12 सितंबर राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार
अनूपपुर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। यह जन जागरूकता अभियान प्रधान न्यायाधीश माया विश्वालाल, न्यायाधीश कृष्णा डागलिया जी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रविंद्र सोनी जी एवं बृजेश पटेल जी के नेतृत्व में चलाया गया।
आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए बताया गया कि लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का आपसी समझौते एवं सहमति के आधार पर सरलता और शीघ्रता से निराकरण किया जाता है। इनमें मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, पारिवारिक प्रकरण, श्रम प्रकरण, विद्युत चोरी से संबंधित प्रकरण तथा बैंक, नगर पालिका एवं अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल हैं।
लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों के बीच आपसी सद्भाव बढ़ता है, शत्रुता समाप्त होती है तथा समय और धन की बचत होती है। न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निराकरण कराया जा सकता है। सिविल मामलों के निराकरण पर नियमानुसार न्यायालय शुल्क की वापसी का भी प्रावधान है।
जन जागरूकता अभियान के दौरान विधिक स्वयंसेवक शब्द अधारी के द्वारा अनूपपुर के विभिन्न स्थानों, पीआर टी कॉलेज, तुलसी कॉलेज, इंदिरा चौक, जिला चिकित्सालय, बस्ती रोड, शंकर मंदिर एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने लंबित प्रकरणों का आपसी समझौते के माध्यम से निराकरण करवाने के लिए प्रेरित किया गया।
आमजन से विधिक स्वयंसेवक शब्द अधारी द्वारा अपील की गई कि वे 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सहमति से अपने प्रकरणों का निराकरण करवाएं और लोक अदालत के माध्यम से सरल, सुलभ एवं शीघ्र न्याय का लाभ प्राप्त करें।

