा कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण, हीरा सिंह श्याम


अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में प्रत्येक मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

जिला संयोजक सिद्धार्थ शिव सिंह ने बताया कि 14-15 मार्च को पसान (मंगल भवन, जमुना कॉलोनी) एवं कोतमा (अग्रसेन भवन) में, 15-16 मार्च को अमरकंटक में, 17-18 मार्च को जैतहरी में तथा 20-21 मार्च को बिजुरी में प्रशिक्षण का आयोजन होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जिला उपाध्यक्ष आनंद केसरवानी, जितेंद्र भट्ट एवं विनोद केवट को जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। 

भाजपा संभागीय प्रभारी गौरव  सिरोठिया एवं जिला प्रभारी संजय साहू का निरंतर प्रवास एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।

जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा, इन दो दिवसीय प्रशिक्षणों से कार्यकर्ताओं में निखार आएगा, व्यक्तित्व में बदलाव होगा तथा वे संगठन की रीति-नीति के अनुरूप बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने दी।

 भाजपा मंडल पसान की कार्यकारिणी घोषित, नए चेहरों को मिला मौका



 

कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल

अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, शहडोल भाजपा संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया एवं जिला प्रभारी संजय साहू के मार्गदर्शन में जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के अनुमोदन के बाद मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह मिंटू ने 10 मार्च 2026 को पसान मंडल कार्यकारिणी की घोषणा कर दी।

नई कार्यकारिणी में युवा एवं नए चेहरों को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंडल उपाध्यक्ष पद पर विनोद त्रिपाठी, रामानुज कुमार, कैसर अली, मानसिंह, सचिन जायसवाल एवं पंकज मिश्रा को नियुक्त किया गया। महामंत्री के रूप में शिवभान सिंह एवं अजय यादव, जबकि मंडल मंत्री पद पर पुरुषोत्तम सिंह, शकुन पनिका, दिवाकर विश्वकर्मा, भारत सिंह, अभिषेक सिंह  विक्की एवं श्रीमती सरोज लोधी को स्थान दिया गया।

कोषाध्यक्ष इंद्र लाल केवट, सह-कोषाध्यक्ष मनमोहन, कार्यालय मंत्री ओम प्रकाश नामदेव सह श्रीमती मालती वर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती मीनू तिवारी एवं सह-प्रभारी श्रीमती प्रतिमा तथा मीडिया प्रभारी हिमांशु पासी एवं सह-प्रभारी अजय नामदेव को भी जिम्मेदारी सौंपी गई। कुल 38 सदस्यों वाली इस कार्यकारिणी में प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता एवं पूर्व पदाधिकारी भी शामिल हैं।

कार्यकारिणी घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का वातावरण व्याप्त है। नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।

 14 मार्च को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन


राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजन के प्रचार प्रसार हेतु जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी  

अनूपपुर। 09 मार्च 2026 आमजन को त्वरित, सुलभ एवं किफायती न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 मार्च 2026 को जिला न्यायालय परिसर अनूपपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता के लिए जिला न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ (प्रचार वाहन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण तथा न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामों, कस्बों और दूरस्थ अंचलों में भ्रमण कर लाउडस्पीकर तथा बैनर-पोस्टर के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी देगा। इसके माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि वे आपसी सुलह और समझौते के आधार पर अपने छोटे-मोटे विवादों तथा लंबित न्यायालयीन मामलों का त्वरित निराकरण करा सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव  विनोद कुमार वर्मा जी ने बताया कि इस लोक अदालत में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के सहयोग से विद्युत अधिनियम की धारा 126 एवं 135 से संबंधित प्रकरणों में विशेष छूट प्रदान की जाएगी। प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों में सिविल दायित्व (मूल राशि) पर 30 प्रतिशत तथा ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। वहीं न्यायालय में लंबित प्रकरणों के निराकरण पर सिविल दायित्व पर 20 प्रतिशत तथा ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान रहेगा।  

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती माया विश्वलाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोक अदालत ऐसा मंच है जहाँ आपसी सहमति से विवादों का समाधान होता है, जिससे दोनों पक्षों के बीच आपसी सौहार्द बना रहता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने प्रकरणों का निराकरण कराएं। 

सचिव  विनोद कुमार वर्मा जी ने बताया कि लोक अदालत में पारित निर्णय अंतिम होता है तथा इसके विरुद्ध किसी उच्च न्यायालय में अपील नहीं की जा सकती। साथ ही यदि किसी प्रकरण में न्यायालयीन शुल्क जमा किया गया है तो लोक अदालत में निराकरण होने पर वह शुल्क नियमानुसार वापस भी किया जाता है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय प्रकरण, चेक बाउंस (एनआई एक्ट) से संबंधित मामले, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण तथा नगरीय निकायों के जलकर एवं संपत्ति कर से संबंधित मामलों का भी निराकरण किया जाएगा। 

जिला न्यायालय प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर ने सभी नागरिकों, पक्षकारों, बैंक अधिकारियों, बीमा कंपनियों तथा अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाएं।


 *कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा हैदराबाद से मजदूरी कर लौट रहे राहगीर से स्मार्ट फोन एवं नगदी रूपये के लूट के मामले के चार आरोपियों को किया गिरफ्तार


अनूपपुर। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  मोती उर रहमान जी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जगन्नाथ मरकाम जी एवं एसडीओपी  नवीन तिवारी जी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा हैदराबाद से मजदूरी कर लौट रहे राहगीर से स्मार्ट फोन एवं नगदी रूपये के लूट के मामले में चार आरोपियों धर्मेन्द्र वंशकार निवासी पटौराटोला अनूपपुर, राज वंशकार निवासी पटौराटोला अनूपपुर, भीमसेन उर्फ भिम्मा वंशकार निवासी बुढार और राहुल वंशकार निवासी केशवाही जिला शहडोल को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त किया गया है।

रविवार दिनांक 08.03.2026 को राकेश कुमार केवट पिता रामगरीब केवट उम्र करीब 34 साल निवासी ग्राम बैहाटोला थाना बिजुरी जिला अनूपपुर का थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि हैदराबाद से मजदूरी करके अपने साथी चमनलाल केवट के साथ ट्रेन से अनूपपुर लौटा था जो घर बिजुरी जाने के लिए ट्रेन विलम्ब होने से पुरानी सब्जी मण्डी में स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय काम्प्लेक्स फ्रेश होने गये थे जहां धर्मेन्द्र वंशकार निवासी पटौराटोला अनूपपुर, राज बंशकार निवासी पटौराटोला अनूपपुर, भीमसेन उर्फ भिम्मा वंशकार निवासी बुढार और राहुल वंशकार निवासी केशवाही शहडोल ने मिलकर बियर की बोतल तोड़कर पेट में अड़ाकर धमकी देते हुए राकेश कुमार केवट का वीवो कंपनी का 19000 रूपये का मोबाईल व 1400 रूपये लूट कर मोटर सायकल से फरार हो गये है । उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 142/26 धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया जाकर टी. आई. कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, प्रधान आरक्षक विनय बैस, आरक्षक अमित यादव, आरक्षक अब्दुल कलीम की पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों की पता तलाश कर आरोपी धर्मेन्द्र वंशकार पिता स्व. कंधीलाल वंशकार उम्र 31 वर्ष निवासी वार्ड न. 02 चंदास टोला अनूपपुर, राज वंशकार पिता बृजेश वंशकार उम्र 21 वर्ष निवासी वार्ड न. 02 पटौराटोला अनूपपुर, भीमसेन उर्फ भिम्मा बंशकार पिता स्व. मुन्ना वंशकार उम्र 31 वर्ष निवासी वार्ड न. 15 बुहार थाना बुढार जिला शहडोल और राहुल वंशकार पिता सुरेश वंशकार उम्र 28 वर्ष निवासी वार्ड न. 15 केशवाही थाना जैतपुर जिला शहडोल से लूट में प्रयुक्त मोटर सायकल व लूट की गई वीवो कंपनी का 19000 रूपये कीमती का मोबाईल तथा लूट की राशि 1400 रूपये जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के विरूद्ध पूर्व से चोरी, अवैध उगाही, लड़ाई झगड़ा एवं मारपीट, धमकी के अनेक आपराधिक प्रकरण दर्ज है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  मोती उर रहमान जी द्वारा उक्त आदतन आरोपियों का जिला बदर कराए जाने का आदेश दिया गया है।


 ठेकेदार की मनमानी से विकास कार्य ठप – ग्रामीणजन परेशान

अधूरी बाउंड्री वाल और अधूरा स्टेडियम बना परेशानी का कारण, मैदान में अराजक तत्वों का जमावड़ा


अनूपपुर

अनूपपुर जिला क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ग्राम मेडियारास में खेल मैदान के लिए बनाई जा रही बाउंड्री वाल लंबे समय से अधूरी पड़ी है और प्रस्तावित स्टेडियम का निर्माण भी आज तक पूरा नहीं हो पाया है। वहीं जैतहरी के एकलव्य विद्यालय की बाउंड्री वाल तथा लहरपुर महाविद्यालय की बाउंड्री वाल भी अधूरी छोड़ दी गई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मेडियारास के खेल मैदान में बाउंड्री वाल अधूरी होने के कारण कुछ अराजक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है। शाम होते ही यहां कुछ लोग शराब का सेवन करते हैं और शराब की बोतलें तोड़कर मैदान में ही फेंक देते हैं। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और आसपास के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार इस समस्या की शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को बीच में ही छोड़ दिए जाने से विकास कार्य अधर में लटक गया है।खेल मैदान के विकास और स्टेडियम निर्माण की घोषणा के बाद काम तो शुरू हुआ, लेकिन कुछ समय बाद ही निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। वर्तमान में मैदान की बाउंड्री अधूरी होने के कारण मवेशियों का आना-जाना लगा रहता है और मैदान की स्थिति खराब होती जा रही है। इससे गांव के युवाओं और खिलाड़ियों को काफी परेशानी हो रही है।

इसी तरह जैतहरी स्थित एकलव्य विद्यालय और लहरपुर महाविद्यालय में भी बाउंड्री वाल अधूरी होने से परिसर असुरक्षित बना हुआ है। छात्रों और शिक्षकों का कहना है कि अधूरी बाउंड्री के कारण स्कूल और कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों का आना-जाना बना रहता है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार की मनमानी और लापरवाही के कारण निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

इस संबंध में जब संबंधित अधिकारी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे प्रशासन की कार्य-प्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे पड़े निर्माण कार्यों की जांच कर जल्द से जल्द बाउंड्री वाल और स्टेडियम का निर्माण पूरा कराया जाए, ताकि खेल गतिविधियों और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

 भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा अनूपपुर म.प्र.

मानवता और सेवा के संकल्प के साथ रेडक्रास की नई टीम का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न


अनूपपुर। भारतीय रेडक्रास सोसाइटी, जिला शाखा अनूपपुर द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादाई वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए नवगठित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने दायित्वों का शपथ ग्रहण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों के आगमन, दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। तत्पश्चात मंचासीन अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा स्वागत भाषण रेडक्रास सोसाइटी के जिला प्रतिनिधि कमलाकर गौतम द्वारा दिया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “रेडक्रास का ध्येय मानवता की सेवा है, बिना किसी भेदभाव के।” इस अवसर पर नवनिर्वाचित चेयरमैन का बैच लगाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रेडक्रास सोसाइटी मध्यप्रदेश के प्रांत सभापति डॉ. श्याम सिंह कुमरे, विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक  राजेंद्र तिवारी तथा जिला चिकित्सालय अनूपपुर के सिविल सर्जन डॉ. एस. आर. परस्ते उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर कलेक्टर  दिलीप पांडे ने की।

इस अवसर पर रेडक्रास सोसाइटी मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. एस. एस. कुमरे (सेवानिवृत्त आईएएस) ने अपने उद्बोधन में रेडक्रास के मानवीय कार्यों, आपदा के समय सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं समाज सेवा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेडक्रास सोसाइटी मानवता की सेवा के लिए समर्पित एक विश्वसनीय संस्था है।

कार्यक्रम में प्रांत सभापति डॉ. श्याम सिंह कुमरे की गरिमामई उपस्थिति में नवगठित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई गई।

इस दौरान प्रमुख रूप से

डॉ. आर. पी. सोनी (सभापति),

डॉ. जनक सारीवान (उप सभापति),

डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी (सचिव),

 अशोक शर्मा (कोषाध्यक्ष)

सहित कार्यकारिणी सदस्य डॉ. शिवेंद्र कुमार द्विवेदी,  हरिनारायण खेड़िया,  राज किशोर तिवारी,  राकेश गौतम,  संदीप गौतम,  श्याम नारायण राठौर,  रामप्रकाश द्विवेदी,  भूपेंद्र सिंह सेंगर,  सतेंद्र पाटकर,  ललित नारायण मिश्रा एवं डॉ. पुष्पेंद्र नामदेव ने समाज सेवा, मानवता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सभापति डॉ. आर. पी. सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि रेडक्रास सोसाइटी समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण संस्था है और इसके कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. श्याम सिंह कुमरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेडक्रास का उद्देश्य केवल संगठन नहीं बल्कि मानवता की सेवा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगे।

रेडक्रास सोसाइटी अनूपपुर के सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने अपने उद्बोधन में रेडक्रास द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि रेडक्रास सोसाइटी सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अपर कलेक्टर  दिलीप पांडे ने रेडक्रास सोसाइटी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रेडक्रास समाज में संवेदनशीलता, सेवा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है तथा जिला प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

अंत में डॉ. जनक सारीवान द्वारा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ तथा सभी अतिथियों को रात्रि भोज हेतु आमंत्रित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन रेडक्रास सोसाइटी जिला शाखा अनूपपुर के सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी द्वारा किया गया।

यह समारोह सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरणादाई अवसर सिद्ध हुआ।

 अनूपपुर जंक्शन पर अमृत भारत एवं गति शक्ति यूनिट के कार्यों में यात्रियों की सुविधा को किया गया दरकिनार


              

अनूपपुर । शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह के प्रयासों से उनके संसदीय क्षेत्र में चार स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नया रूप दिया जा रहा है।जिसमें अनूपपुर सहित बिजुरी,शहडोल एवं उमरिया शामिल है।सांसद हिमाद्री सिंह ने स्वयं एवं रेलवे के अधिकारियों के साथ कार्यों का निरीक्षण भी किया एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया।लेकिन उसके बावजूद भी कार्यों को अमली जामा पहनाया नहीं गया।जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।  

अनूपपुर जंक्शन स्टेशन पर बड़ी-बड़ी दीवारों को रंग रोगन कर सजा तो दिया गया है।नक्शा भी अनूपपुर जंक्शन स्टेशन का बदल गया है।लेकिन महत्वपूर्ण बातों को,कार्यों को दरकिनार कर दिया गया।  

 स्वयं बिलासपुर रेल मंडल प्रबंधक आम जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से लिया था।लेकिन उसके बावजूद भी स्टेशन के बाहर आज तक सुलभ शौचालय निर्माण की दिशा में कोई कार्य नहीं हो सका। 

 अनूपपुर जंक्शन स्टेशन के अंदर वेटिंग हॉल का रेनोवेशन अनारक्षित एवं आरक्षित श्रेणी के लोगों का कर तो किया गया।सशुल्क प्रतीक्षालय का निर्माण भी करा दिया गया है।लेकिन स्नानागार की सुविधा नहीं की गई है।यहां तक की सशुल्क शौचालय एवं स्नानागार की सुविधा भी अनूपपुर जंक्शन स्टेशन पर दी गई है।लेकिन रेलवे के इंजीनियर स्नानागार का बोर्ड जरूर लगा दिए हैं उसका शुल्क भी निर्धारित कर दिए हैं,लेकिन वहां पर स्नानागार का नाम ही नहीं है। जब वहां उपस्थित व्यक्ति से पूछा गया तो कहा कि कोई भी आता है लेकिन सुविधा नहीं है तो वह बेसिन से ही पानी लेकर वहीं नहाने लगता है।जिससे गंदगी हो जाती है।लेकिन रेलवे के संबंधित अधिकारियों को इससे कोई लेना देना नहीं।  रेलवे के आईओडब्लू ने ट्विटर में रेल मंत्रालय द्वारा बिलासपुर रेल मंडल को निर्देशित किया गया तो उन्होंने जवाब दे दिया की डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम में सुविधाएँ उपलब्ध हैं।लेकिन जहां पर सुविधा उपलब्ध के लिए लिखा गया है जहां शुल्क निर्धारित किया गया है वहां पर बनाना ही भूल गए और अगर देखा जाए तो केवल आरक्षित श्रेणी वाले जो ऑनलाइन बुकिंग करते हैं उनको केवल डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम में सुविधाएँ मिल पाती हैं।लेकिन देखा जा सकता है कि वहां पर हमेशा ताला ही लगा रहता है और ना ही किसी तरह का बोर्ड लगाया गया है।जिससे आम यात्री को पता चल सके कि अनूपपुर जंक्शन स्टेशन पर डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम की सुविधा किस स्थान पर है। 

      जंक्शन स्टेशन होने के कारण हजारों यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है।गर्मी के मौसम में खास कर लंबी दूरी से आने वाले यात्री पैसा देकर भी नहाने की सुविधा प्राप्त नहीं कर पा रहे।जबकि वहां पर बोर्ड में स्नानागार की सुविधा भी लिखा हुआ है।लेकिन रेलवे के अधिकारी उसके इंजीनियर वह जगह नहीं दिखा पा रहे और ना ही बोर्ड को चेंज करवा पा रहे।  

 आवश्यकता है कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी स्नानागार की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सशुल्क देने वाले यात्रियों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें या फिर जो बोर्ड लगा हुआ है उसे चेंज कर दें एवं सशुल्क वाले में जो यात्री बेसिन से पानी लेकर गंदगी करते हुए नहा रहा है उस पर रोक लगाई जाए।जिससे गंदगी से बचा जा सके।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget