जिला न्यायालय भ्रमण में विद्यार्थियों को दी गई विधिक जानकारी





अनूपपुर। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर की अध्यक्ष श्रीमती माया विश्वाल महोदया के मार्गदर्शन में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह–2026 का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर के तत्वावधान में भारत ज्योति विद्यालय, अनूपपुर के विद्यार्थियों को जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव  मनीष पाटीदार जी एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी  बृजेश पटेल जी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं न्यायिक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

विधिक स्वयंसेवक शब्द अधारी के सहयोग से आयोजित इस भ्रमण के दौरान  मनीष पाटीदार जी एवं  बृजेश पटेल जी ने विद्यार्थियों को न्यायालय की विभिन्न शाखाओं, न्यायिक प्रक्रिया, मामलों की सुनवाई, न्यायाधीशों की भूमिका तथा आम नागरिकों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से समझाया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को विशेष रूप से बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण के संबंध में जागरूक किया गया। उन्हें शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार, सुरक्षा एवं सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने और अपने सर्वांगीण विकास का अवसर मिलना चाहिए।

विद्यार्थियों को समझाया गया कि कम उम्र में गलत संगति, नशे, अनुचित गतिविधियों, साइबर अपराध अथवा कानून के विरुद्ध कार्यों में शामिल होना उनके भविष्य और व्यक्तित्व विकास को प्रभावित कर सकता है। ऐसी परिस्थितियों में बच्चों को घबराने या गलत रास्ते पर आगे बढ़ने के बजाय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों से मार्गदर्शन और सहायता लेनी चाहिए। उन्हें यह भी बताया गया कि कानून का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें सुधार और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम के दौरान मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए मोबाइल एवं इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक से बचाव, ओटीपी एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की जानकारी दी गई।

यातायात सुरक्षा के संबंध में हेलमेट पहनने, सड़क पार करते समय सावधानी रखने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा निर्धारित आयु एवं नियमों के अनुसार ही वाहन चलाने की आवश्यकता बताई गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति हमारा कर्तव्य भी है।

इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ न्याय व्यवस्था, कानून, बाल अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं जिज्ञासा के साथ इस भ्रमण में भाग लिया और न्यायालय की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। यह पहल बच्चों में कानून के प्रति सम्मान, अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा एक जिम्मेदार और सजग नागरिक बनने की भावना विकसित करने की दिशा में सराहनीय प्रयास रही।

 भारत विकास परिषद की अनूपपुर शाखा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की बनी रणनीति


क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों के प्रवास के दौरान शाखा की गतिविधियों की हुई समीक्षा

अनूपपुर। 26 अक्टूबर 2026

भारत विकास परिषद की अनूपपुर शाखा में आज दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों का  प्रवास हुआ। इस अवसर पर शाखा की वर्तमान गतिविधियों, सामाजिक एवं सेवा कार्यों तथा संगठनात्मक विस्तार को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान भारत विकास परिषद की अनूपपुर शाखा द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही शाखा की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, व्यापक और जनहितकारी बनाने तथा परिषद के सेवा कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के संबंध में महत्वपूर्ण रणनीति तैयार की गई।

पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, सदस्यों की सक्रिय भागीदारी, आपसी समन्वय तथा सेवा एवं संस्कार आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि भारत विकास परिषद के मूल उद्देश्यों और आदर्शों के अनुरूप अनूपपुर शाखा को एक सशक्त, सक्रिय एवं प्रेरणादाई शाखा के रूप में विकसित किया जाए।

क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन से शाखा के सदस्यों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। सभी ने संगठन के पांच प्रमुख सूत्रों संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण को आत्मसात करते हुए समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा भारत विकास परिषद की अनूपपुर शाखा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

यह प्रवास शाखा की भावी कार्ययोजना को दिशा देने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान करने तथा समाज हित में परिषद की भूमिका को और अधिक प्रभावशाली बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।



 जिला न्यायालय में ‘उल्लास’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

50 बच्चों ने प्रस्तुत की अपनी प्रतिभा, नृत्य, गायन और रंगोली में बिखेरा हुनर

अनूपपुर । 10 अक्टूबर2026 जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘उल्लास  एक अभिनव प्रयोग’ नामक सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती माया विश्व लाल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 50 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में बच्चों ने फैंसी ड्रेस, गायन, नृत्य, रंगोली और कविता-पाठ सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना था, जहाँ वे अपनी रचनात्मक क्षमता, कलात्मक अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास को विकसित कर सकें।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती माया विश्व लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला न्यायपालिका के न्यायिक अधिकारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव  रवेंद्र कुमार सोनी जी, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में छिपी प्रतिभा निखरती है और उनके भीतर आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच तथा आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित होती है।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, सभी प्रतिभागी बच्चों को उनकी सहभागिता और उत्साह के लिए उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजकों का उद्देश्य बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती शब्द अधारी, एनीमेटर/आयोजक द्वारा किया गया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी न्यायिक अधिकारियों, प्रतिभागी बच्चों, अभिभावकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में रात्रिभोज का आयोजन भी किया गया।

‘उल्लास  एक अभिनव प्रयोग’ के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और प्रतिभा संवर्धन को बढ़ावा देने के साथ जिला न्यायपालिका, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच आपसी सहयोग एवं सामुदायिक भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget