मंत्रोच्चारण, विधि विधान से 51 बटुकों का उप नयन संस्कार सम्पन्न
अक्षय तृतीया, परशुराम जयंती पर्व पर नगर में निकाली गयी शोभायात्रा
अनूपपुर / 30 अप्रैल को जिला मुख्यालय अनूपपुर में ब्राम्हण समाज सेवा समिति अनूपपुर द्वारा अक्षय तृतीया परशुराम जयंती का पर्व हर्षोल्लास और पूर्ण श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। आशीर्वाद मैरिज गार्डन में आचार्य डा तीरथ प्रसाद द्विवेदी, पं अजय शास्त्री, पं मधुवन पाण्डेय, पं आलोक द्विवेदी, पं सुनील मिश्रा, पं राम सुशील शर्मा, पं राहुल परौहा ने आचार्य पीठ से मंत्रोच्चारण और विधि विधान का पालन करवाते हुए जिले भर से आए 51 बटुकों का उप नयन संस्कार सम्पन्न करवाया। समिति ने सभी बटुकों और उनके परिजनों के लिये सम्पूर्ण व्यवस्था की। आचार्य गणों ने उप नयन संस्कार से जुड़े सभी कार्यों को ढोल - नगाड़े और मंगलाच्चारण के बीच उपनयन संस्कार करवाया।
*निकाली गयी शोभा यात्रा*
30 अप्रैल बुधवार, वैशाख मास शुक्ल पक्ष तृतीया तिथि (अक्षय तृतीया) को भगवान श्री परशुराम जयंती के पावन अवसर पर शायं 5:00 बजे से जिला मुख्यालय स्थित अमरकंटक चौक आशीर्वाद मैरिज गार्डन से भगवान विष्णु के छठवें अवतार परशुराम भगवान के जन्मोत्सव पर ब्राम्हण समाज सेवा समिति अनूपपुर के द्वारा भव्य एवं पारंपरिक शोभा यात्रा निकाली गयी। इससे पहले प्रात: 7 बजे से सामूहिक उपनयन संस्कार का कार्यक्रम शायं 5 बजे पूर्ण हुआ। भगवान श्री परशुराम जी के पूजन उपरांत पुण्य श्लोकों का पाठन कर यात्रा प्रारम्भ की गयी। शोभा यात्रा में सभी बटुकाय, उनके परिजनों और जिले के अलग - अलग स्थानों से आए गणमान्य जनों ने सहभागिता की। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शंकर मंदिर चौक पहुंची। जहां भगवान परशुराम जी के पूजन उपरांत यात्रा अमरकंटक तिराहा में सम्पन्न हुई। इस यात्रा में अनूपपुर, चचाई, अमलाई, जैतहरी, कोतमा, बिजुरी, राजनगर, पसान, अमरकंटक, राजेन्द्रग्राम के समस्त विप्र बंधुओं और गणमान्यजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
*सामूहिक भंडारे में शामिल हुए लोग*
शोभायात्रा के पश्चात कार्यक्रम स्थल आशीर्वाद मैरिज गार्डन में शायं 8.00 बजे से विशाल भण्डारा का आयोजन किया गया । जिसमें सैकडों लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया
*समाज को कुरीतियों से मुक्त करने का संकल्प*
51 बटुकों के सामूहिक उप नयन संस्कार के दौरानआचार्यों ने बटुकों और ब्राम्हण समाज को नशामुक्त रहने, कुरीतियों और अपव्यय से बचने, सामूहिक विवाह, दिन में विवाह, सामूहिक उपनयन संस्कार, दहेज मुक्त विवाह, नशा मुक्त समाज निर्माण जैसे सुविचारों का संकल्प दिलाया गया। जिले में पहली बार इतनी बडी संख्या में बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार आयोजित किया गया।
*शोभा यात्रा में शामिल हुए स्वामी लवलीन महाराज*
परमहंस आश्रम अमरकंटक के संत स्वामी श्री लवलीन महाराज के नेतृत्व में आशीर्वाद मैरिज गार्डन से इंदिरा चौक और वहां से वापस अमरकंटक चौक होकर शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल में पूर्ण हुई। स्वामी श्री लवलीन महाराज , परम हंस आश्रम शाखा अमरकंटक , अध्यक्षता जगत् गुरु महाराज श्री दंडी महाराज जी हनुमान जी धाम खाम्हीडोल , विशिष्ट अतिथि प्रेम कुमार त्रिपाठी संरक्षक ब्राह्मण समाज सेवा समिति, रामनरेश त्रिपाठी वरिष्ठ अधिवक्ता , शंभू प्रसाद शर्मा, पूर्व महामंत्री ब्राह्मण समाज सेवा समिति, प्रमोद शर्मा संरक्षक ब्राह्मण समाज सेवा समिति, श्रीमती प्रवीण द्विवेदी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, श्रीमती सुधा शर्मा संरक्षक ब्राह्मण समाज सेवा समिति ने मंचीय कार्यक्रम के द्वारा उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए संबोधित किया।
*हजारों गणमान्य जनों ने की सहभागिता*
समिति के अध्यक्ष रामप्रकाश द्विवेदी , महामंत्री अनिल तिवारी, संगठन मंत्री ब्रजभूषण शुक्ला के साथ कार्यक्रम में जिले भर से सैकडों गणमान्य लोग, पदाधिकारियों ,बटुकों और उनके परिजनों ने उपस्थित होकर उपनयन संस्कार एवं भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया |