सुपोषित मातृत्व–स्वस्थ परिवार : पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजितnarmadanewstimes. in
सुपोषित मातृत्व–स्वस्थ परिवार : पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
स्वस्थ महिला से ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज का निर्माण संभव : श्रीमती पार्वती राठौर
अनूपपुर । 25 सितंबर 2026 मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत “सुपोषित मातृत्व–स्वस्थ परिवार : पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य जागरूकता अभियान” का आयोजन शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर के महिला प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं में मातृत्व स्वास्थ्य, संतुलित आहार, पोषण, एनीमिया की रोकथाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती पार्वती राठौर, जिला अध्यक्ष भाजपा एवं उपाध्यक्ष जिला पंचायत ने कहा कि मातृत्व स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता पर आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ महिला से ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण होता है, इसलिए महिलाओं एवं बालिकाओं में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता आवश्यक है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. आर. पी. सोनी ने मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर के संदर्भ में मध्य प्रदेश की स्थिति की जानकारी देते हुए महिला स्वास्थ्य, मातृत्व स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पर जोर दिया।
पोषण आहार विशेषज्ञ डॉ. अंजली सिंह ने छात्राओं को संतुलित आहार की आवश्यकता एवं महत्व समझाते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों तथा घर के सादे एवं पौष्टिक भोजन को दैनिक आहार में शामिल करने की उपयोगिता बताई। उन्होंने विविध एवं संतुलित आहार को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
नर्सिंग अधिकारी डॉ. प्रभा राठौर ने वर्तमान समय में बालिकाओं एवं महिलाओं में बढ़ रही PCOS एवं PCOD जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित आहार के साथ नियमित फिजिकल एक्टिविटी, योग एवं व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला चिकित्सक डॉ. अंजली सिंह ने महिला स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ विद्यार्थियों को नशे की लत एवं उसके दुष्प्रभावों के संबंध में भी जागरूक किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विशेषज्ञों से भविष्य में भी महाविद्यालय के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता
कार्यक्रम के अंतर्गत “सुपोषित माँ–स्वस्थ शिशु–सशक्त समाज” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कला एवं विज्ञान संकाय के 16 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से संतुलित आहार, मातृ स्वास्थ्य, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली एवं स्वस्थ परिवार से संबंधित संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संस्कार सोनी (बीएससी तृतीय वर्ष), द्वितीय स्थान पूनम सिंह गोंड (बीएससी तृतीय वर्ष ) तथा तृतीय स्थान (विद्या पांडे (बीएससी द्वितीय वर्ष) ने अर्जित किया इसके साथ ही पोषण की टोकरी विशेष गतिविधि के अंतर्गत एमएससी प्रथम वर्ष प्राणी शास्त्र की दो छात्राओं ज्योति तिवारी एवं दिव्या तिवारी ने पोस्टर के माध्यम से विशेष प्रस्तुति की।
कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की समस्त पदाधिकारी श्रीमती प्रीति वैश्य ,डॉ. आकांक्षा राठौर , सुश्री पूनम धाण्डे, डॉ. सुधा साहू, डॉ. मीना सिंह, प्रो .विनोद कुमार कोल एवं डॉ. तरन्नुम सरवत , डॉ शोभा तिवारी, डॉ. सरिता परिहार, डॉ शैली अग्रवाल सहित लगभग 60 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। संवादात्मक व्याख्यान, पोस्टर प्रतियोगिता एवं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य से संबंधित उपयोगी एवं व्यवहारिक जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम का संचालन डॉ नीरज कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का समापन डॉ. आकांक्षा राठौर द्वारा अतिथियों, विशेषज्ञों, महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों, शैक्षणिक स्टाफ एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
— महिला प्रकोष्ठ
शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर (म.प्र.)



