संकल्प महाविद्यालय और एचडीएफसी बैंक के संयुक्त तत्वाधान में रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन


अनूपपुर । 23 नवंबर 2024  जिला मुख्यालय स्थित प्रतिष्ठित संस्था संकल्प महाविद्यालय और एचडीएफसी बैंक ने संयुक्त रूप से महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में महाविद्यालय संचालक, शिक्षक व विद्यार्थियों के साथ - साथ बैंक के कर्मचारियों ने रक्तदान किया और जरूरतमंद लोगों की मदद की।

इस शिविर के आयोजन के पीछे के उद्देश्य रक्त की कमी को पूरा करने, लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक करने, और समाज में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने थे।  रक्तदान शिविर के कार्यक्रम में CMHO डॉ. अशोक कुमार अवधिया के मुख्य आतिथ्य एवं अकाउंटेंट मुकेश दीक्षित के आतिथ्य में शिविर का कार्यक्रम किया गया इस शिविर में 15 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया और 20 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। रक्तदान करने वाले लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें प्रमाण पत्र और उपहार भी दिए गए।

संकल्प महाविद्यालय संचालक अंकित शुक्ला  ने  रक्तदान में सहभागिता देने वाले रक्तदाताओं से कहा कि , "हमें इस रक्तदान शिविर के आयोजन पर गर्व है। आयोजित किये गए इस रक्तदान शिविर में सभी ने बढ़ -चढ़ कर अपना सहयोग किया व बिना डरे सभी ने रक्तदान किया और जरूरतमंद लोगों की मदद की।"

एचडीएफसी बैंक से शिविर का प्रतिनिधित्व करते हुए दर्शना पटेल व उनकी टीम ने कहा, "हमें संकल्प महाविद्यालय के साथ मिलकर इस रक्तदान शिविर का आयोजन करने का अवसर मिला। हमें उम्मीद है कि यह शिविर समाज में लोगो को रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने में मदद करेगा" 

रक्तदान शिविर के कार्यक्रम को सफल बनाने मे जिला अस्पताल अनूपपुर लैब टेकनीशियन भाईलाल पटेल एवं अस्पताल के स्टॉफ की अहम भूमिका रही |

 *भारत ज्योति विद्यालय में  "संयुक्त परिवार" थीम पर आधारित वार्षिक उत्सव  हुआ संपन्न


*बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर किया मंत्रमुग्ध* 

अनूपपुर। भारत ज्योति विद्यालय अनूपपुर द्वारा वार्षिक उत्सव एक महत्वपूर्ण त्यौहार की तरह मनाया जाता है। इस वर्ष भी यहां वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ   16 नवंबर को  नर्सरी से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आई ए एस सहायक कलेक्टर एसडीएम अनूपपुर महिपाल सिंह गुर्जर और विशेष अतिथि शहडोल डीनरी के डीन फादर सनी कुरुविला, भारत ज्योति विद्यालय अनूपपुर के प्रिंसीपल फादर अलेक्जेंडर, सिस्टर अर्चना की उपस्थिति में मुख्य अतिथि के द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य केंद्र बिंदु" संयुक्त परिवार "शीर्षक के तहत कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने  नृत्य, संगीत, लघु नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति से अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।  मुख्य अतिथि द्वारा समारोह के दौरान सभी कक्षाओं के अव्वल बच्चों को पुरुस्कृत किया । समारोह में काफी संख्या में अभिभावक और बच्चें उपस्थित थे ,इस मौके पर मुख्य अतिथि सहायक कलेक्टर महिपाल सिंह गुर्जर ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चें देश के धरोहर हैं इनके भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों की भी होती है । मुख्य अतिथि ने लोगों से अपने बच्चों को निश्चित रूप से बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील करते हुए छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा कर उनका उत्साह वर्धन किया एवं शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के कौशल विकास के लिए इस तरह की गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला ।अंत में फादर अलेक्जेंडर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावक गणों को धन्यवाद देते हुए छात्रों के प्रदर्शन की प्रशंसा कर भारत ज्योति विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं ,प्रबंधन और विद्यार्थियों को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

 श्रीराम कथा कलश शोभा यात्रा में उमड़ा जन सैलाब   

 श्री प्रेमभूषण जी महाराज की रामकथा से पहले राम मय हुआ अनूपपुर


अनूपपुर । 19 -27 नवम्बर तक जिला मुख्यालय अनूपपुर में श्रीराम कथा आयोजन समिति के सौजन्य से शुरु होने वाले परमपूज्य श्री प्रेमभूषण जी महाराज की राम कथा से 24 घंटे पहले अनूपपुर भगवान श्रीराम की भक्ति में लीन हो गया है। 18 नवम्बर , सोमवार को नगर के पूर्वी छोर पर तिपान नदी के तट पर स्थित शिव - मारुति मन्दिर से  नगर के पश्चिम छोर पर स्थित चंदास नदी के तट पर कार्यक्रम स्थल तक विशाल कलश शोभा यात्रा निकाली गयी। कलश यात्रा में उमड़ा अथाह जन सैलाब राम मय हो गया है।

*तिपान तट पर हुई पूजा --*

कलश यात्रा से पूर्व आयोजन समिति और नगर के गणमान्य लोगों की यज मानी में पुरोहितों और आचार्य मंडल ने पूर्ण विधि विधान से देवी - देवताओं की पूजा करवा कर मंगल कलशों में तिपान के पावन अभिमंत्रित जल से भर कर कन्याओं को दिया। कलश पूजन उपरांत कलश यात्रा का शुभारंभ तिपान नदी के तट से प्रारंभ हुआ। 

*कलश यात्रा में उमड़ा जन सैलाब --*

जिले में प्रेमभूषण जी की राम कथा के आयोजन की तैयारियां विगत 6 माह से चल रही है। परमपूज्य जी को सुनने , उनके दर्शन के सौभाग्य का अवसर सामने देख लोगों ने स्वयमेव अपनी सहभागिता सुनिश्चित की । कलश यात्रा में ऐतिहासिक रुप से हजारों लोग शामिल हुए । अनूपपुर नगर, चचाई,जैतहरी, कोतमा, बिजुरी, राजेन्द्रग्राम, अमरकंटक के साथ आस पास के समीपी गाँवों से हजारों की संख्या में मातृ शक्तियाँ कलश पर माथे पर रखने के लिये शामिल हुईं। इसी प्रकार से बाल, युवा, वृद्ध सभी वर्ग के लोगों ने कलश यात्रा में शामिल होकर आयोकन की गरिमा को स्थापित किया।

दोपहर लगभग 1 बजे से शुरु हुई शोभा यात्रा 4 किमी की दूरी लगभग 4 घंटे में पूरा कर सकी। भक्ति भाव से डूबे श्रद्धालु गण पूरे मार्ग में भगवान श्री राम के जयकारे लगाते रहे। भजन कीर्तन करते, हर्षोल्लास से नाचते - झूमते लोग राममय और भक्तिभाव में लीन थे। तिपान मन्दिर समूह से शुरु हुई कलश यात्रा जिला सत्र न्यायालय, एसडीएम न्यायालय, इंदिरा चौक, शंकर मन्दिर चौक, अमरकंटक चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।

*जगह - जगह हुआ भावभीना स्वागत --

कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत् मार्ग में जगह - जगह पर किया गया।सर पर मंगल कलश लिये लोग, फूलों की वर्षा करते लोग, जल - स्वल्पाहार के लिये आग्रह करते लोगों ने कई जगह स्टाल लगा रखे थे।

*झांकियों ने मोहा मन --*

कलश शोभा यात्रा में भगवान श्री राम दरबार, श्री राधाकृष्ण की आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। श्री हनुमान जी की पर्वताकार स्वरुप लिये भव्य - दिव्य पात्रों ने लोगों को श्रद्धावनत कर दिया। लोक कलाकारों की मंडली भी लोक लुभावन थी। जिसके साथ लोग थिरकते दिखे। 

*मंगलवार से शुरु होगी श्री राम कथा-*

मां नर्मदा उद्गम स्थल अमरकंटक नर्मदांचल क्षेत्र जिला मुख्यालय अनूपपुर में आचार्य श्री प्रेमभूषण जी महाराज जी  के मुखारविंद से श्री राम कथा की अमृत वर्षा  आज मंगलवार से शुरु होगी। 

उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय स्थित अमरकंटक रोड चंदास नदी के पास नौ दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन श्री राम सेवा समिति अनूपपुर द्वारा किया जा रहा है। जिसकी शुरूआत आज 18 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। सुबह 11 बजे जैतहरी रोड शिव मंदिर तिपान नदी तुलसी कॉलेज के पास एकत्र होकर कलश यात्रा प्रारम्भ करते हुए चन्दास नदी के तट पर आयोजन स्थल पर पूर्ण हुई। कलश यात्रा मे पुरुष पीले कुर्ते , पैजामा व नारी शक्तियां पीले शुभ्र वस्त्र में थीं। 19 से 27 नवंबर को दोपहर 3 से 6 बजे तक प्रेम भूषण दास जी महाराज के मुखारबिन्द से रामकथा का रसपान जिलेवासियों को प्राप्त होगा । जिसमें 19 नवंबर को श्रीराम कथा महिमा, 20 को शिव पार्वती विवाह महोत्सव, 21 को भगवान के अवतार के कारण, प्रकाट्य महोत्सव, 22 को बाल लीला एवं अहिल्या उद्धार, 23 को धनुष भंग एवं श्री सीताराम विवाह महोत्सव, 24 को वन प्रदेश की मंगल यात्रा, केवट प्रेम, 25 को भगवान के 14 निवास स्थान भारती जी का प्रेम, 26 को शबरी प्रेम, नवधा भक्ति एवं हनुमान जी से मिलन तथा 27 नवंबर को सुंदरकांड एवं श्रीराम राज्याभिषेक का आयोजन होगा।

नगर में मंगलवार से आयोजित श्री राम कथा की तैयारी लगभग पूर्ण हो चुकी है आज 18 नवंबर को लगभग 10000 की संख्या में क्षेत्र भर के लोगों द्वारा कलश यात्रा निकालकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 

*जिलेवासियो में दिख रहा व्यापक उत्साह* 

अनूपपुर नगर के सैकड़ो लोग श्रीराम सेवा समिति का गठन कर श्री राम कथा की तैयारी में विगत कई माह से लगे हुए थे वह संकल्प लगभग पूरा होने जा रहा है राम कथा की तैयारी पूरी हो चुकी है नगर ही नहीं पूरे अनूपपुर जिले के लोगों में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है।

 भारत विकास परिषद विंध्य प्रांत का अनूपपुर में सम्पन्न हुआ प्रांत स्तरीय भारत को जानो प्रश्न मंच प्रतियोगिता







स्वस्थ समर्थ संस्कारित भारत

संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के सूत्र में  कार्य करने वाली पूर्ण राष्ट्राजिक संगठन भारत विकास परिषद के द्वारा भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, कटनी,शहडोल और अनूपपुर जिले के कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग की टोलियों ने प्रश्न मंच प्रतियोगिता में सहभागिता की।

           जिसमें कनिष्ठ वर्ग में सेंट माइकल स्कूल सतना प्रथम स्थान पर एवं सद्गुरु पब्लिक स्कूल शहडोल द्वितीय स्थान पर रही, वरिष्ठ वर्ग में  सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कृष्ण नगर सतना की टीम प्रथम स्थान पर रही, इसके साथ द्वितीय स्थान पर बाल भारती पब्लिक स्कूल अनूपपुर रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के अनुपम छाया चित्र पर दीप प्रज्वलन और वन्दे मातरम् गीत के साथ हुआ, इसके उपरान्त शाखा अध्यक्ष राज किशोर तिवारी के द्वारा सभी आगंतुकों के सम्मान में स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया।

भारत को जानो कार्यक्रम के सम्बन्ध में प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र कुमार तिवारी ने प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को सतत प्रयत्नशील रहने की प्रेरणा दी ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मेघा पवार,सदस्य 

मध्य प्रदेश शासन बाल संरक्षण आयोग उपस्थित रहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ देवेंद्र कुमार तिवारी प्रान्त अध्यक्ष भारत विकास परिषद ने की, कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में राहुल कुमार जैन राष्ट्रीय सदस्य प्रोजेक्ट भारत को जानो एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला अनूपपुर के माननीय जिला संचालक  राजेन्द्र प्रसाद तिवारी ने अपनी उपस्थिति दी । मुख्य अतिथि मेघा पवार ने अपने उद्बबोधन मे बताया कि बाल और किशोरावस्था गीली मिट्टी की उस अवस्था के समान है जिसे देश की विकास की आकृति के अनुरूप ढाला जा सकता है।इसी अवस्था में विद्यार्थियो को अपने देश की गौरवशाली व समृद्ध संस्कार ,संस्कृति और महापुरुष के विचार के बारे में जानकारी दी जाए तो बच्चों में अपने देश के प्रति राष्ट्रवाद,नैतिकता की भावना,आत्मविश्वास और आत्मगौरव की भावना जागृत होगी  और आदर्श नागरिक के निर्माण में नींव का पत्थर साबित होगें।

विशिष्ट अतिथि  राहुल जैन ने प्रतिभागियों को अपने उद्बोधन में बताया कि किस तरह से इस प्रतियोगिता के माध्यम से हम अपने और अपने राष्ट्र का नाम ऊंचा उठा सकते हैं, वहीं  जिला संघ  चालक राजेन्द्र तिवारी  द्वारा अपने  उद्बोधन में प्रतिभागियों को भारत की संस्कृति और सभ्यता को  अक्षुण्ण रखने की  प्रेरणा  दी  गयी, प्रान्तीय भारत को जानो प्रतियोगिता के संयोजक   योगेश जैन एवं उनके सहयोगी सी ए सत्यम केसरवानी के द्वारा प्रश्न मंच प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया । कार्यक्रम का सफल संचालन अनूपपुर शाखा के सदस्य अरविंद पाठक ने की ।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि विशिष्ट अतिथियों और सम्माननीय सदस्यों द्वारा सभी प्रतिभागी टीमियों को प्रशस्ति पत्र और प्रथम तथा द्वितीय स्थान अर्जित करने वाली टीमों को मोमेंटो प्रदान किये गए । 

        कार्यक्रम  समापन में भारत विकास परिषद विंध्य प्रान्त के उपाध्यक्ष (संस्कार प्रकल्प) रहे स्वर्गीय अजय गुप्ता जी के आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम के अंत मे परिषद सदस्य अधिवक्ता अनिल तिवारी के द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया प्रान्त की ओर से प्रान्त संगठन मंत्री आलोक खोडियार जी। के द्वारा आयोजन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार प्रदर्शित किया गया।

शाखा में आयोजित इस कार्यक्रम के सफल संयोजन में शाखा सचिव आनंद कुमार पाण्डे और शाखा कोषाध्यक्ष राकेश गौतम ने अपनी भूमिका अदा की। 

    तत्पश्चात् राष्ट्रीय गान के उपरांत कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की गई। 

       भारत विकास परिषद विंध्य प्रान्त से  महासचिव सृजनेश जैन, संगठन सचिव आलोक खोडियार एवं प्रान्तीय महिला प्रमुख अनुराधा श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी बीरेंद्र  सिंह, सीधी शाखा के कोषाध्यक्ष उत्कर्ष गुप्ता, शहडोल शाखा के सचिव प्रदीप गुप्ता,

एवं सम्माननीय सदस्य शक्ति सुमन जौहरी कार्यक्रम में उपस्थित रहे, इसके अलावा अनूपपुर शाखा से राम नारायण उरमलिया, मनोज कुमार द्विवेदी, देवेन्द्र सिंह, रमाकांत तिवारी,अनिल तिवारी, नीरज गुप्ता, विजय पंडा, प्रमोद मिश्रा ,श्रीमती  शब्द अधारी राठौर, श्रीमती शशि तिवारी, सुश्री उन्नति जोशी उपस्थित रहे।


 अनूपपुर अंजुमन के सदर की जिम्मेदारी अब लियाकत अली को 


अनूपपुर । मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड भोपाल ने  जिला मुख्यालय  अनूपपुर स्थित अंजुमन इस्लामिया  कमेटी का नवीन  गठन किया  है,  मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड भोपाल द्वारा जारी आदेश क्रमांक डी एन नो 6730 दिनांक 14/11/2024 को जारी आदेश में पूर्व सदर मो सलीम को लेख किया गया की माननीय बोर्ड के निर्णय दिनांक 5/11/2024 के परिपालन में वक्फ अंजुमन इस्लामिया अनूपपुर के प्रबंधन  कमेटी का गठन कार्यालयीन आदेश क्र 6722 दिनांक 14 /11/2024 द्वारा  लियाकत अली की अध्यक्षता में किया गया है, उक्त आदेश के परिपालन में आदेश प्राप्ति के तीन कार्य दिवस के भीतर पूर्व सदर मो. सलीम मंसूरी को वक्फ अंजुमन इस्लामी अनूपपुर का संपूर्ण चार्ज सौंपें जाने का आदेश दिया गया है | 

 *यह है कमेटी में* 

 मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड भोपाल द्वारा जारी आदेश क्रमांक डी एन नो 6730 दिनांक 14/11/2024 को किये गये नवीन  कमेटी के गठन में सदर लियाकत अली, सचिव मो. इक़वाल हुसैन, कोषाध्यक्ष रज्जाक राठौर, सदस्य मो रसीद, मो अनीश, रिजवान अहमद, मो .इफ्तिखार अहमद, मो. सुहैल, मो तारिक को बनाया गया है, यह सभी अब अनूपपुर अंजुमन का कार्यभार संभालेंगे  |

 *नई कमेटी को लेकर जोरदार उत्साह*

 मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड  भोपाल द्वारा 10 सदस्यीय नई कमेटी के गठन को लेकर  अनूपपुर मुस्लिम अवाम में जबरदस्त उत्साह नई प्रबंधन कमेटी गठन करने पर मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री  दर्जा प्राप्त डॉ सनवर पटेल, जिलाध्यक्ष  मो. इरशाद, सचिव नईम खान को मुबारकबाद दी है | साथ हीं नई गठित कमेटी से उम्मीद की है की नवीन कमेटी अंजुमन के बेहतरीन के लिए अवाम से मिलजुल बेहतर निज़ाम बनायेगी |

 सायकिल से सम्पूर्ण भारत के तीर्थ स्थलों का भ्रमण



भ्रमण करते 142 दिन बाद अमरकंटक पहुंच मां नर्मदा का किया दर्शन ।

अमरकंटक / श्रवण उपाध्याय 

मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली  पवित्र नगरी अमरकंटक में उत्तर बंगाल के ग्राम जयगांव जिला अलीपुरद्वार (पश्चिम बंगाल) के निवासी ऋषिराज सनातन उम्र 22 वर्ष  142 दिवस पूर्व अपने गांव से सम्पूर्ण भारत भ्रमण पर निकले जो देश के तीर्थ स्थलों का दर्शन और संदेश -  प्राकृतिक पर्यावरण संरक्षण , नीम , पीपल बरगद जैसे वृक्षों का रोपण करते हुए भारतीय सभ्यता और संस्कृति का प्रचार प्रसार करते हुए नशा मुक्ति जैसे संदेश देते हुए आगे बढ़ते जाना है । 

दिनांक 29 जून 2024 को अपने गांव से  सायकिल से सम्पूर्ण भारत तीर्थ स्थल भ्रमण पर ऋषिराज सनातन निकले है । इनका कहना है की भ्रमण करते हुए अमरकंटक पहुंचे । यहां हमने 142 दिन बाद शनिवार शाम पहुंचे है । एक दिवस रुकने के बाद सोमवार को सायकिल से भ्रमण करते हुए हम  बागेश्वर धाम जायेंगे ,  जहां पर धीरेंद्र शास्त्री जी के 9 दिवसीय पदयात्रा में शामिल होंगे लेकिन हम सायकिल के साथ ही चलेंगे । उसके बाद पुनः अमरकंटक वापस आने के बाद मां नर्मदा जी की 45 दिवस परिक्रमा पर जायेंगे । परिक्रमा पूर्ण होने के बाद आगे  प्रयागराज में 45 दिवस कुंभ मेला में रहेंगे । उसके बाद छत्तीसगढ़ होते हुए आंध्र प्रदेश की यात्रा पर निकल जायेंगे । सम्पूर्ण भारत तीर्थ स्थल भ्रमण का एक  उद्देश और संदेश लेकर सायकिल से निकले है ।

 प्रांत स्तरीय भारत को जानो प्रश्न -मंच प्रतियोगिता का आयोजन हुआ संपन्न


अनूपपुर। संपर्क ,सहयोग ,संस्कार, सेवा और समर्पण के सूत्र में कार्य करने वाली पूर्ण राष्ट्रीय जन संगठन प्रांत स्तरीय भारत को जानो विंध्य प्रांत सेंट्रल रीजन शाखा- अनूपपुर द्वारा  प्रतियोगिता का आयोजन आज दिनांक 17 नवंबर 2024 दिन रविवार दोपहर 12:00 बजे से आस्था होटल अनूपपुर में मुख्य अतिथि द्वारा छाया चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया जिसमें सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, कटनी, शहडोल और अनूपपुर जिले के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग की टीम ने प्रश्न -मंच प्रतियोगिता में सहभागिता की जिसमें कनिष्ठ वर्ग सेंट माइकल स्कूल सतना प्रथम स्थान पर एवं वरिष्ठ वर्ग में सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कृष्णा नगर सतना की टीम प्रथम स्थान पर रही, इसके साथ ही कनिष्ठ वर्ग से शहडोल द्वितीय स्थान एवं वरिष्ठ वर्ग द्वितीय स्थान पर बाल भारती पब्लिक स्कूल अनूपपुर रही ।मुख्य अतिथि द्वारा सभी विजेताओं को प्रशस्ति -पत्र एवं मोमेंटो द्वारा सम्मानित कर बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामनाएं करते हुए सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया तथा सभी टीम  एवं कार्यक्रम आयोजकों को धन्यवाद दिया । 

  प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपनी सहभागिता प्रदान करने वाले पदाधिकारी एवं सदस्य जिनके नाम:- पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश बाल संरक्षणआयोग की सदस्य श्रीमती मेघा पवार , भारत को जनों के राष्ट्रीय संयोजक  राहुल जैन  , प्रांतीय अध्यक्ष डॉ देवेंद्र तिवारी ,प्रांतीय सचिव सृजनेश जैन, प्रांतीय संयोजक योगेश जैन , प्रांतीय  संगठन सचिव आलोक खोडियार ,प्रांतीय महिला प्रमुख श्रीमती अनुराधा श्रीवास्तव, प्रांतीय मीडिया प्रभारी बीरेंद्र सिंह , शहडोल शाखा सचिव प्रदीप गुप्ता, शक्ति सुमन जौहरी, शाखा-अनूपपुर संरक्षक राजेंद्र तिवारी, हरिशंकर वर्मा, मनोज द्विवेदी, राम नारायण उरमलिया, अध्यक्ष राज किशोर तिवारी, उपाध्यक्ष अरविंद पाठक, कोषाध्यक्ष राकेश गौतम, सचिव आनंद पांडेय, संपर्क प्रमुख देवेंद्र सिंह बागरी , रमाकांत तिवारी, मनोज मिश्रा, रुद्र शरण मिश्रा, अरविंद मिश्रा, महिला प्रमुख श्रीमती शब्द अधारी राठौर, श्रीमती शशि तिवारी, सुश्री उन्नति जोशी, प्रमोद मिश्रा एवं पत्रकार  नीरज गुप्ता, विजय पंडा आदी उपस्थित थे।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget