*राष्ट्रीय सेवा योजना का 57वाँ स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गयाnarmadanewstimes. in

 *राष्ट्रीय सेवा योजना का 57वाँ स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया


* 

अनूपपुर। 24 सितंबर 2026 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का 57वाँ स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रो. अनिल कुमार सक्सेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की विशिष्ट वक्ता डॉ. राधा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि NSS केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित रूप से सामाजिक सेवा गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. विनोद कुमार कौल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में सेवा भावना की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने NSS स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. तरन्नुम सरवत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके समाधान में योगदान देना ही सच्ची सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पोस्टर, रंगोली एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने सराहा। कार्यक्रम के अवसर पर प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक डॉ. ज्ञान प्रकाश पाण्डेय एवं कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूनम धांडे के द्वारा किया गया। इस अवसर पर NSS के वरिष्ठ स्वयंसेवक सत्यम केसरवानी, राहुल साहू, हेमंत, सतीश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्ञान प्रकाश पाण्डेय ने किया। अंत में सुश्री पूनम धांडे ने अतिथियों, प्राध्यापकों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget