,श्री नर्मदे हर सेवा न्यास अमरकंटक के संयुक्त रूप से नर्मदा जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन लोक-संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम


संवादाता / श्रवण उपाध्याय 

अमरकंटक । मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली  पवित्र नगरी अमरकंटक में पुण्य सलिला मां नर्मदा जी के पावन प्रगटोत्सव पर्व पर श्री नर्मदे हर सेवा न्यास के तत्वावधान में तीन दिवसीय नर्मदा जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया । यह आयोजन 3 फरवरी से 5 फरवरी तक चला । इस उत्सव में धार्मिक , सांस्कृतिक और लोककला से जुड़े कार्यक्रमों ने लोगों को भाव-विभोर कर दिया ।

महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में रामघाट मैदान पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम , लोकगीत और लोकनृत्य प्रतियोगिता प्रमुख रहें । अमरकंटक के पी एम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक , कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन अमरकंटक , पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय अमरकंटक , सरस्वती शिशु विद्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक एवं मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल पेंड्रारोड के छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया ।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि  श्री हिमाद्रि मुनि जी महाराज प्रबंध न्यासी श्री कल्याण सेवा आश्रम अमरकंटक एवं कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ने समस्त प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया । लोकनृत्य प्रतियोगिता में कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय अमरकंटक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया , सरस्वती जनजातीय वनवासी छात्रावास ने द्वितीय स्थान और मां शारदा शक्ति कन्या पीठ पोंडकी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सम्मान अर्जित किया । अन्य विद्यालय के बच्चों को भी सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया । तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान 03 फरवरी को सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक नीलकमल वैष्णव की लोकगीत संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया था । 04 फरवरी को मंदिर प्रांगण में भव्य नर्मदा पूजन एवं हवन का आयोजन हुआ , जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए । 05 फरवरी को लोकगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ आयोजन का भव्य समापन हुआ ।

अमरकंटक महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न जिलों से आए लोककला समूहों और कलाकारों ने भी अपनी अनुपम प्रस्तुतियों और प्रदर्शनी से दर्शकों का मन मोह लिया । प्रदर्शनी में पहुंचे आगंतुकों को भी विशेष अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया । श्री नर्मदे हर सेवा न्यास प्रतिवर्ष इस पावन अवसर पर भव्य आयोजन करता चला आ रहा है , जो आस्था , संस्कृति और लोककला का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है । इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं और कलाकारों की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष बना दिया । आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों , आगंतुकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए अगले वर्ष और भी भव्य उत्सव आयोजित करने का संकल्प लिया ।

 *जिला चिकित्सालय अनूपपुर में कोतवाली पुलिस द्वारा सायबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन*


 

 अनूपपुर । पुलिस अधीक्षक  अनूपपुर  मोती उर रहमान जी के निर्देशन में कोतवाली अनूपपुर  पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाएं जा रहे सेफ क्लिक अभियान के अंतर्गत  मंगलवार को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में साइबर क्राइम सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।    जिसमें जिला अस्पताल अनूपपुर में उपस्थित डाक्टर, स्टाफ नर्स, सफाई कर्मचारी, प्रायवेट गार्ड, मरीजों के परिजनों को थाना प्रभारी  अरविंद जैन द्वारा बताया गया की किस तरह फ्राड कर्ता भोले भाले लोगों के अलावा पढे लिखे लोगों को भी झांसे में लेकर अंजाम दे देते है जिससे बचाव का एक मात्र रास्ता है सावधानी।  जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि  डेबिट कार्ड का पिन छुपा कर रखे, वैवाहिक धोखाधड़ी से सावधान रहे, मेट्रोमोनियल साईट पर प्रोफाईल में दी गई जानकारियों को विश्वसनीय सूत्रों से सत्यापित कर ले, आनलाईन शापिंग करने के लिए मान्यता प्राप्त इ कामर्स साइटों का ही प्रयोग करें, सोशल मीडिया पर प्राइवेसी सेटिंग्स के माध्यम से अपनी जानकारियां जैसे कान्टेक्ट फोटो इत्यादि को छुपाकर रखे एवं प्रोफाइल लाक रखें, किसी भी अनाधिकृत एप्प को डाउनलोड न करे, बिजली के बिल ईत्यादी के एसएमएम एवं कॉल पर राशि जमा न करे, OLX पर आर्मी अधिकारियों की फर्जी डीपी के झांसे में न आये और पैसे ट्रांसफर न करे, किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर घबराये नहीं और तत्काल 1930 पर फोन पर ही पंजीयन कराये। प्रधान आरक्षक महेन्द्र राठौर द्वारा बताया गया कि आनलाईन ट्राजेक्शन एवं गुगल पे, फोन पे, इन्टरनेट बैंकिग के मजबूत पासवर्ड बनाये एवं समय समय पर पासवर्ड बदलते रहें, आनलाईन लाटरी, केबीसी, गिफ्ट, मनी कैशबैक के लालच में आकर अपनी जानकारी साझा न करें। विश्वसनीय सोशल मीडिया प्लेटफार्म का उपयोग करें. आनलाईन चेट पर आपत्तिजनक अतरंग फोटो विडियो सांझा न करे ना ही मोबाईल में निर्मित करें। आरक्षक प्रकाश तिवारी द्वारा बताया गया कि फोन काल के जरिये आपके नाम से नकली पार्सल में अवैध सामान जैसे ड्रग्स एवं अन्य गतिविधियों में सम्मिलित होने के नाम पर डरा धमकाकर डिजीटल अरेस्ट कर पैसों की मांग की जाती है ऐसे काल से सावधान रहें, अपनी सोशल मीडिया मेसेजिंग ऐप जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम पर टू स्टेप वेरीफिकेशन विकल्प आन रखे ताकि कोई आपके अकाउंट को हैक न कर सके, सोशल मिडिया पर किसी परिचित या मित्र द्वारा मजबूरी में पैसों की मांग करने पर तुरन्त पैसा न भेजे पहले किसी विश्वसनीय माध्यम से जांच पड़ताल कर ले। कार्यक्रम में जिला अस्पताल के डाक्टर एम. डी. ओंजेर, डाक्टर जन्मेजय शाक्य (अस्पताल मैनेजर), मार्निंग थामस (स्टाफ इंचार्ज) एवं अन्य नर्स व मेडिकल स्टाफ  उपस्थित रहें।

 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेन्स शासकीय तुलसी महाविद्यालय में व्हालीबाल टूर्नामेंट का हुआ आयोजन


अनूपपुर । आज दिनांक 06 फरवरी को दोपहर 12 बजे से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेन्स शासकीय तुलसी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल सक्सेना के संरक्षकत्व व मार्गदर्शन में व्हालीबाल टूर्नामेंट का  आयोजन महाविद्यालय के व्हालीबाल ग्राउण्ड में पी.एम.टी हॉस्टल शहडोल और और पी.एम.टी. हॉस्टल अनूपपुर के मध्य सम्पन्न हुआ, जिसमें पी.एम.टी. हॉस्टल अनूपपुर विजेता और शहडोल उप विजेता रही । खिलाड़ियों को अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में शुभकामनाएं देते हुए खेल प्रभारी डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को सदैव खेल भावना से खेल खेलने की प्रेरणा दी ।   क्रीड़ा अधिकारी डॉ. रामायण वर्मा और डॉ. इन्द्रनारायण काछी ने महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को सक्रियता पूर्वक संचालित करने और महाविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को तराशने में सदैव अपने योगदान से महविद्यालय में उत्कृष्ट वातावरण निर्माण करने में अपने संकल्प को दोहराया । इस अवसर पर समाजशास्त्र की डॉ. तरन्नुम शरबत की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही ।

 *जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में अधिकारियों की मिली भगत से लगभग 2 करोड रुपए का हुआ फर्जी भुगतान


अनूपपुर। जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत के द्वारा सी. टी. आर. गैवियन का निर्माण कार्य बड़े-बड़े नालों में बहुत ही गहराई में किया गया है और गैवियन के निर्माण में नालों एवं आस-पास में गिरे  पड़े हुए गोल-गोल पत्थरों को श्रमिकों से बिनवाकर नालों में सेट कर जीआई  तार से बांध दिया गया है ,यह पूरा कार्य श्रमिकों से ही कराया गया है ,मात्र सामग्री लगाने के नाम पर    जी आई तार खरीदी की गई है जिसकी अधिकतम लागत लगभग 4-5 हजार की होगी ,लेकिन गैवियन निर्माण कार्य में श्रमिकों के द्वारा लगाई गई उन्हीं पत्थरों का फर्जी रूप से बिल तैयार कर करोड़ों रुपया का फर्जी भुगतान कर भारी पैमाने पर भ्रष्टाचार करते हुए शासकीय धनराशि का आहरण कर आपस में बंदर बांट कर लिया गया। 

*नालों में सी .टी. आर. गैवियन निर्माण कार्य हेतु कोई भी निर्देश नहीं हुई थी जारी*

बड़े-बड़े नालों में सी .टी .आर. गैवियन निर्माण कार्य के लिए राज्य शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा आयुक्त मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद की ओर से कोई भी निर्देश जारी नहीं किया गया है । क्षेत्र भ्रमण के दौरान मौक़ा स्थल पर अवलोकन करने एवं ग्राम पंचायत तरंग के सरपंच एवं सचिव से गैवियन निर्माण कार्य  के संबंध में राज्य शासन के निर्माण के बारे में पूछे जाने पर बताया गया कि हमारे ग्राम पंचायत में राज्य शासन का कोई भी लिखित निर्देश नहीं है इस जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के अधिकारियों के मौखिक आदेश पर गैवियन निर्माण का कार्य कर रहे हैं। 

*मौखिक आदेश देकर कराया गया कार्य*

जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के अधिकारियों द्वारा नियम विरुद्ध एवं गैर कानूनी रूप से ग्राम पंचायत को मौखिक आदेश देकर सी. टी .आर. गैवियन का निर्माण श्रमिकों के द्वारा कार्य स्थल पर गिरे -पड़े पत्थरों को ग्राम पंचायत के द्वारा नालों में लगाया गया है  ,उन्हीं पत्थरों का ग्राम पंचायत के द्वारा फर्जी बिल बनाकर संबंधित उप यंत्री एवं सहायक यंत्री के द्वारा फर्जी रूप से सत्यापन किया जा रहा है और जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में पदस्थ अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी वरुणेंद्र सिंह बघेल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश पाण्डेय ग्राम पंचायतों से फर्जी रूप से बिल बनवाकर संबंधित उप यंत्री के द्वारा माप पुस्तिका में मेजरमेंट किया गया है और सहायक यंत्री के द्वारा फर्जी रूप से सत्यापन सिर्फ वर्तमान सत्र वित्तीय वर्ष 2024- 25 में अभी तक लगभग 2 करोड रुपए का फर्जी भुगतान कर आपस में बंदर बांट किया गया है। 

*कलेक्टर को दी गई थी शिकायती- पत्र आज भी जांच फाइल में धूल फांक रही है*

कलेक्टर अनूपपुर को भवदीय के द्वारा दिनांक 06/ 08/2024 को वित्तीय वर्ष 2021-22 2022-23 एवं 2023 -24 की सूची 31 पेज/  व्यय वाउचर 8 पेज एवं फोटोग्राफ सहित समस्त अभिलेख संलग्न कर आवेदन पत्र प्रस्तुत कर जांच कराए जाने का अनुरोध किया गया था , लेकिन अभी तक जांच की फाइल धूल फांक रही है।

*पुनः कलेक्टर को शिकायती आवेदन- पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग*

कलेक्टर महोदय से आग्रह है कि जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में ग्राम पंचायत के द्वारा मनरेगा स्कीम से सी. टी .आर. गैवियन निर्माण कार्य का मौका स्थल से प्रशासकीय स्वीकृत राशि/ तकनीक की स्वीकृत राशि ,प्रकरण सामग्री से संबंधित बिल एवं व्यय वाउचर के आधार पर एवं राज्य शासन के किस निर्देश के अनुसार उक्त गैवियन निर्माण का कार्य किया गया है ,उच्च स्तरीय जांच कराएं जाने हेतु उचित कार्यवाही करने का कष्ट करें । जांच की समस्त कार्यवाही भवदीय /आवेदन कर्ता की उपस्थिति में कराया जावें ताकि आवेदन कर्ता जांच एजेंसी के सामने अपना पक्ष प्रस्तुत कर सके।

 कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, कमिश्नर एवं कलेक्टर ने किया मां नर्मदा की महाआरती


नर्मदा महाआरती ने श्रद्धालुओं को आस्था भक्ति और आध्यात्मिकता का कराया विशेष अनुभव

अनूपपुर । अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के तृतीय दिवस सायं कालीन में नर्मदा घाट के दक्षिणी तट पर पुण्य सलिला मां नर्मदा की महाआरती मध्य प्रदेश शासन के कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल, कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर  हर्षल पंचोली ने तथा पुरोहितों द्वारा महाआरती की गई। इस दौरान स्वास्ति वाचन, हर-हर नर्मदे और नर्मदाष्टकम् श्लोकों की गूंज के बीच पूरे विधि-विधान से पुरोहितों की मौजूदगी में मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान अपार जन समूह भी महा आरती में सहभागिता निभाई।

*दिव्य-भव्य, आस्था, भक्ति और अध्यात्म का संगम हर किसी को किया अभिभूत* 

महाआरती में मौजूद सभी लोग दिव्य-भव्य, आस्था, भक्ति और अध्यात्म का संगम हर किसी को अभिभूत कर रहा था। पावन-पुण्य महाआरती दूर-दूर से श्रद्धालु भाग लेने आए थें। जब दीपों की ज्योति लहराती है, घंटियों और शंखों की ध्वनि और भजन-कीर्तन के सुर गूंजा तब श्रद्धालु पूरी तरह से भक्ति में लीन हो जाते हैं बोले हर हर नर्मदे! इस दौरान अपार जन समूह भी महा आरती में सहभागिता निभाई। 

 *लेजर लाइट शो के माध्यम से मां नर्मदा की महिमा का किया गया व्याख्यान* 

महाआरती के‌ पूर्व में लेजर लाइट शो के माध्यम से मां नर्मदा के उद्गम तथा महिमा का व्याख्यान किया गया। जिसमें बताया गया कि भगवान शंकर मैकल पर्वत में लगभग 84 हजार वर्ष तक तपस्या कर रहे थें, इसके पश्चात उनके कंठ से अमृत की एक बूंद धरती पर गिरी और मां नर्मदा का जन्म हुआ, जिसे आज अमरकंटक में नर्मदा उद्गम कहते हैं। इसी प्रकार विस्तार से नर्मदा का पूरा वृतांत बताया गया।

*साधु संतों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर किया गया सम्मान*

मध्य प्रदेश कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल, कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर  हर्षल पंचोली सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने साधु संत एवं पुजारियों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान साधु संत एवं पुजारी ने अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के भव्य आयोजन हेतु कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर  हर्षल पंचोली का हृदय से आभार व्यक्त किया। ‌

 *बाबा हंसराज रघुवंशी की भक्तिमय गीतों के सुरों में झूमे श्रद्धालु एवं श्रोता*


 *बाबा हंसराज रघुवंशी के ओजस्वी भक्तिमय गीतों से रूका समय का पहिया* 

*बाबा हंसराज रघुवंशी द्वारा नर्मदा अमरकंटक महोत्सव पर दी गई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति* 

अनूपपुर ।   अमरकंटक नर्मदा महोत्सव-2025 के द्वितीय दिन नर्मदा प्रकोट्त्सव के अवसर पर सुप्रसिद्ध गायक बाबा  हंसराज रघुवंशी द्वारा अमरकंटक मेला ग्राउंड में रंगारंग सांस्कृतिक संध्या में अलग ही जान डाल दी। बाबा हंसराज रघुवंशी ने सुरों की शक्ति से सभी आगंतुकों को अवगत कराया। सुरमयी गीत एवं भजनों के साथ संगीत के मिश्रण ने ऐसा रंग जमाया की कुछ समय के लिए समय का पहिया रुक गया। सारी चिंता छोड़कर श्रोतागण संगीत के सुरमयी धारा में बाबा  हंसराज रघुवंशी के साथ हो लिए। जिनकी भक्ति में गीतों के सुरों में लोग झूम उठे। बाबा  हंसराज रघुवंशी ने भोले शंकर शिव शंभू से ओतप्रोत भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दी। जिसमें जय शिव शंभू.., राधे राधे..., शिव समा रहे मुझमें.., लगी तो तुमसे लगन मेरे शंकरा..., मेरा भोला है भंडारी...., शिव कैलाश के वासी...जैसे मनभावन भक्ति गीतों से लोगों का मंत्रमुग्ध कर दिया।

*बाबा रघुवंशी के ओजस्वी प्रस्तुति ने दर्शकों को किया कायल

ख्याति प्राप्त सुप्रसिद्ध गायक  हंसराज रघुवंशी के ओजस्वी प्रस्तुति ने दर्शकों को कायल कर दिया। सभी दर्शकों, युवाओं से लेकर बुजुर्गों को अपना कायल बना दिया। कोई उनके ओजस्वी एवं प्रभावी प्रस्तुति की तारीफ कर रहा था, तो कोई आशीर्वाद दे रहा था। उनकी भक्तिमय गीतों ने भगवान शंकर के प्रति आस्था एवं समर्पण से अवगत कराया। 

 *अमरकंटक का प्राकृतिक सौंदर्य अद्भुत एवं अविस्मरणीय*

विश्व ख्याति प्राप्त सुप्रसिद्ध गायक बाबा  हंसराज रघुवंशी ने कार्यक्रम समापन के दौरान कहा कि पर्यटन एवं धार्मिक नगरी अमरकंटक का प्राकृतिक सौंदर्य अविस्मरणीय है। उन्हें अमरकंटक आकर बहुत अच्छा लगा और वह बार-बार अमरकंटक आना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि अमरकंटक का जलवायु, वातावरण, प्राकृतिक सौंदर्य, नर्मदा मंदिर, सघन वन तथा नदिया अद्भुत एवं अविस्मरणीय है। अमरकंटक में बिताया गया हर क्षण मेरे लिए सदैव सुखद स्मृतियों में रहेगा।

 *सुप्रसिद्ध गायक बाबा  हंसराज रघुवंशी का किया गया स्वागत*

कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध गायक बाबा हंसराज रघुवंशी का मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग (राज्य मंत्री) स्वतंत्र प्रभार  दिलीप जायसवाल, मध्य प्रदेश कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल, कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, कलेक्टर  हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक  मोती उर रहमान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  तन्मय वशिष्ठ शर्मा, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष  हीरा सिंह श्याम ने जनजातीय कला की परंपरागत गोंडी पेंटिंग भेंट किया तथा पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसी प्रकार कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु एवं लोगों ने तालियों की करतल ध्वनि से बाबा  हंसराज रघुवंशी का स्वागत किया। कार्यक्रम में अपार जनसंख्या समूह का सैलाब उमड़ा।

 पीआर टी  महाविद्यालय में बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया


अनूपपुर । नगर में संचालित पीआर टी महाविद्यालय अनूपपुर में विद्यार्थियों को इस पर्व का महत्व एवं उपयोगिता बताई गयी ,विधि विधान से पूजा वंदना, हवन कर सरस्वती जयंती के रूप में मनाया गया। पीले पुष्प एवं बसंती वस्त्र से मां सरस्वती का पूजन किया गया, इस दिन विद्या की देवी सरस्वती का दिन होने के कारण मां सरस्वती की विशेष पूजा की जाती है । सांस्कृतिक प्रभारी श्रीमति स्वेता सिन्हा जी के निर्देशन में छात्रों ने सरस्वती वंदना की। और नृत्य एवं संगीत भी किया गया। कॉलेज के डॉ देवेंद्र कुमार तिवारी जी ने बसंत पंचमी संस्कारों की जानकारी दी। संस्कृति में ही संस्कार पलते हैं- तिवारी जी ने कहा कि विद्यार्थियों को इस पर्व का महत्व एवं उपयोगिता बताई गयी । उन्होंने कहा भारत में बसंत पंचमी के त्योहार को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, इसे वसंत पंचमी और श्री पंचमी के नाम से भी जाना जाता है।बसंत पंचमी का यह त्योहार ज्ञान, संगीत और कला की देवी मां सरस्वती को समर्पित है। कॉलेज के प्राध्यापक श्रीमती स्वेता सिन्हा जी ने सभी छात्रों को बताया कि वाणी, शिक्षा एवं अन्य कलाओं की अधिष्ठात्री देवी मां की आराधना छात्रों को अवश्य करनी चाहिए। इस दिन सरस्वती सिद्ध करके मंत्र साधना में सिद्धि प्राप्त करनी चाहिए। कण्ठ में सरस्वती को स्थापित किया जाता है। स्वर, संगीत, ललित कलाओं, गायन वादन, लेखन यदि इस दिन आरंभ किया जाए तो जीवन में सफलता अवश्य मिलती है। बसंत पंचमी का पर्व ज्ञान, विद्या और बुद्धि की देवी मां सरस्वती को समर्पित है। उन्होंने इस अवसर पर सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह त्योहार नई ऊर्जा, सकारात्मकता और समृद्धि का प्रतीक है, जिसे पूरे मनोयोग से मनाना चाहिए।

इस कार्यक्रम में कॉलेज के स्टाफ  रणविजय शाही,  रवि त्रिपाठी,  अशोक मिश्रा, श्रीमती स्वेता सिन्हा,सुश्री कमला सिंह, श्रीमती अंजना साहू, सुश्री दीपिका श्रीवास एवं सभी छात्रों की उपस्थिति रही।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget