*तुलसी कॉलेज में IIT नई दिल्ली के सहयोग से AI एवं Fintech प्रशिक्षण, 8 सितंबर को प्रवेश परीक्षा*


 

अनूपपुर । 05 सितंबर 2026  प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी एवं रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना, उच्च शिक्षा भोपाल के अंतर्गत IIT नई दिल्ली के सहयोग से AI एवं Fintech सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए 8 सितंबर 2026 को दोपहर 12 से 1 बजे तक प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।

प्रवेश परीक्षा में स्नातक तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष तथा स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। परीक्षा में सामान्य अभिक्षमता, गणितीय अभिक्षमता, तकनीकी अभिक्षमता, उभरती तकनीक, रचनात्मकता एवं नवाचार तथा संचार एवं सहयोग से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रवेश परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को AI एवं Fintech सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश का अवसर मिलेगा।

कोर्स सफलता पूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को IIT नई दिल्ली द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिनटेक और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में आवश्यक कौशल एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक ने पात्र विद्यार्थियों से प्रवेश परीक्षा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाने की अपील  की  है।

 भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की गरिमा एवं भक्तिपूर्ण आयोजन श्रद्धा और उल्लास पूर्वक शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में सम्पन्न हुई




 

अनूपपुर । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेन्स शासकीय तुलसी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सक्सेना के निर्देशन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन भक्ति-भाव, श्रद्धा और उल्लास पूर्वक सम्पन्न हुई ।  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे अन्तर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन] अनूपपुर के पूज्यपाद स्वामी पवित्र कृष्ण चंद्र प्रभु जी विशिष्ट अतिथि गीता प्रतिष्ठानम्  जिला प्रमुख  दीपक त्रिपाठी जी एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ जे.के.सन्त विभागाध्यक्ष राजनीति शास्त्र ने किया । कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीकृष्ण जी एवं मां सरस्वती जी के प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ ।  दीपक त्रिपाठी जी ने स्वास्ति वाचन कर विश्वकल्याण हेतु प्रार्थना की  इस्कॉन अनूपपुर से पधारे पूज्यपाद् स्वामी पवित्र कृष्ण चंद्र प्रभु जी , सच्चिदानंद जी,  प्रशांत पाण्डेय जी,  गौरांग जी एवं  अक्षत जी के द्वारा प्रस्तुत श्री हरिनाम कीर्तन से समूचा सदन श्रीकृष्ण भक्तिमय हो गया । अपने उद्बोधन में पूज्यपाद् स्वामी पवित्र कृष्ण चंद्र प्रभु जी भगवान श्रीकृष्ण जी की महिमा वर्णन, श्रीमद्भागवत की प्रासंगिकता और उन्हें समस्त सृष्टि के नियामक और संचालक के रुप रुप में उनकी भक्ति को मोक्ष प्राप्ति का सुगम मार्ग बताया ।  प्रशांत पाण्डेय जी और  दीपक त्रिपाठी जी ने अपने विद्वतापूर्ण उद्बोधन में श्रीकृष्ण संकीर्तन की महिमा और उनके 64 कलाओं और 14 विद्या के सम्यक व्याख्या प्रस्तुत की । अखिल भारतीय साहित्य परिषद की कवियित्री श्रीमती आकांक्षा शुक्ला ने अपने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति कर सबका मन मोह लिया । डॉ. जे.के.सन्त, विभागाध्यक्ष राजनीति शास्त्र ने श्रीमद्भगवद्गीता पर प्रकाश डालते हुए उसकी प्रासंगिकता और महत्व को प्रतिपादित किया । कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए डॉ. नीरज श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष हिन्दी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति मार्ग का अनुसरण करते हुए हम जन्म एवं मृत्यु से मुक्ति पाकर मोक्ष की प्राप्ति कर अपना मानव जीवन कृतार्थ कर सकते हैं । कार्यक्रम के अन्त में डॉ- ज्ञान प्रकाश पाण्डेय- जिला संगठक एन.एस.जी ने आभार प्रदर्षन कर धन्यवाद ज्ञापित किया । इस अवसर पर डॉ- प्रीति सागर मलैया, डॉ ब्रजेन्द्र सिंह, डॉ तरन्नुम शरबत, डॉ श्रद्धा चौरसिया, डॉ राकेश सिंह, डॉ. राजेश्वरी तिवारी, डॉ तुलसी रानी पटेल, डॉ विद्या पुसाम,  अंजली कहार सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही ।

 उमर गोहान मिडिल स्कूल में बच्चों के अनुकूल विधिक साक्षरता शिविर आयोजित



अनूपपुर । 31 अगस्त 2026 मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्व लाल के मार्गदर्शन में ग्राम उमर गोहान स्थित मिडिल स्कूल में विद्यार्थियों के लिए मैत्रीपूर्ण एवं जागरूकता आधारित विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर  रावेन्द्र कुमार सोनी जी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम, बच्चों की सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण अथवा अन्याय की स्थिति में बच्चें उचित माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

 सोनी जी ने विद्यार्थियों को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं शिक्षा सहित विभिन्न मौलिक अधिकार प्राप्त हैं। साथ ही संविधान, राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान करना, पर्यावरण की रक्षा करना, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाएं रखना प्रत्येक नागरिक का मौलिक कर्तव्य है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अन्य बच्चों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

 शासकीय तुलसी महाविद्यालय में CMCLDP के नवीन सत्र का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ


पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया गया पौधारोपण 

अनूपपुर । मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) के तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) के सत्र 2026-27 का शुभारंभ एवं नवागत व पूर्व छात्र सम्मेलन शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुई। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत अतिथियों और छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में फलदार व छायादार पौधें रोपे। इसके साथ ही कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित सभी जनों को सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

विशिष्ट अतिथियों की रही मौजूदगी 

समारोह में मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजुलिका शैलेंद्र सिंह के प्रतिनिधि  शैलेंद्र सिंह जी  उपस्थित रहें। उनके साथ तुलसी महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. जे.के. संत, विभागाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव तथा पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष  शिवरतन वर्मा मंचासीन रहे।

सामुदायिक नेतृत्व से होगा सकारात्मक बदलाव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि CMCLDP पाठ्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास कर उन्हें समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए तैयार करता है। इस अवसर पर नवागत विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और पूर्व छात्रों ने अपने जमीनी अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के परामर्शदाता, लेखापाल सहित CMCLDP के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 भारत ज्योति विद्यालय में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित


सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों को दिया करियर निर्माण का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन

अनूपपुर। 21 अगस्त 2026 भारत ज्योति विद्यालय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सही करियर चयन के उद्देश्य से शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को विशेष करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों के साथ अपने बहुमूल्य ज्ञान, व्यावसायिक अनुभव एवं उपयोगी मार्गदर्शन को साझा किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर जी द्वारा मुख्य वक्ता सी.ए. भौमिक के. राठौर जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने उनका स्वागत करते हुए विद्यालय में पधारने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, आवश्यक योग्यताओं, उच्च शिक्षा की संभावनाओं तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप सही करियर का चुनाव करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने व्यावसायिक अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति स्पष्टता, अनुशासन, आत्मविश्वास, समय का सदुपयोग और निरंतर मेहनत आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए करियर से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका सी.ए. भौमिक के. राठौर जी ने सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर जी ने कहा कि विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के अनुभव और मार्गदर्शन से रूबरू कराने से उन्हें अपने भविष्य के लिए सही निर्णय लेने में सहायता मिलती है। उन्होंने सी.ए. भौमिक के. राठौर जी के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को उनके मार्गदर्शन का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें अपने करियर की दिशा समझने में सहायता करता है।

कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी रहा। विद्यालय परिवार ने सी.ए. भौमिक के. राठौर जी के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की तथा आशा व्यक्त की कि उनका बहुमूल्य मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

 गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती, श्रद्धा और उल्लास पूर्वक तुलसी महाविद्यालय में मनाई गई


अनूपपुर । हिंदी विभाग प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में प्राचार्य, डॉक्टर अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती का आयोजन, अत्यंत उल्लास पूर्वक भक्ति भाव से किया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे डॉ. जे.के. संत, विभाग अध्यक्ष राजनीतिक शास्त्र, विशिष्ट अतिथि डॉ राधा सिंह विभाग अध्यक्ष , वनस्पति विज्ञान और कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ नीरज श्रीवास्तव विभाग अध्यक्ष हिंदी ने किया ।

कार्यक्रम के आरंभ में गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप- प्रज्वलन उनका, पूजन -अर्चन और माल्यार्पण से किया गया। डॉ जे.के.संत ने गोस्वामी तुलसीदास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारतीय सनातन संस्कृति का महान रचनाकार एवं युगदृष्टा बताया । साथ ही उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी के पद का अत्यंत मनोहारी गायन भी किया । गोस्वामी तुलसीदास जी की रचनाओं और श्री रामचरितमानस की प्रासंगिकता पर अपना उद्बोधन डॉक्टर राधा सिंह ने प्रस्तुत किया । डॉ नीरज श्रीवास्तव , विभाग अध्यक्ष हिंदी ने गोस्वामी तुलसीदास जी को महान रचनाकार, भक्त कवि और भारतीय सनातन संस्कृति और मूल्यों को संस्थापित करने वाले महान कवि के रूप में निरूपित किया । गोस्वामी तुलसीदास जी की अमर कृति श्री रामचरितमानस पर विस्तार पूर्वक  प्रकाश डाला ।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. योगेश तिवारी ने किया ।

इस गरिमा पूर्ण आयोजन में डॉ. विनोद कोल,डॉ. आकांक्षा राठौर, डॉ. तरन्नुम शरबत, डॉ दीपक गुप्ता, डॉ.पूनम धाड़े, डॉक्टर तुलसी रानी पटेल सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही ।

 18 स्वीकृत पद, सिर्फ 4 कर्मचारी ,12 रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा चार कर्मचारियों के भरोसे


अपराध नियंत्रण के बड़े दायित्व के बीच जीआर पी अनूपपुर चौकी में भारी बल की कमी, पद बढ़ाने की उठी मांग

अनूपपुर। अनूपपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन स्थित जीआर पी चौकी में स्वीकृत बल की तुलना में बेहद कम कर्मचारियों की पदस्थापना के कारण रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार चौकी के लिए कुल 18 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में मात्र 4 कर्मचारी ही पदस्थ हैं। ऐसे में करीब 18 स्वीकृत पदों की जिम्मेदारी महज चार कर्मचारियों के कंधों पर आ गई है।

जीआर पी चौकी में एक चौकी प्रभारी का पद स्वीकृत है और उस पर एक अधिकारी पदस्थ है। एक ए एसआई का पद स्वीकृत है और उस पर भी एक कर्मचारी पदस्थ है। वहीं चार स्वीकृत प्रधान आरक्षक पदों में एक भी प्रधान आरक्षक पदस्थ नहीं है। इसी प्रकार 12 स्वीकृत आरक्षक पदों में से मात्र दो आरक्षक ही वर्तमान में पदस्थ बताएं जा रहे हैं। इस तरह कुल 18 स्वीकृत पदों के मुकाबले सिर्फ चार कर्मचारियों से चौकी का संचालन किया जा रहा है।

12 रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा का जिम्मा

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि इन चार कर्मचारियों के जिम्में केवल अनूपपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा नहीं, बल्कि लगभग 12 रेलवे स्टेशनों के विस्तृत क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, गश्त, शिकायतों पर कार्रवाई, अपराध पंजीबद्ध करने, विवेचना तथा कानून-व्यवस्था बनाएं रखने जैसे महत्वपूर्ण दायित्व हैं।

जीआर पी चौकी अनूपपुर के कार्यक्षेत्र में बिजुरी, कोतमा, हरद, मौहरी, वेंकटनगर, छुलहा, जैतहरी, निगौरा, धुरवासिन, बैहाटोला, अनूपपुर तथा शहडोल जिले की सीमा से पहले अमलाई रेलवे स्टेशन सहित विस्तृत रेलवे क्षेत्र आता है। यह क्षेत्र एक ओर छत्तीसगढ़ की सीमा से जुड़ा है, वहीं दूसरी ओर शहडोल जिले की सीमा तक फैला हुआ है।

रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, चोरी, मारपीट, महिला एवं यात्री सुरक्षा से जुड़े मामले, दुर्घटनाएं, संदिग्ध गतिविधियां तथा अन्य रेल अपराधों की रोकथाम और मामलों की विवेचना का दायित्व जीआर पी पर होता है। ऐसे में इतने बड़े क्षेत्र को केवल चार कर्मचारियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से संभालना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

अपराध नियंत्रण या महज औपचारिकता?

बल की भारी कमी के बीच यह सवाल भी उठने लगा है कि जब स्वीकृत 18 पदों में से केवल चार कर्मचारी ही उपलब्ध हैं, तो इतने बड़े क्षेत्र में नियमित गश्त, अपराध की रोकथाम, घटनास्थल पर तत्काल पहुंच और मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध विवेचना किस प्रकार संभव हो पाएगी?

रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को महज प्रशासनिक कमी मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि किसी स्टेशन पर एक साथ अपराध, दुर्घटना या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई गंभीर घटना घटती है, तो सीमित बल के कारण तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है।

एसपी जीआर पी जबलपुर से बल बढ़ाने की मांग

स्थानीय स्तर पर अब मांग उठ रही है कि एसपी जीआर पी जबलपुर सहित वरिष्ठ रेलवे पुलिस अधिकारियों को अनूपपुर जीआर पी चौकी की वास्तविक स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए स्वीकृत पदों के अनुरूप पर्याप्त पुलिस बल की पदस्थापना करनी चाहिए।

रेलवे यात्रियों की सुरक्षा किसी भी स्थिति में केवल औपचारिक व्यवस्था बनकर नहीं रहनी चाहिए। अनूपपुर रेलवे स्टेशन सहित आसपास के सभी रेलवे स्टेशनों पर प्रभावी अपराध नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की तत्काल पदस्थापना आवश्यक है।

18 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल चार कर्मचारियों के भरोसे 12 रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था चलना स्वयं में गंभीर स्थिति है। अब देखना होगा कि जीआर पी के वरिष्ठ अधिकारी इस कमी को कब तक दूर करते हैं और रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget