विकसित भारत की राह पर नरेन्द्र मोदी सरकार -हिमाद्री सिंह सांसद
अनूपपुर । देश और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी की सरकार के 11 वर्ष पूरे हो रहे हैं। मुझे खुशी है कि मैंने पिछले सालों में सांसद के रूप में उनके साथ कार्य करने का अनुभव प्राप्त किया है। मोदी सरकार में देश के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। अहर्निश जनसेवा का जो माद्दा मोदी जी में है वो अद्वितीय है।
मैंने बचपन में सुना था की देश में खाद्यान्न का संकट होने पर अमेरिका से लाल ज्वार का आयात किया गया था और देश में भूख से मरने की घटनाएं आम बात हुआ करती थी। आज देश कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुका है। भोजन और जल को नैसर्गिक अवश्यकता मानते हुए मोदी सरकार ने खाद्य सुरक्षा क़ानून बनाया और वंचित और ग़रीब वर्ग को मुफ्त अनाज उपलब्ध करवाया है।
आधी आबादी के सम्मान को ध्यान में रखा गया। महिलाओं को दैनिक जरूरतों के लिए किसी के सामने हांथ ना फैलाना पड़े इसलिए लाडली बहन योजना के तहत हर महीने उनके खाते में निश्चित राशि ट्रांसफर करने का काम भाजपा सरकार ने किया।
सबको आवास मिले ये मोदी सरकार का लक्ष्य है। इसलिए पक्के मकान निर्माण हेतु राशि की व्यवस्था प्रधान मंत्री आवास योजना में की गई।
ये सब कल्याणकारी काम करते हुए भी मोदी सरकार ने देश की अर्थ व्यवस्था को कमजोर नहीं होने दिया। हमारा देश 5 ट्रिलियन इकॉनमी की की तरफ़ बढ़ रहा है। 2014 में भारत में आर्थिक विकास की दर सबसे कम अर्थात् 4.7%. थी वही आज 6.2% के साथ सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थ अर्थव्यवस्था है। हमने अमेरिका चीन और जर्मनी के बाद विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थ शक्ति होने का गौरव हासिल किया हैं हमने जापान को भी पीछे छोड़ दिया है। और प्रधानमंत्री जी का लक्ष्य है की हम जल्दी ही दुनिया की तीसरी अर्थ व्यवस्था बन जाएंगे।
तकनीक और प्रौद्योगिकी में अब हम आगे बढ़ रहे है। चंद्रमा और मंगल ग्रह तक हमारी पहुंच हो रही है। परम्परागत व्यवसाय में तकनीकी सहायता का अद्भुत प्रयोग किया गया है। अब देश में कंप्यूटर मशीन और मोबाइल बनाने का विश्वस्तरीय ढांचा भी तैयार हो गया है। आबादी को बोझ ना मानते हुए सरकार ने इसे जनशक्ति के रूप में विकसित करते हुए इसके समुचित नियोजन की योजना बनायी है। स्वरोजगार के लिए सरकार की अनेक योजनाएं हैं। मुद्रा लोन, जन मन योजना, जन धन योजना, विश्वकर्मा योजना ने समाज के बहुत बड़े वर्ग को संबल प्रदान किया है. आयुष्मान कार्ड से बड़े अस्पतालों में इलाज करवाना आम आदमी के लिए आसान हुआ है। दूसरी ओर मेडिकल कॉलेजों की संख्या में वृद्धि की गई है। मोदी सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र में आत्म निर्भर भारत का निर्माण करना है। रेल और सड़क का नेटवर्क भारत के हर क्षेत्र में बढ़ता हुआ दिख रहा है।
अब हमारे यहां विश्व स्तरीय सड़के और रेल उपलब्ध हैं साथ हवाई अड्डे और हवाई सुविधाओं में कई गुना की वृद्धि हुई है। क़ानून व्यवस्था को मज़बूत और भरोसेमंद बनाना आवश्यक था इसलिए देश में वर्षों पुराने कानूनों को बदल कर भारतीय न्याय संहिता लागू की गई जो समीचीन और समसामयिक है।
मोदी सरकार जनता की सरकार है, जनसेवा और देश सेवा का लक्ष्य रखा गया है। हमारी सरकार सुझावों और सलाहों का स्वागत करती है। नए उद्यमियों और नए विचारो के लिए द्वार खुले रखे गए हैं। शासन में लेटरल एंट्री से योग्य और अनुभवी लोगों को शामिल करने के रास्ते बनाये गए हैं।
हम आत्मनिर्भर, विकसित शक्तिशाली और समर्थ भारत की राह पर तेजी से चल रहे हैं।
( लेखिका लोकसभा की सदस्य हैं और ये उनके निजी विचार हैं )