दो दिवसीय श्री अन्न मिलेट्स एवं कृषि विज्ञान सह मेला प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ
कृषि तकनीक की दी गई जानकारी, किया गया कृषि यंत्रों का जीवंत प्रदर्शन
अनूपपुर। 07 मार्च 2024 आत्मा परियोजना अंतर्गत अन्न मिलेट्स एवं कृषि विज्ञान सह मेला प्रदर्शनी का आयोजन कृषि कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के नवीन कार्यालय डाइट भवन के पास अनूपपुर में आयोजित किया गया। दो दिवसीय कृषि विज्ञान सह मेला प्रदर्शनी शुभारंभ जिला पंचायत अनूपपुर की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अनूपपुर की अध्यक्ष श्रीमती अंजुलिका सिंह, आत्मा गवर्निंग बोर्ड की सदस्य श्रीमती रश्मि खरे, पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. ए.पी. पटेल, सहायक संचालक उद्यान सुभाष चंद्र श्रीवास्तव सहित कृषक एवं गणमान्य नागरिक, कृषि, उद्यानिकी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन कौशलेंद्र सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा गोबर खाद के फसलों के प्रयोग तथा किसानों को कम खर्च पर फसलों के उत्पादन को बढ़ाने तथा अन्य तकनीकी जानकारी दी गई। इस अवसर पर अन्न मिलेट्स (मोटे अनाज) व कोदो कुटकी का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में कृषि से जुड़ी़ उन्नत गतिविधियों, प्राकृतिक खेती एवं कृषि यंत्रों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों द्वारा कृषि तकनीक की जानकारी देते हुए कृषकों की समस्याओं का समाधान किया गया। प्रदर्शनी के अवसर पर मिट्टी नमूना के परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
8 मार्च को भी आयोजित होगा कृषि विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी
उप संचालक कृषि एन.डी. गुप्ता ने बताया है कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) परियोजना अंतर्गत जिला स्तरीय अन्न एवं कृषि विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन 8 मार्च को भी किया जाएगा।