*सेवा संकल्प योजना 2026 के शुभारंभ पर दीपों से जगमगाया तुलसी महाविद्यालय परिसर
*
अनूपपुर। पी एम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में सेवा संकल्प योजना 2026 के शुभारंभ के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। योजना के शुभारंभ को उत्साहपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में मनाते हुए महाविद्यालय परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा परिसर में सुंदर एवं आकर्षक रंगोली बनाई गई। रंगोली के माध्यम से सेवा, समर्पण, सद्भाव एवं सकारात्मकता का संदेश प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय परिवार के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प योजना के सफल संचालन एवं समाज हित में किए जाने वाले कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना जी ने कहा कि सेवा केवल किसी व्यक्ति की सहायता करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें पूरी निष्ठा से निभाने की भावना है। विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में इस प्रकार की गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
महाविद्यालय परिसर में रोशनी, रंगोली और दीप प्रज्ज्वलन से उत्सव जैसा वातावरण निर्मित हुआ। महाविद्यालय परिवार ने सेवा संकल्प योजना 2026 के माध्यम से समाजोपयोगी एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक गण,अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

