*शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
*
अनूपपुर । आज दिनांक 12/03/2026 जिले के अग्रणी शैक्षणिक संस्थान पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में आज उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के सेमिनार कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सक्सेना के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सेडमैप अनूपपुर के जिला समन्वयक रवि कुमार वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने वक्तव्य में विद्यार्थियों को उद्यमिता के महत्व, स्वरोजगार के अवसरों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में युवा वर्ग के लिए उद्यमिता एक सशक्त विकल्प बनकर उभरी है, जिसके माध्यम से न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उद्यमिता से संबंधित उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
कार्यक्रम के अन्य वक्ता भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) अनूपपुर के विकास अधिकारी जी. डी. पनिका ने विद्यार्थियों को वित्तीय सुरक्षा, बीमा योजनाओं तथा स्वरोजगार से जुड़े अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की प्रेरणा दी।
इसी क्रम में डीटीआई सी (जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र) अनूपपुर के असिस्टेंट मैनेजर लवकेश नेताम ने भी विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं, स्टार्ट-अप और उद्यम स्थापना से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रहा है, जिनका लाभ लेकर विद्यार्थी अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रो. विनोद कुमार कोल, डॉ. सूरज पारवानी तथा डॉ. तरन्नुम सरवत का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में रसायन विभाग के प्राध्यापक गंगेश कुमार ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे और उन्होंने उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की।

