केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर के उन्नयन पर प्राचार्य का सम्मान
अनूपपुर । केन्द्रीय विद्यालय संगठन जबलपुर के उपायुक्त दिग्गराज मीना द्वारा केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य को पत्र लिखकर उन्नयन की जानकारी देते हुए कक्षा 11 विज्ञान संकाय 2026-27शैक्षणिक सत्र में प्रारंभ करने की मंजूरी दी है।
अनूपपुर में कक्षा 10 तक ही केन्द्रीय विद्यालय संचालित था, इसके बाद की शिक्षा के लिए अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता था जिससे छात्रों और अभिभावकों को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों द्वारा लगातार विद्यालय के उन्नयन की मांग किया जा रहा था।
क्षेत्र के बच्चों को यहां वहां भटकना नहीं पड़ेगा अनूपपुर में ही शिक्षा ग्रहण करने की सुविधा उपलब्ध होने पर जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह, नगरपालिका परिषद अनूपपुर के पूर्व अध्यक्ष राम खेलावन राठौर और पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष जीवेन्द्र सिंह ने केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर में जाकर प्राचार्य डॉ देवेन्द्र कुमार तिवारी का शाल श्रीफल गुलदस्ता भेंट कर मिठाई खिलाकर स्वागत और अभिनंदन कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के नवीन भवन निर्माण कार्य भी बहुत तीव्र गति से ग्राम मानपुर में चल रहा है शीघ्र ही विद्यालय स्वयं के नवीन भवन पर संचालित होगा जिससे छात्रों के लिए एडमिशन की सीटें बढ़ेंगी और अधिक से अधिक छात्र लाभान्वित होंगे।
केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के उन्नयन से पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण निर्मित है कलेक्टर महोदय अनूपपुर और केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य महोदय का स्थानीय अभिभावकों ने आभार व्यक्त किया है।


