उमर गोहान मिडिल स्कूल में बच्चों के अनुकूल विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
अनूपपुर । 31 अगस्त 2026 मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्व लाल के मार्गदर्शन में ग्राम उमर गोहान स्थित मिडिल स्कूल में विद्यार्थियों के लिए मैत्रीपूर्ण एवं जागरूकता आधारित विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर रावेन्द्र कुमार सोनी जी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम, बच्चों की सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण अथवा अन्याय की स्थिति में बच्चें उचित माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
सोनी जी ने विद्यार्थियों को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं शिक्षा सहित विभिन्न मौलिक अधिकार प्राप्त हैं। साथ ही संविधान, राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान करना, पर्यावरण की रक्षा करना, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाएं रखना प्रत्येक नागरिक का मौलिक कर्तव्य है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अन्य बच्चों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।


