*आपरेशन सेफ क्लिक 2.0 के अंतर्गत 500 छात्र-छात्राओं की विशाल जागरूकता रैली का कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा आयोजन*


 

अनूपपुर । मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सायबर अपराधों की रोकथाम एवं जन जागरूकता हेतु सेफ क्लिंक 2.0 अभियान दिनांक 24 जून 2026 से 08 जुलाई 2026 तक सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रांत मुराब जी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  जगन्नाथ मरकाम जी एवं एसडीओपी  नवीन तिवारी जी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा सायबर अपराधों से बचाव के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आज मंगलवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के करीब 500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण के साथ कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा सायबर अपराधों से बचाव हेतु विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

उक्त कार्यक्रमो में टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के साथ सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द पनिका, आरक्षक प्रकाश तिवारी, अमित यादव एवं अर्जुन भदौरिया की टीम के द्वारा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के प्रभारी प्राचार्य  आर. के बाधवा, शिक्षकगण शिवनिवास तिवारी, रमाकांत द्विवेदी, प्रशांत पाण्डेय कैलाश लाढिया , तबसुम, स्वेता, अर्चना मिश्रा, प्रियंका सिंह, हेतराम साहू के साथ करीब 500 छात्र -छात्राओं के साथ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से शंकर मंदिर तिराहा होते हुए अमरकंटक तिराहा और वापसी विद्यालय तक करीब दो किलोमीटर पैदल रैली का आयोजन किया गया। रैली के आयोजन में सायबर अपराओं से बचने हेतु फ्लैक्स एवं तख्तियों के साथ छात्र -छात्राओ ने अपनी सहभागिता दी। उक्त रैली में छात्र छात्राओं के द्वारा हाथ में लिये तख्तियों और नारो से संदेश दिया गया कि 

 *अंजान लिंक पर क्लिक नहीं-सायबर ठगी को मौका नही,*

 *सायबर सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी,*

 *मजबूत पासवर्ड अपनाये - सायबर हमलों को दूर भगायें,*

 *ओटीपी पिन और पासवर्ड साझा किया तो मिलेगा दर्द* 

 *लालच में ना आये सायबर ठगी से खुद को बचाये* 

 *अजनबी काल और फर्जी संदेश से रहे सावधान,*

 *रुके सोंचें सत्यापित करें फिर क्लिक करें* 

 *ना करें जल्दबाजी हर आनलाईन लेन देन पर बरते समझदारी* 

 *सेफ क्लिक अपनायें अपनी कमाई बचायें,*

 *सुरक्षित क्लिक सुरक्षित भविष्य*

 रैली के आयोजन में कोतवाली पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता की अपील की ।



 *कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने 3.83 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ ड्रग स्मगलर को किया गिरफ्तार* 

अनूपपुर । पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रान्त मुराब  ( भारतीय पुलिस सेवा ) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग स्मगलर को अवैध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।

रविवार रात्रि थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम, जिसमें उपनिरीक्षक त्रिलोक सिंह बालरे, प्रधान आरक्षक रीतेश सिंह, प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव एवं आरक्षक प्रकाश तिवारी शामिल थे, द्वारा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पॉलीटेक्निक कॉलेज रोड, अनूपपुर में घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान शिव तिवारी उर्फ शिवम, पिता शिवशंकर तिवारी, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-02, नई सब्जी मंडी, पटौराटोला, अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.83 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹78,000 है, बरामद कर जप्त किया गया।

इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध धारा 8/21, नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टेन्सेस (NDPS) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपी से बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार आरोपी शिव तिवारी के विरुद्ध थाना कोतवाली अनूपपुर में पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

अनूपपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

 *जंगल का विकास या शहर का वनवास?

बीरेंद्र सिंह (अनूपपुर)


कभी गांव और शहर के लोग जंगल घूमने जाते थे, आज जंगल के निवासी गांव और शहर का भ्रमण करने निकल पड़े हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि इंसान पिकनिक मनाने जाता है और हाथी-बंदर "राशन-पानी" की तलाश में।

आज गांव हो या शहर, हर तरफ एक ही चर्चा है—"हाथी आ गए...", "बंदरों ने हमला कर दिया...", "फसल चौपट हो गई...", "छत पर रखे फल गायब हो गए..."। वन विभाग की गाड़ियां दौड़ती हैं, प्रशासन बैठकें करता है, मुआवजे की फाइलें खुलती हैं और अखबारों में सुर्खियां बनती हैं। कुछ दिन बाद सब कुछ सामान्य हो जाता है, फिर वही हाथी, वही बंदर और वही परेशान जनता।

ऐसा लगता है कि हाथियों और बंदरों ने भी अब अपना स्थायी पता बदल लिया है। जंगल में उनका आधार कार्ड शायद निष्क्रिय हो गया है और गांव-शहर उनका नया निवास बन चुका है।

सरकार हर साल करोड़ों रुपये मुआवजे के रूप में खर्च करती है। किसी की फसल नष्ट हुई, किसी का मकान टूटा, किसी की दुकान उजड़ी, किसी की जान चली गई। मुआवजे की घोषणा होती है, कागज बनते हैं, जांच होती है और महीनों बाद कुछ राशि मिलती है। लेकिन किसी ने यह नहीं पूछा कि आखिर हाथी और बंदर जंगल छोड़कर बाहर क्यों आ रहे हैं?

जंगल के जानवरों ने शायद अपनी भाषा में वन विभाग को आवेदन लिखा होगा—"मान्यवर, जंगल में खाने को कुछ नहीं बचा। फलदार पेड़ कट गए, प्राकृतिक भोजन समाप्त हो गया। इसलिए मजबूरी में गांव की ओर आना पड़ रहा है। कृपया हमें अपराधी न समझें, हम केवल भूखे हैं।"

यदि यह आवेदन सचमुच लिखा जाता, तो शायद फाइल किसी अलमारी में धूल खा रही होती।

विडंबना देखिए, जंगल में पौधे लगाए जाते हैं, लेकिन ऐसे जिनसे न हाथी का पेट भरता है, न बंदर का। फलदार वृक्षों की जगह सजावटी पौधों की संख्या बढ़ती जाती है। फिर आश्चर्य व्यक्त किया जाता है कि जानवर गांव क्यों आ रहे हैं!

लगता है योजना बनाने वालों ने यह मान लिया है कि हाथी भी अब बिस्कुट खाएगा और बंदर ऑनलाइन फल मंगवाएगा।

वन विभाग की पूरी ताकत हाथियों को गांव से भगाने में लग जाती है, लेकिन उन्हें जंगल में रोकने की स्थायी व्यवस्था पर कम ध्यान दिखाई देता है। यह वैसा ही है जैसे घर में भोजन न बनाकर रोज़ भूखे बच्चें को पड़ोसी के घर जाने से रोका जाए।

अगर जंगल में आम, जामुन, कटहल, बेल, बरगद, पीपल, गूलर, महुआ और अन्य फलदार वृक्षों का बड़े पैमाने पर रोपण किया जाए, तो हाथियों और बंदरों को भोजन के लिए गांव-शहर की ओर भटकना ही क्यों पड़े?

सवाल यह नहीं कि हाथी गांव में क्यों आया। असली सवाल यह है कि जंगल में ऐसा क्या नहीं बचा, जिसने उसे गांव आने पर मजबूर कर दिया।

आज आवश्यकता केवल मुआवजा बांटने की नहीं, बल्कि जंगल को फिर से समृद्ध बनाने की है। जब जंगल में भोजन होगा, पानी होगा और प्राकृतिक आवास सुरक्षित होगा, तब हाथी भी वहीं रहेगा, बंदर भी वहीं रहेगा और गांव-शहर के लोग भी चैन की सांस लेंगे।

अन्यथा आने वाले समय में स्थिति ऐसी भी हो सकती है कि जंगल के प्रवेश द्वार पर बोर्ड लगा हो—"यहां कभी हाथी और बंदर रहते थे। वर्तमान पता—निकटतम गांव एवं शहर।"

व्यंग्य अपनी जगह है, लेकिन सच्चाई यही है कि यदि जंगल बचेंगे, तभी जंगल के जीव बचेंगे और तभी गांव-शहर भी सुरक्षित रहेंगे। समाधान जानवरों को दोषी ठहराने में नहीं, बल्कि उनके प्राकृतिक घर को फिर से समृद्ध बनाने में है।


 *रामपुर बटुरा कोयला खदान के जय अम्बे कम्पनी के आफिस में देशी कट्टे से फायर कर हत्या के प्रयास का मुख्य आरोपी कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा नासिक (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार


अनूपपुर । पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रान्त मुराब (भारतीय पुलिस सेवा) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी अनूपपुर  नवीन तिवारी के मार्ग दर्शन में थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा एस.ई.सी.एल की रामपुर बटुरा ओपन कोल माइन्स के जय अम्बे प्रायवेट लिमिटेड के ग्राम खांडा स्थित कार्यालय में दिनांक 07.06.2026 को दोपहर करीब 03 बजे पहुंचकर देशी कट्टा से फायर कर हत्या के प्रयास के मुख्य आरोपी  राम विश्वकर्मा निवासी ग्राम रामपुर थाना अमलाई जिला शहडोल को नासिक (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 07.06.2026 को जय अम्बे इंडस्ट्रीज प्रायवेट लिमिटेड में काम करने वाले टाईम कीपर अमन सिंह क्षत्रीय पिता लल्लू सिंह सोलंकी उम्र करीब 22 वर्ष निवासी ग्राम लमकना थाना बडवारा जिला कटनी के द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई की दिनांक 07.06.2026 को दोपहर करीब 03 बजे ग्राम खांडा में कंपनी के कार्यालय में सहकर्मचारी रोहित तिवारी, मनमोहन केवट, जीतेन्द्र प्रसाद, प्रभात कुशवाहा, कृष्णकांत पाण्डेय, पारस एवं अन्य के साथ आफिस का काम कर रहे थे तभी श्रीराम विश्वकर्मा अपने दो साथियों पप्पू विश्वकर्मा और मिथलेश विश्वकर्मा के साथ कार्यालय में घुस आया और बोलने लगा की तुम लोग हमारे 8-10 लोगों को काम पर नहीं रखते हों और इसी बात पर विवाद करते हुये मां बहन की गंदी गंदी गाली देते हुये श्रीराम विश्वकर्मा ने कमर के पास से देशी कट्टा निकाल कर जान से मारने के लिये फायर कर दिया तभी गार्ड पारस के द्वारा धक्का दिये जाने से गोली आफिस के फर्श की टाईल्स में जा धसी और तीनों व्यक्ति जान से मारने की धमकी देते हुये चले गये उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्र. 324/2026 धारा 109 (1), 296 (बी), 351(2), 331(7),333,3(5) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट पंजीबद्ध किया गया। उक्त प्रकरण की विवेचना में दिनांक 10.06.2026 को आरोपी पप्पू विश्वकर्मा पिता गोविन्द प्रसाद विश्वकर्मा उम्र करीब 40 वर्ष निवासी रामपुर थाना अमलाई जिला शहडोल एवं दिनांक 11.06.2026 को आरोपी मिथलेश चर्मकार पिता रामनरेश चर्मकार उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम रामपुर थाना अमलाई जिला शहडोल को गिरफ्तार किया जाने पर माननीय न्यायालय द्वारा जेल भेजा गया है। उक्त प्रकरण का मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा घटना बारदात के तुरन्त बाद फरार हो गया था जो कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की गई।

टी.आई कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयपुश लकडा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक शिवशंकर प्रजापति, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार (सायबर सेल), आरक्षक अमित यादव, आरक्षक पंकज मिश्रा (सायबर सेल) की टीम के द्वारा मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा पिता गोविन्द प्रसाद विश्वकर्मा उम्र 39 वर्ष निवासी ग्राम रामपुर थाना अमलाई जिला शहडोल को नासिक (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया जाकर आरोपी से बारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा जप्त किया गया है । पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रान्त मुराब द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर की उक्त टीम को देशी कट्टा से फायर कर हत्या के प्रयास मुख्य आरोपी को नासिक (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार करने के लिये पुरुस्कृत करने की घोषणा की गई है।


 *भाविप विवेकानंद शाखा ने बांटी अध्ययन सामग्री*मनाया सेवा पखवाड़ा
*

शहडोल । भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानंद शाखा ने पुराने बस स्टैंड के पीछे की सेवा बस्ती में रहने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री का वितरण किया ।   परिषद अपने संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश जी के जन्मदिन 27 जून से स्थापना दिवस 10 जुलाई तक सेवा पखवाड़ा का आयोजन कर रहा है। जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार के सेवा के कार्य किये जा रहे हैं। पखवाड़ा  के शुरुआत में परिषद के सदस्यों के द्वारा अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया है , जो बच्चों को पढ़ाई में मदद करेगा।  कार्यक्रम की शुरुआत में परिषद की महिला सदस्यों ने बस्ती की उपस्थित महिलाओं से चर्चा कर उनकी  आवश्यकताओं को जाना तथा उन्हें शिक्षा का महत्व बताया। सेवा पखवाड़ा में आने वाले दिनों में स्वास्थ्य शिविर, वृहद वृक्षारोपण,  रक्तदान शिविर आदि का आयोजन भी किया जाएगा । 

आज के आयोजन में परिषद के रीजनल संयोजक (संपर्क) एसएस जौहरी, अध्यक्ष मनीष गुप्ता, सचिव नीति सिंघल, कोषाध्यक्ष  अशोक मोर, संरक्षक रवि नेमा, डॉ दीपक कुशवाहा, प्रमोद सोनी, श्रीजा गुप्ता, 

डॉ ओपी चौधरी, भारती गुप्ता, ममता नेमा, श्रीलेखा जौहरी, हिमांशु सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहें।

 तुलसी महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प


अनूपपुर । 25 जून 2026 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की शक्ति है और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्ति का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। 

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जे.के. संत सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

 भारत विकास परिषद शाखा छतरपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भारी संख्या में योग कराया


 योग स्वस्थ जीवन का आधार - कमल अग्रवाल  

छतरपुर । भारत विकास परिषद शाखा छतरपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छतरपुर शाखा द्वारा सदस्यों ने भारी संख्या में विंध्य प्रांत के उपाध्यक्ष योगी कमल अग्रवाल द्वारा योग कराया गया । योग करते समय उन्होंने कहा स्वस्थ जीवन का आधार योग है । स्वस्थ रहने के लिए बच्चों से बुजुर्ग तक प्रतिदिन योग करना चाहिए जिससे सभी स्वस्थ रह सके। तथा साथ में शाकाहारी भोजन फल दूध ले, मांस मछली अंडा शराब बीड़ी सिगरेट ना पिए , तथा गुटखा ना खाएं  तभी योग सफल होगा एवं सभी स्वस्थ रहेंगे इस योग दिवस  पर विंध्य प्रांत के महामंत्री आलोक टिकरया ,शाखा अध्यक्ष अनुपम टिकरया, सचिव उमेश लालवानी, कोषाध्यक्ष पूरन लाल गुप्ता ,लल्ला जगत सिंह, डॉक्टर एस के चौरसिया, एम डी, राजेंद्र अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल , रघुनाथ शर्मा, दीपक खरे, प्रकाश जैन,  विनोद गुप्ता, स्वतंत्र शर्मा, राजीव रसिया ,अशोक रसिया ,जगदीश टिकरया सहित शाखा के अनेक सदस्य मातृशक्ति बच्चों सहित उपस्थित रहें कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget