शासकीय तुलसी महाविद्यालय में CMCLDP के नवीन सत्र का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया गया पौधारोपण
अनूपपुर । मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) के तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) के सत्र 2026-27 का शुभारंभ एवं नवागत व पूर्व छात्र सम्मेलन शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुई। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत अतिथियों और छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में फलदार व छायादार पौधें रोपे। इसके साथ ही कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित सभी जनों को सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
विशिष्ट अतिथियों की रही मौजूदगी
समारोह में मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजुलिका शैलेंद्र सिंह के प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह जी उपस्थित रहें। उनके साथ तुलसी महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. जे.के. संत, विभागाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव तथा पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष शिवरतन वर्मा मंचासीन रहे।
सामुदायिक नेतृत्व से होगा सकारात्मक बदलाव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि CMCLDP पाठ्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास कर उन्हें समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए तैयार करता है। इस अवसर पर नवागत विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और पूर्व छात्रों ने अपने जमीनी अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के परामर्शदाता, लेखापाल सहित CMCLDP के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

