प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस, शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर  और जन अभियान परिषद अनूपपुर के संयुक्त तत्वाधान  में जनजाति गौरव दिवस का गरिमा पूर्ण आयोजन संपन्न


अनूपपुर । प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य डॉक्टर अनिल सक्सेना के निर्देशन में

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं शासकीय तुलसी महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (CMCLDP) के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके विचारों, बलिदान एवं जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि  अमोल सिंह जी, विशिष्ट अतिथि  रामदास पुरी जी, जिला समन्वयक  उमेश पांडेय जी,  पवन छिब्बर जी, श्रीमती आकांक्षा जी तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे  नीरज श्रीवास्तव जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान CMCLDP की नियमित संपर्क कक्षाओं का सफल संचालन किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, सामाजिक चेतना एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।

मुख्य वक्ता  अमोल सिंह जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, त्याग और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है। आज के युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के विकास, शिक्षा, जागरूकता एवं सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि  रामदास पुरी जी ने जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपनी संस्कृति और पहचान को संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी जड़ों से जुड़े रहने तथा समाज के उत्थान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जिला समन्वयक  उमेश पांडेय जी ने CMCLDP कार्यक्रम की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों को केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए आगे आना चाहिए।

इसी क्रम में  पवन छिब्बर जी एवं श्रीमती आकांक्षा शुक्ला जी ने भी जनजातीय गौरव दिवस की महत्ता बताते हुए भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक एकता, शिक्षा एवं जन जागरूकता के कार्यों में योगदान देने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ.नीरज श्रीवास्तव विभाग अध्यक्ष हिंदी, ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना है। भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, समाज में एकता बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के अगले चरण में CMCLDP के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए "धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें", "जनजातीय गौरव हमारा अभिमान" एवं "जल, जंगल और जमीन की रक्षा हमारा सम्मान" जैसे नारों के माध्यम से जनजातीय गौरव एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर परामर्शदाता शारदा चौरसिया, शिवानी सिंह, सुश्री मुस्कान केवट सहित CMCLDP के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।


भू-माफियाओं को कानून का डर नहीं! बेदखली आदेश के बावजूद दबंगों का कब्जा बरकरार, न्याय के लिए दर-दर भटक रही सोना बाई नायक- पुषपराजगढ


पुष्पराजगढ़ के घाटा बैरागी का मामला: तहसील से एसडीएम न्यायालय तक जीती पीड़िता, फिर भी आदेश का पालन कराने में प्रशासन नाकाम?

अनूपपुर -ओंकार सिंह

अनूपपुर। जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम घाटा बैरागी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक तरफ शासन और प्रशासन महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा तथा महिलाओं को न्याय दिलाने के बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं दूसरी तरफ सोना बाई नायक जैसी पीड़िता को अपने ही खरीदे हुए मकान और जमीन के मामले में न्यायालयीन आदेश के बावजूद न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी एवं पीड़िता के आरोपों के अनुसार, सोना बाई नायक ने जमीन खरीदकर अपना मकान बनाया था। आरोप है कि उनके पड़ोसी हीरा नायक, मोती नायक एवं उनके परिवार के सदस्यों जैसे कि मन्ना नायक,बुदधनी बाई,खममू नायक,नवल नायक ने उनकी जमीन और मकान पर कब्जा करने की नीयत से सोना बाई के घर के सामने स्थित पचासा वाली जमीन से सटाकर निर्माण कर लिया। इसको लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुष्पराजगढ़ तहसील से होते हुए एसडीएम न्यायालय तक पहुंच गया।

न्यायालय से जीत मिली, लेकिन जमीन पर न्याय कब मिलेगा?

बताया जाता है कि लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद सोना बाई नायक को न्यायालय से राहत मिली और उनके पक्ष में बेदखली का आदेश भी पारित हुआ। इसके बावजूद पीड़िता का आरोप है कि संबंधित लोगों के विरुद्ध आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है।

सवाल यह है कि जब न्यायालय का आदेश मौजूद है, तो फिर उसका पालन कराने में प्रशासनिक मशीनरी को आखिर परेशानी क्या है? क्या न्यायालयीन आदेश केवल कागजों तक सीमित रह जाएंगे? क्या एक महिला को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए जीवनभर सरकारी कार्यालयों और पुलिस थानों के चक्कर लगाने पड़ेंगे?

महिला सुरक्षा के दावों के बीच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल

सबसे गंभीर सवाल अनूपपुर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर खड़ा हो रहा है। एक ओर महिला सुरक्षा और संवेदनशीलता की बातें की जाती हैं, दूसरी ओर सोना बाई नायक जैसी पीड़िता न्यायालयीन दस्तावेजों और शिकायतों के साथ कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रही है।

पिछले दिनों एक अन्य शिकायत के आधार पर अनूपपुर जिले से शहडोल जिले तक अधिकारियों के पहुंचने और एक दंपति को ले जाने की घटना भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी थी। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब किसी शिकायत पर प्रशासन और पुलिस इतनी तत्परता दिखा सकते हैं, तो फिर न्यायालयीन आदेश और दस्तावेजों के साथ न्याय की गुहार लगा रही सोना बाई नायक के मामले में वैसी सक्रियता क्यों दिखाई नहीं दे रही?

क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा प्रशासन?

आखिर सोना बाई नायक को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन कब जागेगा? क्या पुलिस और प्रशासन किसी बड़ी अप्रिय घटना के घटित होने का इंतजार कर रहे हैं? क्या पीड़िता की शिकायतों और न्यायालयीन आदेशों की कोई अहमियत नहीं है?

पीड़िता के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी जवाबदेही तय की जानी चाहिए। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि बेदखली आदेश के क्रियान्वयन में अब तक देरी क्यों हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग

अब जरूरत है कि अनूपपुर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक इस मामले को गंभीरता से लें। संबंधित राजस्व अधिकारियों से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब कर न्यायालयीन आदेश का नियमानुसार पालन सुनिश्चित कराया जाए। पीड़िता सोना बाई नायक को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

कानून का राज तभी स्थापित होगा, जब न्यायालय के आदेशों का पालन होगा। अन्यथा दबंगों के हौसले बुलंद रहेंगे और कमजोर तथा असहाय लोग न्याय की उम्मीद में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते रहेंगे।

अब सवाल सिर्फ सोना बाई नायक का नहीं, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही और आम नागरिक के न्याय पाने के अधिकार का है।

 भारत ज्योति विद्यालय अनूपपुर में वार्षिक उत्सव ‘बी.जे.वी. स्पंदन 2026’ का भव्य आयोजन; पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने सराही बच्चों की प्रस्तुतियाँ








अनूपपुर । शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान भारत ज्योति विद्यालय में 5 नवंबर 2026 को वार्षिक उत्सव ‘बी.जे.वी. स्पंदन 2026’ का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस वर्ष के रंगारंग कार्यक्रम की मुख्य विषयवस्तु ‘शांति और सौहार्द’ रखी गई थी, जिसके अंतर्गत बच्चों ने अपनी कला और प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे का अनूठा संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया।

‘शांति और सौहार्द’ पर आधारित शानदार प्रस्तुतियाँ

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों तक ने शांति, एकता और सौहार्द की विषयवस्तु को सजीव करते हुए एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। देशभक्ति, सांस्कृतिक सद्भाव और विविधता में एकता को दर्शाते नृत्य, नाटक और संगीतमय प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर में ऊर्जा और उल्लास का वातावरण बना दिया। बच्चों के आत्मविश्वास और मंच पर उनकी कलात्मक प्रतिभा ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सभी का दिल जीत लिया।

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी एवं विशेष अतिथि फादर सनी कुरीविला की गरिमामयी उपस्थिति

इस वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी जी ने शिरकत की, वहीं विशेष अतिथि के रूप में शहडोल धर्मप्रांत के अधिष्ठाता फादर सनी कुरीविला उपस्थित रहे। उनके आगमन पर प्राचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर, उप-प्रधानाचार्या सिस्टर जिस मारिया, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और ‘शांति और सौहार्द’ की विषयवस्तु की विशेष रूप से सराहना की।

बचपन की यादों में खोए पुलिस अधीक्षक

बच्चों की शानदार प्रस्तुतियाँ देखकर पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी जी भावुक और आनंदित नजर आए। उन्होंने अपने संबोधन में साझा किया कि इस रंगारंग और ऊर्जा से भरपूर कार्यक्रम को देखकर उन्हें अपने विद्यालय के दिनों और बचपन की सुनहरी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि आज के बच्चों में जो अनुशासन, ऊर्जा और कलात्मकता देखने को मिली है, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।

बच्चों को दिया सफलता का मूलमंत्र

पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी जी ने बच्चों की लगन, कड़ी मेहनत और अनुशासन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया कि “लगन और दृढ़ मेहनत से किया गया हर कार्य अपनी मंजिल तक अवश्य पहुँचता है।” उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाकर जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ें।

विद्यालय परिवार ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर ने मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी जी को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं के परिश्रम की सराहना की। राष्ट्रगान के साथ इस भव्य वार्षिक उत्सव का समापन हुआ।


शसकीय कन्या शिक्षा परिसर लखौरा में विधि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ संपन्न


अनूपपुर । म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन  में आज दिनांक 4 नवंबर 2026 को तहसील विधिक सेवा समिति, सिविल न्यायालय राजेन्द्रग्राम द्वारा शासकीय कन्या शिक्षा परिसर लखौरा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम श्रीमान सुनील कुमार खरे, व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-1 द्वारा सुरक्षित बचपन बचाओ अभियान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान किया गया एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान किया गया। उक्त कार्यक्रम में विद्यालय स्टॉप एवं छात्राएं उपस्थित रहें।

 *सुरक्षित बचपन अभियान के अन्‍तर्गत संस्कार लॉ कॉलेज अनूपपुर में कार्यशाला का आयोजन




* 

अनूपपुर । मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल  महोदया के मार्गदर्शन में दिनांक 01 नवम्‍बर 2026 से 06 नवम्‍बर, 2026 तक आयोजित होने वाले सुरक्षित बचपन अभियान अन्‍तर्गत संस्कार लॉ कॉलेज, अनूपपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला न्‍यायाधीश श्रीकृष्‍ण डागलिया द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान अन्‍तर्गत बच्‍चों से जुडें अधिकारों एवं बच्‍चों के संरक्षण से संबंधित प्रभावी विधियों की जानकारी प्रदान की गई। इस के साथ ही साथ उन्‍होने पाक्‍सों अधिनियम की जानकारी दी। न्‍यायाधीश श्रीमती विधि डागलिया द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों को मानव तस्करी एवं वाणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना, 2015 तथा नाबालिग बच्चों के मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं योजना, 2024 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी  बृजेश पटेल द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सलाह, मध्‍यस्‍थता एवं दिनांक 12 दिसम्‍बर, 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत की जानकारी दी।  

उक्‍त कार्यक्रम में महा विद्यालय के प्राचार्य  आनन्‍द कुमार द्विवेदी, सहा.  प्राध्यापक अनुराग पाल,  पुष्‍पेन्‍द्र कुमार पटेल,  विद्यासागर माझी,  केवल चंद गोस्‍वामी, श्रीमती गरिमा मिश्रा एवं श्रीमती सरिता चौरसिया व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।

 माँ मनोकामना समिति के तत्वावधान में काली पूजन महोत्सव का 7वाँ वर्ष, 7 नवंबर को गाजे-बाजे के साथ आएंगी


 

अनूपपुर । माँ मनोकामना समिति अनूपपुर के तत्वावधान में दीपावली के शुभ अवसर पर काली पूजन महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव अपने 7वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।

      समिति के अध्यक्ष शुभम ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम राम जानकी मंदिर,वार्ड क्रमांक 04, अनूपपुर के पास आयोजित होगा।

           कार्यक्रम विवरण इस प्रकार है-7 नवंबर 2026 (शनिवार)भव्य गाजे-बाजे के साथ माँ का आगमन। श्रद्धालुओं का एकत्रीकरण शाम 4 बजे राम जानकी मंदिर में होगा,वहाँ से सभी श्रद्धालु शाम 5 बजे थोक सब्जी मंडी जाएंगे और माँ की प्रतिमा को शोभा यात्रा के साथ लेकर राम जानकी मंदिर प्रांगण के पास लाया जाएगा।

             8 नवंबर 2026 रात्रि 11 बजे से माँ काली का विशेष पूजन-अर्चन। 9 नवंबर 2026 प्रातः 10 बजे कन्या पूजन एवं विशाल भंडारा,सायं 7 बजे से महाआरती एवं देवी जागरण।10 नवंबर 2026 सायं 4 बजे से भव्य विसर्जन जुलूस समारोह।

    मनोकामना समिति के अध्यक्ष शुभम ठाकुर ने बताया कि प्रतिवर्ष माँ को चाँदी का श्रृंगार अर्पित किया जाता है, इस वर्ष विशेष रूप से माँ को चाँदी का मुकुट अर्पित किया जाएगा।

  उन्होंने कहा कि अनूपपुर में माँ काली को माँ मनोकामना के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन से अर्जी लगाने पर माँ सभी मनोकामनाएँ पूर्ण करती हैं।इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है कि समिति को शुरुआती दो वर्षों के बाद से कभी स्वयं प्रतिमा स्थापित नहीं करनी पड़ी।हर वर्ष भक्तों द्वारा प्रतिमा स्थापना कराई जा रही है और आने वाले कई वर्षों तक के लिए एडवांस बुकिंग हो चुकी है।

           समिति ने सभी नगरवासियों एवं श्रद्धालुजनों से सपरिवार पधारकर माँ के आगमन और पूजन उत्सव में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।


भारत ज्योति विद्यालय में दिव्यांग छात्रावास के बच्चों के साथ हर्षोल्लास एवं आत्मीयता से मनाई गई दीपावली





अनूपपुर। दीपावली केवल दीपों, रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सद्भाव, अपनत्व, समानता और मानवता का संदेश देने वाला पर्व भी है। इसी भावना को साकार करते हुए भारत ज्योति विद्यालय, अनूपपुर में 2 नवंबर को दीपावली का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिव्यांग छात्रावास के बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, ताकि वे भी विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ मिलकर त्योहार की खुशियों का अनुभव कर सकें और अपनेपन के साथ इस उत्सव का हिस्सा बनें।

विद्यालय के प्राचार्य फादर जी. अलेक्जेंडर के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बीच आपसी प्रेम, समानता, सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम में दिव्यांग छात्रावास से आए बच्चों का विद्यालय परिवार द्वारा अत्यंत आत्मीयता एवं गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। विद्यालय का वातावरण उत्साह, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीपों की पावन ज्योति ने अंधकार पर प्रकाश की विजय के साथ-साथ सभी के जीवन में ज्ञान, आशा और खुशियों का संदेश दिया। इसके पश्चात प्रार्थना गीत, मनमोहक नृत्य एवं संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी सुंदर एवं यादगार बना दिया। बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और मुस्कान ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

इस आयोजन का सबसे विशेष एवं भावुक क्षण वह था, जब भारत ज्योति विद्यालय और दिव्यांग छात्रावास के बच्चे सभी भेदभावों से ऊपर उठकर एक परिवार की तरह एक साथ दीपावली मनाते नजर आए। बच्चों ने एक-दूसरे के साथ खुशियाँ साझा कीं, पटाखे फोड़े और दीपावली के उत्सव का भरपूर आनंद लिया। उनके चेहरों पर खिलती मुस्कान और आँखों में दिखाई देने वाली खुशी इस बात का प्रमाण थी कि सच्चा आनंद दूसरों के साथ खुशियाँ बाँटने में ही निहित है।

इस अवसर पर विद्यालय की ओर से दिव्यांग छात्रावास के बच्चों को उपहार भेंट किए गए, जिससे उनके उत्साह और प्रसन्नता में और वृद्धि हुई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बनता था। इसके पश्चात सभी बच्चों ने एक साथ बैठकर स्नेहपूर्वक दोपहर का भोजन किया। साथ बैठकर भोजन करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समानता, आत्मीयता और आपसी जुड़ाव का सुंदर प्रतीक बना।

इस कार्यक्रम का महत्व केवल दीपावली मनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने बच्चों को जीवन का एक महत्वपूर्ण सामाजिक और मानवीय संदेश भी दिया। दिव्यांगता किसी व्यक्ति की प्रतिभा, क्षमता, सम्मान या खुशियाँ अनुभव करने के अधिकार को कम नहीं करती। समाज का प्रत्येक बच्चा समान प्रेम, सम्मान, अवसर और अपनत्व का अधिकारी है। ऐसे आयोजन बच्चों के मन से भेदभाव की भावना को दूर कर उनमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय के विद्यार्थियों को भी इस आयोजन के माध्यम से यह सीख मिली कि हमें किसी व्यक्ति को उसकी शारीरिक स्थिति या क्षमताओं के आधार पर नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में देखना चाहिए। किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना, किसी को अपनापन देना और किसी की खुशियों में सहभागी बनना ही सच्ची सेवा और मानवीयता है। इस प्रकार के सामूहिक आयोजन बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, करुणा, सहानुभूति और समावेशी सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

फादर जी. अलेक्जेंडर के मार्गदर्शन में आयोजित यह समारोह सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया। इस अवसर ने यह सुंदर संदेश दिया कि त्योहारों की सार्थकता तभी है, जब उनकी खुशियों में समाज का प्रत्येक व्यक्ति सहभागी बने। वास्तव में, भारत ज्योति विद्यालय की यह दीपावली केवल दीपों और आतिशबाजी का उत्सव नहीं रही, बल्कि प्रेम, समानता, संवेदनशीलता, मानवता और आपसी अपनत्व के दीप जलाने का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई।

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget