*भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव को लेकर इस्कॉन अनूपपुर में बैठक संपन्नnarmadanewstimes. in
*भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव को लेकर इस्कॉन अनूपपुर में बैठक संपन्न*
अनूपपुर। भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा के आयोजन को लेकर इस्कॉन अनूपपुर केंद्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रीमान प्रेमावतार दास जी ने की। बैठक में श्रीमान पवित्र कृष्ण दास जी सहित स्थानीय भक्तगण एवं रथयात्रा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को आयोजित की जाएगी। रथयात्रा दोपहर 2:00 बजे शिव मारुति मंदिर, सामतपुर से प्रारंभ होकर पीएचई ऑफिस, अंडर ब्रिज, अमरकंटक तिराहा एवं पीआर टी कॉलेज मार्ग से होते हुए उत्कृष्ट विद्यालय मैदान, अनूपपुर में संपन्न होगी।
रथयात्रा के दौरान भक्तों द्वारा उत्साहपूर्वक हरिनाम संकीर्तन, नृत्य, वनवासी सांस्कृतिक नृत्य तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा। नगर के विभिन्न स्थानों पर भगवान जगन्नाथ एवं भक्तों के स्वागत के लिए आकर्षक स्वागत द्वार भी स्थापित किए जाएंगे।
रथयात्रा के समापन स्थल उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग (56 भोग) अर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही जगन्नाथ कथा, महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तों के लिए भगवान जगन्नाथ के महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था भी रहेगी।
बैठक में उपस्थित भक्तों ने रथयात्रा महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्धारण किया।
इस्कॉन अनूपपुर केंद्र ने समस्त नगरवासियों, श्रद्धालुओं एवं भगवत्प्रेमी भक्तों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार एवं मित्रों सहित इस दिव्य रथयात्रा महोत्सव में सहभागी बनें तथा भगवान जगन्नाथ की कृपा और आध्यात्मिक आनंद का लाभ प्राप्त करें।








