भारत ज्योति विद्यालय में हर्षोल्लास,उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
अनूपपुर । 15 अगस्त 2026 भारत ज्योति विद्यालय, अनूपपुर में देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहें।
*भव्य ध्वजारोहण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चार्टर्ड अकाउंटेंट भौमिक कुमार राठौड़ जी, द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र कुमार राठौड़ जी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जी.अलेक्जेंडर एवं उप-प्रधानाचार्या सिस्टर जिस मारिया सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
*विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम*
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के महत्व को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
विशेष रूप से विद्यार्थियों ने नर्स, आर्किटेक्ट, इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, जज, सैनिक, शिक्षक एवं आर्मी ऑफिसर आदि की वेशभूषा धारण कर विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा करने वाले लोगों की भूमिका को दर्शाया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि प्रत्येक नागरिक अपने कार्य एवं जिम्मेदारियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष तथा आजादी के मूल्य को समझाया। उन्होंने यह संदेश भी दिया कि हमें अपनी स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी स्वतंत्रता का सुरक्षित एवं सार्थक रूप से आनंद ले सकें।
*मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह*
मुख्य अतिथि भौमिक के. राठौर जी ने अपने प्रेरणादाई संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए निरंतर मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सभी कार्यक्रमों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा को सराहनीय बताया।
*प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित*
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। विभिन्न कक्षाओं एवं गतिविधियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों का उत्साह और मनोबल बढ़ा।
*विद्यालय बैंड ने जीता प्रथम पुरस्कार*
इस अवसर पर विद्यालय के बैंड की उपलब्धि भी विशेष रूप से सराहनीय रही। भारत ज्योति विद्यालय का बैंड उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल ,अनूपपुर में आयोजित प्रतियोगिता में शामिल हुआ और प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। यह पुरस्कार कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल जी द्वारा प्रदान किया गया। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित सभी लोगों ने बैंड के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और देशभक्ति की भावना देखने को मिली। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने सभी के मन में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

