खेलों की चमक के पीछे गहराता साया: सेपक टेकरा सहित आयोजनों में लाखों की गड़बड़ी, सुर्खियों में क्रीड़ा विभाग


अनूपपुर । जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष कर जनजातीय क्षेत्रों में खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों के तहत अनूपपुर जिले में भी व्यापक स्तर पर खेल गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिससे कई प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई यह निस्संदेह गर्व का विषय है।

जिला क्रीड़ा विभाग के माध्यम से पुष्पराजगढ़, कोतमा, जैतहरी और अनूपपुर विकासखंड के विद्यालयों में खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, सेपक टेकरा और क्रिकेट जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में लगभग 26 छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर जिले का नाम रोशन किया।

प्रशासनिक मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में कलेक्टर, सहायक आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। शासन की मंशा के अनुरूप खेलों को बढ़ावा देने के प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन इन उपलब्धियों के पीछे एक चिंता जनक सच्चाई भी उभरकर सामने आ रही है।

*उपलब्धियों के पीछे विवादों का साया*

जहां एक ओर विभाग उपलब्धियों का ढिंढोरा पीट रहा है, वहीं दूसरी ओर इसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार खेल आयोजनों में पारदर्शिता की कमी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। लाखों रुपये की कथित गड़बड़ी अब अखबारों की सुर्खियां बन चुकी है।

बताया जाता है कि इन आरोपों की जांच के लिए समिति का गठन किया गया था और राजधानी से चार सदस्यीय जांच दल भी पहुंचा, लेकिन आज तक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। इससे विभाग की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सूचना के अधिकार की अनदेखी

विभाग पर सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारियों को समय पर उपलब्ध न कराने के आरोप भी लग रहे हैं। यदि यह सही है, तो यह पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।

*पदस्थापना और जिम्मेदारियों पर सवाल*

क्रीड़ा विभाग में पदस्थापना को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। चर्चा है कि नियमों के विपरीत तरीके से वरिष्ठ पदों की जिम्मेदारियां निभाई जा रही हैं, जबकि योग्य अधिकारी मौजूद हैं। इससे विभागीय व्यवस्था की निष्पक्षता संदिग्ध होती जा रही है।

*जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से नाराजगी*

खेल आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अनदेखी भी विवाद का कारण बन रही है। वर्षों से खेलों को बढ़ावा देने वाले सामाजिक व्यक्तित्वों को अपेक्षित सम्मान न मिलना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे खेल संस्कृति को भी नुकसान पहुंच सकता है।

*चयन प्रक्रिया में पक्षपात के आरोप*

युवा खिलाड़ियों के चयन को लेकर भी पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप हैं कि चयन प्रक्रिया में “सिफारिश” और “पहचान” हावी हो रही है, जिससे वास्तविक प्रतिभाएं पीछे छूट रही हैं।

*सेपक टेकरा में भी गड़बड़ी के आरोप*

तेजी से लोकप्रिय हो रहे सेपक टेकरा खेल में भी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। सवाल यह उठता है कि जब पहले ही गड़बड़ियों की जानकारी थी, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?अपनी ढपली, अपना राग’

कहावत है चोर की दाढ़ी में तिनका” और तो और खुद ही अपनी प्रशंसा करते दिख रहा है जैसे“अपनी ढपली, अपना राग।”

विभाग के कुछ जिम्मेदार लोग, जिनमें शेख खलील कुरैशी का नाम चर्चा में है, कथित तौर पर लाखों की गड़बड़ी के बाद अब अपनी छवि सुधारने में जुटे हैं। खबर यह भी है कि अपनी प्रशंसा के पुल खुद ही तैयार कराकर अखबारों में छपवाए जा रहे हैं।यह स्थिति उस कहावत को चरितार्थ करती है

“जितना बड़ा घोटाला, उतनी बड़ी सफाई।

लेकिन सवाल यह है कि क्या शब्दों की चमक सच्चाई को ढक सकती है? क्या आत्म-प्रशंसा से जवाबदेही खत्म हो जाती है?

संपत्ति जांच की मांग

स्थानीय स्तर पर यह मांग भी जोर पकड़ रही है कि संबंधित अधिकारियों की संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कहीं पद का दुरुपयोग तो नहीं हुआ।

*भविष्य की योजनाएं, लेकिन भरोसे का संकट*

आगामी सत्र में खेल गतिविधियों को और विस्तार देने की योजना हैनए प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। लेकिन मौजूदा विवादों ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है

क्या इन योजनाओं का लाभ वास्तव में योग्य खिलाड़ियों तक निष्पक्ष रूप से पहुंचेगा?

अनूपपुर में खेल प्रतिभाओं का उभरना निश्चित रूप से गर्व की बात है। लेकिन इसके साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।

यदि समय रहते इन आरोपों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो खेलों को बढ़ावा देने की मंशा पर ही प्रश्नचिह्न लग जाएगा।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है सुधार का या सिर्फ प्रचार का।

 *संवेदनशीलता और सृजनशीलता के विकास का महत्त्वपूर्ण माध्यम है साहित्य : डॉ. नीरज श्रीवास्तव


अनूपपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के विशेष शिविर के तृतीय दिवस का आयोजन विविध शैक्षणिक, सामाजिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के साथ अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दिनभर आयोजित कार्यक्रमों ने स्वयंसेवकों में अनुशासन, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को सुदृढ़ किया।

दिवस का शुभारंभ प्रतिदिन की भांति प्रातःकालीन योगाभ्यास एवं सूर्य नमस्कार से हुआ, जिसमें स्वयंसेवकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक एकाग्रता बनाएं रखने एवं शारीरिक सुदृढ़ता के लिए प्रेरित किया गया। 

इसके उपरांत आयोजित द्वितीय सत्र में श्रमदान एवं परियोजना कार्य के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा तालाब की साफ-सफाई की गई तथा स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर स्वच्छता बनाए रखने हेतु उन्हें प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए निरंतर स्वच्छ वातावरण बनाएं रखने की शपथ भी दिलाई गई।

दिवस के तृतीय एवं मुख्य बौद्धिक सत्र का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध हास्य एवं व्यंग्य कलाकार  पवन छिब्बर जी उपस्थित रहे। बौद्धिक सत्र की अध्यक्षता हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष, प्रतिष्ठित कहानीकार एवं कवि डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के जिला नोडल अधिकारी  विनोद कुमार कोल तथा अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित भूषण द्विवेदी उपस्थित रहे। साथ ही डॉ. तरन्नुम सरवत की महत्वपूर्ण उपस्थिति एवं डॉ. आकांक्षा राठौर, सहायक अध्यापक वाणिज्य की गरिमामई सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को साहित्य के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि साहित्य व्यक्ति के भीतर संवेदनशीलता, विचारशीलता एवं सृजनात्मकता का विकास करता है। उन्होंने अपनी स्व-लिखित कविता का प्रभावपूर्ण पाठ करते हुए विद्यार्थियों को साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि नियमित अभ्यास एवं उत्तम पुस्तकों के अध्ययन से विद्यार्थी कविता लेखन एवं साहित्य सृजन की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और अपने विचारों को सशक्त रूप से अभिव्यक्त कर सकते हैं।

मुख्य अतिथि  पवन छिब्बर जी ने अपने विशिष्ट हास्य-व्यंग्य शैली में विद्यार्थियों को जीवन के विविध पहलुओं पर प्रेरक संदेश देते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को कैरियर निर्माण, सामाजिक जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए।

कार्यक्रम का संचालन जिला संगठक ज्ञान प्रकाश पांडे द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया, जबकि अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूनम धांडे द्वारा व्यक्त किया गया।

 *राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, संस्कार और नेतृत्व का सशक्त मंच : प्रो. अनिल कुमार सक्सेना


अनूपपुर । दिनांक 26 मार्च 2026

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत बर्री में अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ संपन्न हुआ। यह शिविर दिनांक 26 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें महाविद्यालय के स्वयंसेवक ग्राम के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न रचनात्मक एवं जन- जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करेंगे।

मुख्य अतिथि के रूप में अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जो उन्हें समाज के साथ जोड़ते हुए सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व की भावना विकसित करती है। उन्होंने कहा कि विशेष शिविर के माध्यम से विद्यार्थी ग्रामीण जीवन की वास्तविकताओं को समझते हैं तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में अपनी सार्थक भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पूरे अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक सोच के साथ शिविर की गतिविधियों में भाग लें तथा ग्राम पंचायत बर्री को आदर्श ग्राम बनाने की दिशा में योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि रासेयो के माध्यम से युवा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. जे. के. संत ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के भीतर सामाजिक संवेदनशीलता एवं कर्तव्य बोध को जागृत करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य समाज के प्रति उत्तरदायित्व को समझना और उसका निर्वहन करना है, जिसे रासेयो के माध्यम से साकार किया जा सकता है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने  अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को पूर्ण करने के लिए, हमें गांव की ओर लौटना होगा । भारतीय संस्कृति और सभ्यता का विकास का आधार स्तंभ ग्रामीण अंचल ही हैं, जहां लोक जीवन, लोक संस्कृति और मानवीय संवेदनाएं मूर्त रूप लेकर राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति के माध्यम से विकास का मार्ग  प्रशस्त करती है, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आदतों को विकसित करने तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, साक्षरता अभियान, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल साक्षरता एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जन-जागरूकता जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त श्रमदान, रैली, जनसंवाद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामवासियों को जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. अमित भूषण द्विवेदी, श्री विनोद कुमार कोल, श्री शाहबाज खान, डॉ. आकांक्षा राठौर, डॉ. तरन्नुम सरवत एवं डॉ. दीपक गुप्ता की गरिमामई उपस्थिति रही, जिन्होंने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूनम धांडे द्वारा आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शिविर के सफल संचालन हेतु सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

 संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन 27 मार्च से 2 अप्रैल तक


अनूपपुर । संगीतमय श्रीमद्‌भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन दिनांक 27 मार्च से 02 अप्रैल 2026 तक,कथा-सायं 4 बजे से हरि इच्छा तक,स्थान – केडिया पेट्रोल पंप के बगल से चेतना नगर अनूपपुर जिला अनूपपुर में आयोजित होने जा रहा है। सभी श्रद्धालु भक्तजन,परम्म्पिता परमेश्वर की असीम अनुकम्पा एवं भागवत भगवान कृपा से संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा का रसपान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जिसमें व्यासपीठ परम् पूज्या अनीता देवी रक्षा जी वृन्दावनधाम (उ.प्र.) अपनी अमृतवाणी से कथा का रसपान वर्णित उत्सव अनुसार करायेगे।इन सभी दिव्य प्रसंगों के परम पावन अनुष्ठान में आप सभी सपरिवार इष्ट मित्रों सहित पधारकर कथामृत का रसपान कर पुण्य के सहभागी बनें।

कार्यक्रम विवरण:

27 मार्च 2026कलश यात्रा, भागवत महात्म्य, त्रष्टि वर्णन,शुक्रवार,28 मार्च 2026, शनिवारपरिक्षित श्राप, ध्रुव चरत, जड़ भरत, पुज्यान,29 मार्च 2026, रविवारप्रहलाद चरित्र, समुद्रमंथन, वामन अवतार,30 मार्च 2026, सोमवाररामजन्मोत्सव, कृष्ण जन्मोत्सव,31 मार्च 2026, मंगलवारबाललीला, पूतनाबध, गिरिराज वध,01 अप्रैल 2026, बुधवारकंश वध, रूकमणि विवाह,02 अप्रैल 2026महिसासुर वध, ठाकुर जी के अन्य विवाह, सुदामा चरित्र, परिक्षित मोक्ष, चढ़ोत्री, गुरुवार,03 अप्रैल 2026 शुक्रवार हवन पूजन,भण्डारा एवं प्रसाद वितरण।

जिन भक्तजनों को कथा में यजमान बनना हो उनके लिये 2100 रु. एवं पोथी यजमान हेतु 5100 रु. की दक्षिणा रखी गई है। पूजन सामग्री, प्रसाद आदि की व्यवस्था समिति द्वारा की जायेगी ।सम्पर्क- आशा गुप्ता, मो.: 7440989584,वर्षा नामदेव, मो. 8839713356,सरोज शिवहरे, मो. 8839063219.उक्त संगीतमय रसपान में सभी श्रद्धालु भक्तगण सादर आमंत्रित है।

मानसिक रूप से अस्वस्थ 30 वर्ष की नवयुवती लावारिस कोतवाली पुलिस के संरक्षण में



अनूपपुर । कल दिनांक 19 मार्च 2026 को देर रात्रि करीब 11:00 अनूपपुर में जैतहरी रोड पर हर्री फाटक के पास करीब 30 वर्ष की नवयुवती लावारिस रूप से भटकते मिलने पर सुरक्षित महिला डेस्क थाना कोतवाली अनूपपुर लाया गया है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है अपना नाम पता नहीं बता पा रही है। अभी तक उक्त महिला के परिजनों का पता नहीं चला है। महिला की दाहिने हाथ की कलाई में    *P ॐ S*   गुदना लिखा हुआ है। कृपया अधिक से अधिक शेयर करें और उक्त नवयुवती के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो कृपया मोबाइल पर सूचित करें । 


                 अरविंद जैन

       टी. आई. कोतवाली अनूपपुर

       जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश) 

   मोबाइल नंबर 94254 25894

 *भारतीय जनता पार्टी मंडल राजनगर की कार्यकारिणी घोषित*


भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का वातावरण

अनूपपुर ।भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के संभाग प्रभारी गौरव  सिरोठिया एवं जिला संगठन प्रभारी संजय साहू के सहमति से तथा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के अनुमोदन पश्चात भाजपा राज नगर मंडल अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी के द्वारा भाजपा राज नगर मंडल कार्यकारिणी   को घोषित की गई । 

जिसमें  प्रमुख रूप से,  पुष्पराज सिंह (उपाध्यक्ष) राजेश जायसवाल (उपाध्यक्ष), अरविंद सिंह परिहार (उपाध्यक्ष), सुनील गुप्ता (उपाध्यक्ष), शिवमूरत  केवट (उपाध्यक्ष), गिरजा विश्वकर्मा (उपाध्यक्ष) सचिन कुमार द्विवेदी (महामंत्री),  नारायण साहू  (मंत्री) , दुलीचंद धनवार (मंत्री), पुष्पा चतुर्वेदी (मंत्री) पार्वती सिंह (मंत्री), राजकुमार सिंह गोड़ (मंत्री) हरिलाल चौधरी (मंत्री) रविदास चौधरी कोषाध्यक्ष, पंकज कुमार शर्मा (मीडिया प्रभारी) ,सुश्री पूजा केवट (कार्यालय मंत्री), श्रीमती ललई कोल (कार्यालय सहमंत्री) ,श्रीमती रिंकी पनिका (सह मीडिया प्रभारी) ,योगेश केवट (मन की बात प्रमुख) को संगठन की ओर से दायित्व सौंपे  गए हैं। इन सभी के नवनियुक्त होने पर गजेंद्र सिंह सिकरवार,  बृजमोहन सिंह गहरवार, डॉ. मदन त्रिपाठी,  डॉ. सुनील चौरसिया, यशवंत सिंह, के.एन.शर्मा,  राजेंद्र त्रिपाठी, सुरेश गौतम, राजेश कलसा, धर्मेंद्र सिंह,  राजू जायसवाल, डॉ. महेश चौहान, बृजेंद्र देवांगन, राकेश मिश्रा, जितेंद्र चौहान, रवि सिंह, श्याम सुंदर गौतम, देवनाथ त्रिपाठी, श्रीमती सुनीता सिंह, सुश्री कंचना मेहता, चंद्रशेखर द्विवेदी, प्रमोद शुक्ला, मनीष शुक्ला, दिनेश चतुर्वेदी, महेश जेठानी, तेज बहादुर कुशवाहा, सच्चिदानंद सिंह, श्रीमती संगीता माली,संजय वर्मा, सोनू कनौजिया, रवि शंकर शर्मा, संतोष जायसवाल, अजय सिंह, बृजेश कुशवाहा, समय पटेल, दिनेश मिश्रा, प्रेम नारायण चौधरी, रामप्रकाश गुप्ता, मूलचंद गुप्ता, ललन सिंह , कुंवर सिंह, शंकर सिंह , रामा केवट , राधेश्याम केवट, सुनील कावरे, भल्लू केवट, एवं सभी जेष्ठ कार्यकर्ताओं ने मंडल कार्यकारिणी गठन होने के पर नवनियुक्त पदाधिकारीयों को बधाई दी और  नवनियुक्त पदाधिकारियों  के उज्जवल भविष्य की कामना की। उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।




केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर के उन्नयन पर प्राचार्य का सम्मान 

अनूपपुर । केन्द्रीय विद्यालय संगठन जबलपुर के उपायुक्त दिग्गराज मीना द्वारा केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य को पत्र लिखकर उन्नयन की जानकारी देते हुए कक्षा 11 विज्ञान संकाय 2026-27शैक्षणिक सत्र में प्रारंभ करने की मंजूरी दी है।

अनूपपुर में कक्षा 10 तक ही केन्द्रीय विद्यालय संचालित था, इसके बाद की शिक्षा के लिए अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता था जिससे छात्रों और अभिभावकों को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों द्वारा लगातार विद्यालय के उन्नयन की मांग किया जा रहा था।

क्षेत्र के बच्चों को यहां वहां भटकना नहीं पड़ेगा अनूपपुर में ही शिक्षा ग्रहण करने की सुविधा उपलब्ध होने पर जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह, नगरपालिका परिषद अनूपपुर के पूर्व अध्यक्ष राम खेलावन राठौर और पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष जीवेन्द्र सिंह ने केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर में जाकर प्राचार्य डॉ देवेन्द्र कुमार तिवारी का शाल श्रीफल गुलदस्ता भेंट कर  मिठाई खिलाकर स्वागत और अभिनंदन कर धन्यवाद ज्ञापित किया।

केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के नवीन भवन निर्माण कार्य भी बहुत तीव्र गति से ग्राम मानपुर में चल रहा है शीघ्र ही विद्यालय स्वयं के नवीन भवन पर संचालित होगा जिससे छात्रों के लिए एडमिशन की सीटें बढ़ेंगी और अधिक से अधिक छात्र लाभान्वित होंगे।

केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के उन्नयन से पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण निर्मित है कलेक्टर महोदय अनूपपुर और केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य महोदय का स्थानीय अभिभावकों ने आभार व्यक्त किया है।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget