भारत ज्योति विद्यालय में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम, जिला न्यायाधीश जी ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अनूपपुर। 0 8 जुलाई 2026 पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारत ज्योति विद्यालय में बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला न्यायाधीश कृष्णा डागलिया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेश पटेल जी उपस्थित रहें।
कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर एलेक्जेंडर, उप-प्रधानाचार्या सिस्टर जिसमारिया तथा शिक्षिका शब्द अधारी राठौर ,मोतशी दास और आशुतोष मिश्रा के सहयोग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नीम, आंवला, गुलमोहर, मीठी नीम, बेल, जामुन, आम, अशोक, कटहल, सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश कृष्णा डागलिया ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधें लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए, क्योंकि वृक्ष ही स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।
विशिष्ट अतिथि जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेश पटेल जी ने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकगण ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार से भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाएं रखने के लिए निरंतर पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।












